
छपरा। सारण पुलिस ने एक बार फिर त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए शहर के चर्चित चिकित्सक अपहरण कांड में बड़ी सफलता हासिल की है। छपरा में डॉक्टर अपहरण के प्रयास के मामले में पुलिस ने एनकाउंटर के बाद दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ छपरा–मांझी मुख्य मार्ग पर पीएन सिंह कॉलेज के आसपास हुई, जहां अपराधियों की गोलीबारी का पुलिस ने मुस्तैदी से जवाब दिया।
गिरफ्तार दोनों अपराधियों की पहचान रंजन राय (निवासी- छपरा शहर) और सोनू राय (निवासी- अवतार नगर) के रूप में हुई है। जवाबी कार्रवाई में दोनों अपराधियों के पैर में गोली लगी है, जिन्हें इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही सारण के पुलिस अधीक्षक डॉ. कुमार आशीष स्वयं अस्पताल पहुंचे और घायल अपराधियों से पूछताछ की।
कैसे हुआ एनकाउंटर
एसएसपी डॉ. कुमार आशीष ने बताया कि डॉक्टर अपहरण के प्रयास को बेहद गंभीरता से लेते हुए एसआईटी (विशेष जांच दल) का गठन किया गया था। एएसपी रामपुकार सिंह के नेतृत्व में गठित एसआईटी लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी क्रम में जब पुलिस हथियार बरामदगी के लिए दोनों आरोपियों को पीएन सिंह कॉलेज के पास लेकर पहुंची, तो अपराधियों ने अचानक पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों अपराधी घायल होकर पकड़े गए।
अब तक 5 आरोपी गिरफ्तार, मास्टरमाइंड भी पकड़ाया
पुलिस के अनुसार इस कांड में अब तक कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पूछताछ में सामने आया है कि अपहरण का प्रयास व्यावसायिक प्रतिद्वंद्विता के कारण कराया गया था। अपराधी पेशेवर हैं और पैसे लेकर वारदात को अंजाम देने की बात सामने आई है। इस पूरे षड्यंत्र के मास्टरमाइंड को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
क्या था पूरा मामला
दिनांक 17 दिसंबर 2025 की रात करीब 10:20 बजे, छपरा शहर के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. सजल कुमार अपनी क्लिनिक से साधना पुरी स्थित आवास लौट रहे थे। इसी दौरान चार-पांच अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर उन्हें घेर लिया और पिस्तौल दिखाकर उनकी कार में जबरन बैठा लिया। ड्राइवर और केयरटेकर को भी साथ ले जाया गया।
म्युनिसिपल चौक से आगे शीशमहल होटल रोड के पास मौका पाकर डॉ. सजल कुमार चलती गाड़ी से कूदकर होटल की ओर भागे। आसपास लोगों को देखकर अपराधी घबरा गए और फरार हो गए। भागने के दौरान अपराधियों की कार एक बिजली के खंभे से टकरा गई, जिसके बाद वे वाहन छोड़कर फरार हो गए। जाते-जाते वे डॉक्टर के दो मोबाइल फोन भी साथ ले गए थे।
पुलिस का सख्त संदेश
सारण पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। इस मामले में आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी और सभी संलिप्त अपराधियों को कानून के शिकंजे में लाया जाएगा। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से जिले में अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
- August 16, 2026क्राइमChhapra Crime News: सारण में हुई रोहित हत्याकांड में पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा
- August 16, 2026बिहारSmart Meter Rollout: बिहार में 1.30 करोड़ और उपभोक्ताओं के घर लगेगा स्मार्ट प्रीपेड मीटर
- August 15, 2026क्राइमसारण में बोलबम की आड़ में अंतरजिला शराब तस्करी का भंडाफोड़, लाखों की अंग्रेजी शराब के साथ 8 गिरफ्तार
- August 15, 2026छपराट्रायल में ही फेल हुआ रिविलगंज का विद्युत शवदाह गृह, करोड़ों की योजना, पहला टेस्ट में ही फेल



