क्राइमछपरा

सारण के रिविलगंज में महारानी माई मंदिर में बड़ी चोरी, सात विग्रहों के 13 सोने के नेत्र उड़ा ले गए चोर

दो लाख के आभूषण और दान पेटी से सात हजार रुपये गायब

छपरा। सारण जिले के रिविलगंज थाना क्षेत्र के जिगना गांव स्थित प्रसिद्ध महारानी माई मंदिर में अज्ञात चोरों ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देकर श्रद्धालुओं की आस्था को गहरी चोट पहुंचाई है। चोर मंदिर में स्थापित मां के सात विग्रहों के 13 नयन श्रृंगार (सोने के आभूषण) और दान पेटी में रखी नकदी लेकर फरार हो गए। चोरी गए आभूषणों की कीमत करीब दो लाख रुपये आंकी गई है, जबकि दान पेटी से लगभग सात हजार रुपये नकद चोरी होने की बात सामने आई है। घटना बुधवार की देर रात की बताई जा रही है।

मंदिर के पुजारी शंभूनाथ पाण्डेय और स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब पांच साल पहले श्रद्धालुओं ने माता रानी के श्रृंगार के लिए ये सोने के आभूषण भेंट किए थे। चोरों ने मंदिर में घुसकर इन्हीं आभूषणों को निशाना बनाया। गुरुवार की सुबह चोरी की जानकारी मिलने के बाद मंदिर परिसर में ग्रामीणों और श्रद्धालुओं की भीड़ जुट गई। घटना को लेकर लोगों में नाराजगी और भय का माहौल है।

सुबह मंदिर पहुंचे पुजारी तो गायब मिला ताला

जानकारी के अनुसार, बुधवार की देर शाम पुजारी शंभूनाथ पाण्डेय नियमित पूजा-अर्चना और आरती करने के बाद मंदिर तथा मुख्य गेट में ताला लगाकर अपने घर चले गए थे। गुरुवार की सुबह जब वे मंदिर की साफ-सफाई और पूजा के लिए पहुंचे तो मंदिर के दरवाजे का ताला गायब था और दरवाजा खुला हुआ था। अंदर जाने पर दान पेटी, खिड़की के पर्दे और अन्य सामान बिखरे पड़े मिले। मंदिर में स्थापित मां के सातों विग्रहों के नयन श्रृंगार के सोने के आभूषण भी गायब थे। यह दृश्य देखकर पुजारी स्तब्ध रह गए।

इसके बाद उन्होंने तत्काल ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही स्थानीय और आसपास के गांवों के लोग मंदिर पहुंच गए। ग्रामीणों ने चोरी की घटना पर गहरी नाराजगी जताते हुए पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की।

चारदीवारी फांदकर मंदिर में घुसे चोर!

स्थानीय लोगों के अनुसार, मंदिर परिसर का मुख्य गेट बंद था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि चोर रात के अंधेरे में मंदिर की चारदीवारी फांदकर अंदर दाखिल हुए होंगे। इसके बाद प्रथम तल पर स्थित मंदिर का ताला तोड़कर शीशे के केबिन को क्षतिग्रस्त किया और माता रानी के नयन श्रृंगार के आभूषण चुरा लिए। चोरों ने दान पेटी का ताला तोड़कर उसमें रखे कागज के नोट भी निकाल लिए। हालांकि, एक नयन का आभूषण वहीं छूट गया, जबकि दान पेटी में रखे सिक्के भी नहीं ले जाए गए।

ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले भी मंदिर में एक-दो बार छोटी-मोटी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बावजूद मंदिर की सुरक्षा को लेकर पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जा सके।

संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर रही पुलिस

घटना की सूचना मिलने पर रिविलगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मंदिर का निरीक्षण कर जांच शुरू की। थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि मंदिर में हुई चोरी की घटना को गंभीरता से लिया गया है। संदिग्धों के ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस जल्द ही घटना का उद्भेदन कर चोरी में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी।

इधर, श्रद्धालुओं और ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द चोरी का खुलासा करने, आरोपियों को गिरफ्तार करने और माता रानी के चोरी हुए सोने के सभी 13 नयन आभूषण बरामद करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि मंदिर में चोरी केवल संपत्ति का नुकसान नहीं, बल्कि हजारों श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं पर हमला है।

Author Profile

Ganpat Aryan
Ganpat Aryan
वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।

Ganpat Aryan

वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।

Related Articles

Back to top button