सारण के रिविलगंज बाजार में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने चलाया बुलडोजर, एक दर्जन से अधिक अवैध दुकानें ध्वस्त
रिविलगंज बाजार में बुलडोजर कार्रवाई से मचा हड़कंप

छपरा। सारण जिले के रिविलगंज नगर पंचायत क्षेत्र में सोमवार को प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक अभियान चलाया। लंबे समय से बाजार क्षेत्र में जमे अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए जैसे ही प्रशासन का बुलडोजर पहुंचा, पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सब्जी मार्केट और मिट (मटन और चिकेन) की दुकानों पर की गई इस कार्रवाई से बाजार की सूरत कुछ ही घंटों में बदल गई।
अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान रिविलगंज नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. कुणाल किशोर, रिविलगंज प्रखंड विकास पदाधिकारी रितेश कुमार सिंह तथा रिविलगंज थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। प्रशासनिक अमले की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर एक दर्जन से अधिक अवैध रूप से बनी दुकानों और ठेलों को हटाया गया।
प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ चलाया बुलडोजर
प्रशासन के बुलडोजर की आमद की खबर मिलते ही दुकानदारों में हड़कंप मच गया। कई दुकानदार आनन-फानन में अपना सामान समेटते नजर आए, जबकि कुछ ने खुद ही अपनी अस्थायी दुकानें हटानी शुरू कर दीं। हालांकि, सख्त प्रशासनिक कार्रवाई के कारण किसी प्रकार की अव्यवस्था या विरोध की स्थिति उत्पन्न नहीं हो सकी।
कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. कुणाल किशोर ने बताया कि रिविलगंज नगर क्षेत्र में अतिक्रमण के कारण आम नागरिकों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। विशेषकर बाजार क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालय की सुविधा नहीं होने से लोगों को भारी दिक्कत हो रही थी। जिस स्थान पर सार्वजनिक शौचालय का निर्माण प्रस्तावित है, वहां वर्षों से अतिक्रमणकारियों का कब्जा था, जिसके चलते विकास कार्य बाधित हो रहा था।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण हटाने से पहले सभी संबंधित दुकानदारों को माइकिंग के माध्यम से नोटिस जारी कर निर्धारित समय सीमा के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया था। बावजूद इसके, चेतावनी को गंभीरता से नहीं लेने पर प्रशासन को सोमवार को बुलडोजर कार्रवाई करनी पड़ी। यह अभियान पूर्व निर्धारित तिथि के अनुसार चलाया गया, जिसमें एक दर्जन से अधिक दुकानों और ठेलों को हटाया गया।
टाउन वेंडिंग कमेटी से जुड़ा लंबित मामला सुलझा
हटाए गए दुकानदारों के पुनर्वास को लेकर भी प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट की है। डॉ. कुणाल किशोर ने बताया कि टाउन वेंडिंग कमेटी से जुड़ा लंबित मामला सुलझा लिया गया है। सारण जिला पदाधिकारी स्तर पर बैठक कर आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं और संबंधित विभाग को सूचना भेज दी गई है। फिलहाल प्रभावित दुकानदारों को पेठिया बाजार में अस्थायी रूप से दुकान लगाने की अनुमति दी गई है, जबकि स्थायी व्यवस्था जल्द सुनिश्चित की जाएगी।
प्रशासन ने दो टूक शब्दों में कहा है कि भविष्य में भी अतिक्रमण के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी कीमत पर सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं, स्थानीय नागरिकों ने बाजार क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त करने की इस कार्रवाई का स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि अतिक्रमण हटने से यातायात व्यवस्था सुचारु होगी और नगर क्षेत्र में स्वच्छता एवं सुविधा का स्तर बेहतर होगा, जो पूरी तरह जनहित में है।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
- July 14, 2026छपराछपरा में बुजुर्गों के लिए बड़ी सौगात: 70 वर्ष से अधिक आयु वालों का होगा पूरी तरह निशुल्क इलाज
- July 14, 2026Railway UpdateSpecial Train: छपरा के रास्ते चलने वाली मऊ-कोलकता स्पेशल ट्रेन का परिचालन अवधि बढ़ा, समय में हुआ बदलाव
- July 14, 2026Railway Updateछपरा के रास्ते चलने वाली ग्वालियर-बरौनी स्पेशल ट्रेन का 21 फेरों के लिए अवधि विस्तार
- July 14, 2026छपरासारण में 900 एकड़ सरकारी जमीन की जमाबंदी रद्द, अवैध कब्जे के खिलाफ DM का बड़ा एक्शन



