छपरा

सारण समेत 10 जिलों के डीटीओ से जवाब तलब, परिवहन मंत्री ने डीटीओ को थमाया शो-कॉज

अब डीटीओ को खुद सड़क पर उतरने का फरमान

छपरा/पटना। राजस्व संग्रह के निर्धारित लक्ष्य को पूरा करने में सारण जिला परिवहन कार्यालय भी पिछड़ गया है। इसको लेकर परिवहन विभाग ने सारण समेत बिहार के करीब 10 जिलों के जिला परिवहन पदाधिकारियों (डीटीओ) को शो-कॉज नोटिस जारी किया है। विभागीय मंत्री दामोदर रावत ने संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगने और उनके विरुद्ध तत्काल विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया है। मंत्री ने साफ कहा कि केवल कार्यालय में बैठकर राजस्व संग्रह का लक्ष्य पूरा नहीं होगा। इसके लिए डीटीओ को खुद फील्ड में उतरना होगा और वाहनों की जांच सहित राजस्व वसूली से जुड़ी कार्रवाई में तेजी लानी होगी।

शुक्रवार को फुलवारीशरीफ स्थित बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) के सभागार में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में राजस्व संग्रह की स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए परिवहन मंत्री ने लक्ष्य के अनुरूप राजस्व प्राप्त नहीं करने वाले जिलों के अधिकारियों पर नाराजगी जताई। जिन जिलों के डीटीओ को शो-कॉज जारी किया गया है, उनमें सारण के अलावा मुंगेर, कैमूर, जहानाबाद, मधेपुरा, लखीसराय, नवादा, बक्सर, खगड़िया और सहरसा शामिल हैं। कुछ अन्य जिलों में भी राजस्व संग्रह की स्थिति संतोषजनक नहीं मिलने पर संबंधित अधिकारियों को चेतावनी दी गई।

सारण समेत 10 जिलों के डीटीओ से जवाब तलब

विभागीय समीक्षा में राजस्व संग्रह के लक्ष्य और उपलब्धि के बीच अंतर सामने आने के बाद मंत्री ने अधिकारियों को जवाबदेह बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि डीटीओ अपने-अपने जिलों में नियमित रूप से प्रवर्तन और जांच अभियान चलाएं। वाहनों के दस्तावेज, नियमों के अनुपालन और राजस्व से जुड़े मामलों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करें। मंत्री ने विभाग को निर्देश दिया कि लक्ष्य से पीछे चल रहे जिलों की प्रगति पर लगातार निगरानी रखी जाए।

जुगाड़ गाड़ियों के परिचालन पर लगेगी रोक

सड़क सुरक्षा को लेकर भी समीक्षा बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। मंत्री ने बिहार की सड़कों पर चलने वाली जुगाड़ गाड़ियों के परिचालन पर पूरी तरह रोक लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इस तरह के वाहनों से सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता है और सड़क सुरक्षा प्रभावित होती है।

इसके साथ ही बिना रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (आरसी) के सड़कों पर चल रहे वाहनों के खिलाफ एक महीने तक विशेष अभियान चलाने और ऐसे वाहनों को जब्त करने का निर्देश दिया गया। आगामी दिवाली और छठ पर्व के दौरान यात्रियों की आवाजाही बढ़ने को देखते हुए बसों में ओवरलोडिंग पर विशेष निगरानी रखने को भी कहा गया।

डीएल आवेदनों का जल्द हो निष्पादन

मंत्री ने लंबित ड्राइविंग लाइसेंस (डीएल) आवेदनों का जल्द निष्पादन करने का निर्देश दिया। डीएल कार्ड की खराब गुणवत्ता से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित एजेंसी को 15 दिनों के भीतर सुधार करने की चेतावनी दी गई। इसके अलावा निर्माणाधीन ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल और बस स्टैंड के निर्माण कार्यों में तेजी लाने को कहा गया।

हिट एंड रन योजना का लाभ पीड़ितों और उनके परिजनों तक समय पर पहुंचाने के लिए डीटीओ को संवेदनशीलता के साथ काम करने का निर्देश दिया गया। सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाने, दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट को दुरुस्त कराने, वाहनों में स्पीड लिमिट डिवाइस की जांच और फिटनेस केंद्रों पर नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

चेकपोस्ट के ईएसआई को मिलेंगे बॉडीवॉर्न कैमरे

चेकपोस्ट पर तैनात प्रवर्तन अवर निरीक्षकों (ईएसआई) के कामकाज की समीक्षा करते हुए मंत्री ने नवादा, कैमूर, गया और गोपालगंज सहित अन्य प्रमुख चेकपोस्टों पर तैनात कर्मियों को बॉडीवॉर्न कैमरा उपलब्ध कराने की बात कही। इससे प्रवर्तन कार्यों में पारदर्शिता और निगरानी को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

सड़क हादसे में घायलों के कैशलेस इलाज का होगा प्रचार

सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को कैशलेस इलाज उपलब्ध कराने वाली प्रधानमंत्री राहत योजना को लेकर भी मंत्री ने निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत के तहत पंजीकृत अस्पतालों में इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। इसके लिए जिला पदाधिकारियों और योजना के नोडल अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर काम करने को कहा गया। थानों में भी जागरूकता बढ़ाने का सुझाव दिया गया, ताकि दुर्घटना के बाद पुलिस घायलों को आयुष्मान भारत से संबद्ध अस्पतालों में भर्ती कराने की प्रक्रिया में मदद कर सके।

इससे पहले परिवहन मंत्री ने पटना डीटीओ कार्यालय के बाहर बनाए गए नए सेल्फी प्वाइंट ‘आई लव पटना डीटीओ’ का उद्घाटन किया। समीक्षा बैठक में विभाग के सचिव राज कुमार, राज्य परिवहन आयुक्त आरिफ अहसन, अपर सचिव प्रवीण कुमार सहित विभाग के अन्य वरीय अधिकारी और सभी जिलों के जिला परिवहन पदाधिकारी उपस्थित थे।

Author Profile

Ganpat Aryan
Ganpat Aryan
वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।

Ganpat Aryan

वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।

Related Articles

Back to top button