
Jewellery shop looted in Saran: सारण जिले के मांझी थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहम्मदपुर बाजार में रविवार को दिनदहाड़े बेखौफ बदमाशों ने एक ज्वेलरी शॉप को निशाना बनाते हुए करीब 20 लाख रुपये की लूट को अंजाम दिया।
दो बाइक पर सवार 6 हथियारबंद बदमाशों ने पिस्टल के बल पर दुकानदार और ग्राहकों को बंधक बना लिया, फिर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी बोरे में भरकर फायरिंग करते हुए फरार हो गए। पूरी वारदात महज दो मिनट में अंजाम दी गई, जिसका CCTV वीडियो भी सामने आया है।
दुकान में घुसते ही पिस्टल तानी, बाजार में मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बदमाश दोपहर करीब 12 बजकर 48 मिनट पर उत्तर दिशा से दो बाइक पर सवार होकर मोहम्मदपुर बाजार पहुंचे। ज्वेलरी शॉप में घुसते ही तीन बदमाश अंदर दाखिल हुए, जिनमें से दो के हाथ में पिस्टल थी। एक बदमाश ने ग्राहकों को गन पॉइंट पर बंधक बना लिया, जबकि अन्य दो तेजी से दुकान में रखे आभूषण बोरे में भरने लगे। इस दौरान ग्राहकों की चीख-पुकार से दुकान में दहशत फैल गई।
फायरिंग कर फैलाया खौफ, लोग भागकर बचाई जान
लूट के दौरान बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी की, जिससे पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। दुकानदारों ने शटर गिरा लिए और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। वारदात के बाद सभी बदमाश फायरिंग करते हुए उत्तर दिशा की ओर फरार हो गए।
लॉकर खुलवाने की धमकी, बच्चे को भी नहीं बख्शा डर
दुकान संचालक बृज बिहारी गुप्ता ने बताया कि उस वक्त दुकान में कुछ ग्राहक मौजूद थे और उन्हें आभूषण दिखाए जा रहे थे। तभी बदमाश पहुंचे और हथियार के बल पर लूटपाट शुरू कर दी। वहीं पीड़ित अरुण कुमार गुप्ता ने बताया कि एक बदमाश गाली-गलौज करते हुए उनके पिता के पास पहुंचा और पिस्टल दिखाकर लॉकर खोलने की धमकी दी। उस समय पिता की गोद में एक बच्चा था, जो डर से रोने लगा। बच्चे को लेकर बाहर जाने की कोशिश पर भी बदमाशों ने पिस्टल तानकर रोक दिया।
CCTV फुटेज में कैद पूरी वारदात
घटना का CCTV वीडियो सामने आया है, जिसमें साफ दिख रहा है कि तीन बदमाश दुकान के अंदर हैं, दो के हाथ में पिस्टल है और एक बदमाश ग्राहकों को बंधक बनाए हुए है। अन्य बदमाश तेजी से बोरे में ज्वेलरी भरते नजर आ रहे हैं। महज दो मिनट में बदमाश आभूषण और नकदी लेकर फरार हो जाते हैं।
पुलिस जांच में जुटी, बदमाशों की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही मांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सदर SDPO राजकुमार ने बताया कि मोहम्मदपुर बाजार की ज्वेलरी शॉप में लूट की घटना हुई है। CCTV फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है। आसपास के इलाकों में छापेमारी शुरू कर दी गई है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
दिनदहाड़े हुई इस बड़ी लूट ने एक बार फिर जिले की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं और व्यापारियों में भय का माहौल पैदा कर दिया है।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
- September 18, 2026छपरासारण में 8 नये नगर पंचायतों का प्रस्ताव, रिविलगंज समेत 4 का नगर परिषद में होगा उत्क्रमण
- September 17, 2026छपराछपरा सदर अस्पताल में बदलाव का खाका तैयार, 31 अक्टूबर तक बदलेगी कई व्यवस्थाएं, डीएम ने तय की समय-सीमा
- September 17, 2026क्राइमChhapra News: पिकअप का गेट खुलते ही सामने आया काला कारोबार, 2400 लीटर स्प्रिट के साथ चालक गिरफ्तार
- September 15, 2026बिहारबिहार के 4,688 पंचायतों में पहुंचा बैंक सखी नेटवर्क, 14.33 लाख से अधिक बैंक खाते खुले



