छपरा में रामनवमी के दौरान डीजे बजाने पर रोक, ड्रोन कैमरे से होगी निगरानी
असामाजिक तत्वों पर होगी कड़ी कार्रवाई

छपरा। आगामी रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक रणनीति तय की गई।
असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई के निर्देश
बैठक में सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि अधिक से अधिक असामाजिक तत्वों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करें। इसके लिए सभी थानाध्यक्षों को आवश्यक प्रस्ताव भेजने को कहा गया है। आवश्यकता पड़ने पर कैंप कोर्ट के माध्यम से बाउंड डाउन की कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए।
शोभायात्रा को लेकर विशेष तैयारी
रामनवमी के अवसर पर निकलने वाली शोभायात्राओं को लेकर विशेष तैयारी के निर्देश दिए गए। शोभायात्रा मार्गों पर बिजली एवं अन्य तारों का सत्यापन कर उन्हें सुरक्षित ऊंचाई पर कराने का जिम्मा विद्युत विभाग को सौंपा गया है। वहीं, निर्माणाधीन खुले नालों को तत्काल ढंकने तथा पूरे रूट में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया।
मद्यनिषेध और आपात सेवाएं रहेंगी अलर्ट
मद्यनिषेध कानून के प्रभावी अनुपालन को लेकर उत्पाद विभाग और पुलिस को संयुक्त रूप से सख्त निगरानी रखने को कहा गया है। उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा फायर ब्रिगेड, अस्पताल एवं एम्बुलेंस सेवाओं को भी पूरी तरह अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया गया है।
डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शोभायात्रा में डीजे का उपयोग पूर्णतः वर्जित रहेगा। सभी थानाध्यक्षों को डीजे संचालकों के साथ बैठक कर इसकी जानकारी देने तथा उल्लंघन की स्थिति में उपकरण जब्त करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही किसी भी प्रकार के अश्लील या भड़काऊ गीत बजाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
ड्रोन कैमरे और वीडियोग्राफी से निगरानी
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सभी जुलूसों की लगातार वीडियोग्राफी कराई जाएगी तथा ड्रोन कैमरों के माध्यम से भी निगरानी रखी जाएगी। सोशल मीडिया पर विशेष नजर रखते हुए अफवाह फैलाने या आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
खुफिया तंत्र और फ्लैग मार्च पर जोर
बैठक में खुफिया तंत्र को और सक्रिय करने पर भी जोर दिया गया। चौकीदार परेड के माध्यम से सूचनाएं एकत्र कर समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही 26 मार्च को जिलेभर में फ्लैग मार्च निकालने का निर्णय लिया गया।
बैठक में अधिकारी रहे मौजूद
इस बैठक में अपर समाहर्ता, अपर समाहर्ता (विधि-व्यवस्था), अनुमंडल पदाधिकारी सदर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे, जबकि अन्य अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
अंत में प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रामनवमी के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
Author Profile

- अंकिता कुमारी पत्रकारिता की छात्रा हैं। वर्तमान में वह संजीवनी समाचार डॉट कॉम के साथ इंटर्नशिप कर रही हैं और समाचार लेखन व फील्ड रिपोर्टिंग में सक्रिय रूप से जुड़ी हुई है।
Latest entries
छपराMay 17, 2026सारण के इस गांव ने बदल दी वर्षों पुरानी परंपरा! मृत्यु भोज पर लगाया सामाजिक ब्रेक
पटनाMay 16, 2026अब बालगृह के बच्चे भी बनेंगे होटल मैनेजर और उद्यमी, 14 क्षेत्रों में मिलेगा फ्री प्रशिक्षण
पटनाMay 16, 2026अब दिव्यांगजनों के लिए पटना में चलेंगी 14 स्पेशल बसें, सीढियों की जगह होगा रैंप
पटनाMay 16, 2026अब किसानों को ईख मित्र ऐप से मिलेगी गन्ना खेती की जानकारी







