पंकज यादव के घर पहुंचे खेसारी लाल यादव, बोले- “अपराधियों को मिले फांसी की सजा”, परिजनों को दी आर्थिक सहायता
डबल मर्डर केस के मुख्य गवाह थे पंकज यादव, हत्या के बाद पहली बार परिवार से मिले भोजपुरी अभिनेता

छपरा। शहर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मेथवलिया गांव निवासी पंकज यादव की हत्या के बाद सोमवार को भोजपुरी अभिनेता एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी खेसारी लाल यादव उनके घर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की, परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान की तथा दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर उन्हें फांसी की सजा दिलाने की मांग की। खेसारी लाल यादव ने कहा कि पंकज यादव की हत्या केवल एक व्यक्ति की हत्या नहीं, बल्कि एक पूरे परिवार के भविष्य पर हमला है। उन्होंने राज्य में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि अब बिहार में खुद उन्हें भी डर लगने लगा है।
28 जून को गोली माकर हुई थी हत्या
गौरतलब है कि मेथवलिया गांव निवासी पंकज यादव की 28 जून 2026 की रात्रि अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस हमले में उनके भाई भी गंभीर रूप से घायल हुए थे। पंकज यादव चर्चित अधिवक्ता डबल मर्डर केस के मुख्य गवाह थे। उनकी हत्या के बाद जिले सहित पूरे बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठे थे। वहीं सोशल मीडिया पर लगातार यह मांग उठ रही थी कि विधानसभा चुनाव के दौरान पंकज यादव का सहयोग प्राप्त करने वाले खेसारी लाल यादव को पीड़ित परिवार से मिलना चाहिए।
Pankaj Yadav Murder Case: सारण में पंकज यादव हत्याकांड में मुख्य शूटर समेत 4 अपराधी गिरफ्तार, SSP ने किया खुलासा
सोमवार को खेसारी लाल यादव मेथवलिया गांव पहुंचे और सबसे पहले दिवंगत पंकज यादव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने मृतक की पत्नी अंजली देवी, माता-पिता तथा अन्य परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान घर का माहौल बेहद भावुक हो गया।
आदमी की जान भेड़-बकरियों से भी सस्ती हो गई
मीडिया से बातचीत में खेसारी लाल यादव ने बिहार की कानून-व्यवस्था पर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा आज बिहार में मुझे भी डर लगने लगा है। ऐसा लगता है कि आदमी की जान की कोई कीमत नहीं रह गई है। इंसान की जिंदगी भेड़-बकरियों से भी सस्ती हो गई है। आखिर कब तक निर्दोष लोगों की इस तरह हत्या होती रहेगी? उन्होंने कहा कि अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि दिनदहाड़े लोगों की हत्या की जा रही है। यदि ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो आम लोगों का कानून से भरोसा उठ जाएगा।
पंकज की हत्या केवल एक व्यक्ति की नहीं, पूरे परिवार की त्रासदी
खेसारी लाल यादव ने कहा कि पंकज यादव की हत्या ने एक परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है।उन्होंने कहा यह सिर्फ पंकज यादव की हत्या नहीं है। अपराधियों ने एक मां से उसका बेटा, एक पत्नी से उसका सुहाग और दो मासूम बच्चों से उनके पिता को छीन लिया है। ऐसे अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए।उन्होंने सरकार और पुलिस प्रशासन से मांग की कि इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराई जाए तथा सभी दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर फांसी की सजा दिलाई जाए।
दोनों मासूम बेटों को गले लगाकर हुए भावुक
मुलाकात के दौरान खेसारी लाल यादव मृतक पंकज यादव के दोनों छोटे बेटों से मिले। उन्होंने दोनों बच्चों को गले लगाया, उनका हौसला बढ़ाया और स्नेहपूर्वक दुलार किया। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोग भी भावुक हो गए। खेसारी लाल यादव ने परिवार को आर्थिक सहायता भी प्रदान की। हालांकि उन्होंने सहायता राशि का खुलासा नहीं किया। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में वह परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं और भविष्य में भी हरसंभव सहयोग करते रहेंगे।
हरसंभव मदद का दिया भरोसा
खेसारी लाल यादव ने कहा कि वह केवल संवेदना व्यक्त करने नहीं आए हैं, बल्कि न्याय की लड़ाई में भी परिवार के साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो वह प्रशासन और सरकार के समक्ष भी इस मामले को मजबूती से उठाएंगे ताकि दोषियों को जल्द से जल्द कड़ी सजा मिल सके।
पत्नी ने भी लगाई न्याय की गुहार
मृतक पंकज यादव की पत्नी अंजली देवी ने कहा कि उनके पति किसी से दुश्मनी नहीं रखते थे, फिर भी अपराधियों ने उनकी निर्मम हत्या कर दी। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि इस जघन्य हत्याकांड में शामिल सभी अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर उन्हें फांसी की सजा दिलाई जाए, ताकि उनके परिवार को न्याय मिल सके और भविष्य में कोई अन्य परिवार ऐसी त्रासदी का शिकार न हो।
परिजनों ने कहा कि उन्हें न्यायपालिका और पुलिस प्रशासन पर भरोसा है, लेकिन दोषियों के खिलाफ त्वरित और कठोर कार्रवाई होना बेहद जरूरी है। पूरे गांव के लोगों ने भी इस मामले में शीघ्र न्याय दिलाने की मांग दोहराई।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
- August 5, 2026क्राइमChhapra Crime News: अपराध की फिराक में घूम रहे थे बदमाश, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा
- August 5, 2026छपराGMCH Chhapra: छपरा समेत राज्य के 16 मेडिकल कॉलेजों का PPP मोड में होगा संचालन
- August 4, 2026छपरासारण में भूमिहीन परिवारों को मिलेगा जमीन, अभियान बसेरा के तहत होगा 1157 पर्चा का वितरण
- August 4, 2026क्राइमSaran Crime News: सारण पुलिस ने चोरी की बाइक खरीद-बिक्री करने वाले गिरोह के 5 सदस्यों को किया गिरफ्तार



