ट्रेनों की वेटिंग से मिलेगी राहत! छठ पर बिहार से 155 स्पेशल बसें रवाना, 200 तक बढ़ेगी संख्या
टिकट बुकिंग पर यात्रियों को 6 लाख रुपये का अनुदान
पटना। छठ महापर्व पर अपने घर लौटने की तैयारी कर रहे बिहार के लाखों प्रवासियों के लिए राहत भरी खबर है। त्योहारों के दौरान ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट और कन्फर्म टिकट की परेशानी के बीच बिहार सरकार ने अंतरराज्यीय बस सेवाओं का बड़ा इंतजाम किया है। राज्य के अलग-अलग शहरों से दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और झारखंड के लिए 155 विशेष बसों का परिचालन शुरू कर दिया गया है। गुरुवार को परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने फुलवारीशरीफ बस डिपो से इन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
सरकार की इस पहल से दूसरे राज्यों में काम करने वाले बिहार के लोगों को छठ पर्व पर अपने घर और परिवार तक पहुंचने का एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। खास बात यह है कि यात्रियों को बस टिकट बुकिंग पर अनुदान भी दिया जा रहा है। परिवहन मंत्री ने बताया कि एक नवंबर से अब तक बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) की बसों में 746 टिकटों की बुकिंग हो चुकी है। इन बुकिंग पर यात्रियों को करीब छह लाख रुपये का अनुदान दिया गया है। यात्रियों की बढ़ती जरूरत को देखते हुए जल्द ही विशेष बसों की संख्या 155 से बढ़ाकर 200 की जाएगी।
05 से 20 नवंबर तक चलेंगी विशेष बसें
परिवहन मंत्री ने बताया कि विशेष अंतरराज्यीय बसों का परिचालन पांच नवंबर से 20 नवंबर तक किया जाएगा। इसके तहत पटना, मुजफ्फरपुर, गया जी, पूर्णिया, दरभंगा और भागलपुर प्रमंडलों से विभिन्न राज्यों के लिए बसें उपलब्ध कराई गई हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए एसी, नॉन-एसी, सीटर और स्लीपर श्रेणी की बसों की व्यवस्था की गई है।
इन 155 बसों में 32 बसें बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की हैं, जबकि 123 बसों का संचालन पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल के तहत किया जा रहा है। बसों में यात्रियों के लिए पानी और दही की व्यवस्था भी की गई है।
दिल्ली के लिए सबसे अधिक 77 बसें, हरियाणा के लिए 60
विशेष बसों के परिचालन में दिल्ली और हरियाणा को प्राथमिकता दी गई है। दिल्ली के लिए सबसे अधिक 77 बसें निर्धारित की गई हैं। वहीं, हरियाणा के लिए 60 बसें चलाई जा रही हैं। इसके अलावा झारखंड, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल के लिए भी बस सेवाएं शुरू की गई हैं।
राज्यवार बसों की संख्या
| गंतव्य राज्य | बसों की संख्या |
|---|---|
| दिल्ली | 77 |
| हरियाणा | 60 |
| झारखंड | 12 |
| उत्तर प्रदेश | 3 |
| पश्चिम बंगाल | 3 |
| कुल | 155 |
बिहार के इन जिलों से मिलेगी बस सेवा
यात्रियों की सुविधा के लिए अलग-अलग जिलों से गंतव्य राज्यों के लिए रूट निर्धारित किए गए हैं।
1. दिल्ली के लिए बसें:
अररिया, भागलपुर, दरभंगा, गया, किशनगंज, मुजफ्फरपुर, पटना, पूर्णिया, शेखपुरा, सीतामढ़ी, सीवान, सुपौल, मोतिहारी और लखीसराय से दिल्ली के लिए बस सेवाएं निर्धारित की गई हैं।
2. हरियाणा के लिए बसें:
अररिया-गुरुग्राम, भागलपुर-अंबाला, दरभंगा-अंबाला, गया-अंबाला, गया-गुरुग्राम, पटना-अंबाला, पटना-गुरुग्राम, पटना-पानीपत, पूर्णिया-अंबाला और पूर्णिया-पानीपत सहित विभिन्न मार्गों पर बसें चलेंगी।
3. झारखंड के लिए बसें:
आरा-धनबाद, आरा-रांची, पटना-गुमला, पूर्णिया-रांची, नवादा-रांची, गया-रांची, मुजफ्फरपुर-रांची, पटना-रांची और पटना-हजारीबाग सहित विभिन्न मार्गों पर बस सेवा उपलब्ध होगी।
4. उत्तर प्रदेश के लिए बसें:
किशनगंज-गाजियाबाद, लखनऊ-गया, पटना-गाजियाबाद, जटही-अयोध्या और गया-वाराणसी रूट पर बसों का परिचालन निर्धारित किया गया है।
5. पश्चिम बंगाल के लिए बसें:
बेगूसराय-कोलकाता, बेतिया-सिलीगुड़ी, छपरा-सिलीगुड़ी, फारबिसगंज-कोलकाता, गया-कोलकाता, गोपालगंज-सिलीगुड़ी, मोतिहारी-सिलीगुड़ी, पटना-कोलकाता, पूर्णिया-सिलीगुड़ी और दरभंगा-सिलीगुड़ी सहित विभिन्न मार्गों पर बसें चलेंगी।
प्रकाश पर्व पर भी चलेगी अंतरराज्यीय बसें
परिवहन विभाग के सचिव राज कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और परिवहन मंत्री का उद्देश्य त्योहारों के दौरान बिहार के लोगों को अपनी मिट्टी और परिवार से जोड़ना है। इसी सोच के तहत निगम ने विशेष अंतरराज्यीय बस सेवा शुरू की है। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में प्रकाश पर्व के अवसर पर भी बड़ी संख्या में अंतरराज्यीय बसों का परिचालन किया जाएगा। उस दौरान विभिन्न राज्यों से बिहार के लिए बसें चलाई जाएंगी, ताकि बाहर रहने वाले श्रद्धालु और प्रवासी आसानी से बिहार पहुंच सकें।
ऑनलाइन कर सकते हैं टिकट की बुकिंग
विशेष बसों में यात्रा करने के इच्छुक यात्री बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर टिकट बुक कर सकते हैं। टिकट बुकिंग की सुविधा निगम की वेबसाइट https://bsrtc.bihar.gov.in/ पर उपलब्ध है।
कार्यक्रम में निगम के प्रशासक अतुल कुमार, राज्य परिवहन आयुक्त आरिफ अहसन, निगम के अधिकारी-कर्मचारी, परिवहन एजेंसियों के प्रतिनिधि और यात्री मौजूद रहे।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
- November 5, 2026बिहारअब Google Pay, PhonePe और Paytm से भर सकेंगे ट्रैफिक चालान, बिहार में 16 नवंबर से शुरू होगी डिजिटल भुगतान सुविधा
- November 5, 2026बिहारट्रेनों की वेटिंग से मिलेगी राहत! छठ पर बिहार से 155 स्पेशल बसें रवाना, 200 तक बढ़ेगी संख्या
- November 5, 2026क्राइमसारण के रिविलगंज में महारानी माई मंदिर में बड़ी चोरी, सात विग्रहों के 13 सोने के नेत्र उड़ा ले गए चोर
- November 5, 2026छपरापुराना सोना दीजिए, 105% वैल्यू पाइए! छपरा के किसना ज्वैलरी में गोल्ड-डायमंड पर बंपर ऑफर, कार जीतने का मौका



