छपरा

अटल घाट बनेगा सारण का नया पर्यटन केंद्र! हाईमास्ट, वर्टिकल गार्डन, कैफेटेरिया और चिल्ड्रेन पार्क की तैयारी

मुख्यमंत्री के स्वागत को सज रहा अटल घाट

छपरा। सारण में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के संभावित आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री के संभावित दौरे और अटल घाट के उद्घाटन को देखते हुए प्रशासन घाट परिसर को आकर्षक स्वरूप देने में जुटा है। अब अटल घाट को सिर्फ एक घाट के रूप में नहीं, बल्कि धार्मिक, आध्यात्मिक और पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना पर काम किया जा रहा है। इसके तहत घाट की सीढ़ियों की मरम्मत और सफाई से लेकर मधुबनी पेंटिंग, रंगीन रोशनी, वर्टिकल गार्डन, पार्क, वॉकिंग ट्रैक और पर्यटकों के लिए सुविधाएं विकसित करने की तैयारी है।

इसी सिलसिले में बुधवार को जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार ने अटल घाट एवं आसपास के परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने अलग-अलग कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित विभागों एवं कार्यकारी एजेंसियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से काम पूरा करने का निर्देश दिया। डीएम ने स्पष्ट किया कि पूरे परिसर का विकास धार्मिक एवं आध्यात्मिक थीम के अनुरूप किया जाए, ताकि यहां आने वाले लोगों को स्वच्छ, सुंदर और आकर्षक वातावरण मिल सके।

रामायण और श्रीकृष्ण के प्रसंगों से सजेगा अटल घाट

अटल घाट परिसर की दीवारों को मधुबनी पेंटिंग से सजाने की योजना है। इनमें राम-जानकी स्वयंवर, रामायण और भगवान श्रीकृष्ण से जुड़े धार्मिक प्रसंगों को चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। परिसर की यज्ञशालाओं का नामकरण भी भगवान राम और श्रीकृष्ण से संबंधित नामों के आधार पर करने का निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही फ्लावर डेकोरेशन, वर्टिकल गार्डन, सजावटी पौधों और आकर्षक लैंडस्केपिंग के जरिए पूरे परिसर को नया स्वरूप दिया जाएगा।

घाट की सीढ़ियों की सफाई एवं आवश्यक मरम्मत, नदी के पानी और आसपास के क्षेत्र की स्वच्छता तथा मंदिर तक जाने वाले रास्ते को व्यवस्थित करने पर भी जोर दिया गया है। परिसर में पेयजल, शौचालय और अन्य नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।

21 मीटर ऊंचे दो हाईमास्ट से जगमगाएगा परिसर

अटल घाट और अटल वाटिका को आकर्षक बनाने के लिए विशेष लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी। पूरे परिसर में डेकोरेटिव और रंगीन लाइटें लगाई जाएंगी। बिहार राज्य सड़क विकास निगम (बीएसआरडीसी) को 21 मीटर ऊंचाई के दो हाईमास्ट लाइट लगाने का निर्देश दिया गया है। इससे घाट और आसपास के प्रमुख हिस्सों में पर्याप्त रोशनी उपलब्ध कराने की योजना है।

अटल वाटिका में विशेष सजावटी पौधे और फूल लगाए जाएंगे। पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के अनावरण और लोकार्पण से संबंधित तैयारियां भी समय पर पूरी करने को कहा गया है।

कैफेटेरिया, चिल्ड्रेन पार्क और वॉकिंग ट्रैक भी होंगे विकसित

अटल घाट को परिवारों और पर्यटकों के लिए सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से परिसर में वॉकिंग ट्रैक को सुव्यवस्थित किया जाएगा। जीविका की ओर से संचालित होने वाले कैफेटेरिया को भी आकर्षक रूप दिया जाएगा। इसके आंतरिक हिस्से में जीविका की थीम पर आधारित वॉलपेपर लगाने और प्रवेश द्वार को अलग एवं आकर्षक डिजाइन में तैयार करने का निर्देश दिया गया है।

बच्चों के लिए चिल्ड्रेन पार्क में मिट्टी आधारित प्लेग्राउंड विकसित किया जाएगा। यहां चार से पांच झूले लगाने के साथ पेड़ों पर सुरक्षित झूलों की व्यवस्था की संभावना भी तलाशने को कहा गया है। इस तरह घाट परिसर को धार्मिक गतिविधियों के साथ परिवारों के मनोरंजन और सुबह-शाम टहलने के अनुकूल बनाने की तैयारी है।

रखरखाव के लिए बनेगी स्थानीय समिति

डीएम ने विकास कार्य पूरा होने के बाद परिसर के नियमित रखरखाव और संधारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। इसके लिए परिसर को संबंधित नगर निकाय को हस्तांतरित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही मंदिर के पुजारियों और स्थानीय लोगों की सहभागिता से एक समिति या टीम गठित करने को कहा गया, ताकि साफ-सफाई और व्यवस्था बनाए रखने में स्थानीय लोगों की भी भूमिका रहे।

सभी कार्यों की अलग-अलग सूची तैयार कर उनकी नियमित समीक्षा एवं निगरानी के लिए वरीय प्रशासनिक पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। काम में तेजी लाने के लिए आवश्यकता पड़ने पर इंजीनियरों और तकनीकी कर्मियों की तीनों शिफ्ट में तैनाती करने का भी निर्देश दिया गया।

दलन सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का भी किया निरीक्षण

अटल घाट के निरीक्षण के बाद डीएम और एसएसपी ने दलन सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सह इंटर कॉलेज परिसर का भी जायजा लिया। यहां विद्यालय के सौंदर्यीकरण, आधारभूत सुविधाओं और आधुनिक शैक्षणिक संसाधनों की स्थिति की समीक्षा की गई।

स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय दलन सिंह की प्रतिमा के आसपास के स्थल को आकर्षक बनाने का निर्देश दिया गया। प्रतिमा के समीप ग्रेनाइट युक्त वॉल पैनल तैयार कराया जाएगा। इसके एक तरफ दलन सिंह का जीवन-वृत्त और दूसरी तरफ उनका चित्र प्रदर्शित किया जाएगा। विद्यालय परिसर में पर्याप्त एवं आकर्षक लाइटिंग की व्यवस्था करने को भी कहा गया।

एस्ट्रोनॉमी और आईसीटी लैब का लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय में उपलब्ध एस्ट्रोनॉमी लैब, आईसीटी लैब, आईएसएम लैब, बायो लैब और लाइब्रेरी का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को इन संसाधनों का बेहतर संचालन सुनिश्चित करने और विद्यार्थियों को इनका अधिकतम लाभ दिलाने का निर्देश दिया।

पुस्तकालय को विद्यार्थियों के लिए ज्ञान और प्रेरणा का केंद्र बनाने के उद्देश्य से इसकी दीवारों पर महापुरुषों के चित्र, प्रेरणादायी विचार और सूक्तियां अंकित कराने को कहा गया। वहीं, जिला शिक्षा पदाधिकारी को कायाकल्प अभियान के तहत विद्यालय में हुए विकास कार्यों को प्रदर्शित करने के लिए आकर्षक फ्लेक्स तैयार कराने का निर्देश दिया गया। इसमें विद्यालय का नक्शा और कायाकल्प से पहले तथा बाद की स्थिति को चित्रों के माध्यम से दर्शाया जाएगा।

विद्यालय परिसर से संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र में पोषण वाटिका विकसित करने तथा बच्चों के लिए पार्क एवं अन्य उपयोगी स्थलों पर आवश्यकतानुसार झूले लगाने को भी कहा गया।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों और कार्यकारी एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ कार्यों को समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में गुणवत्ता, स्वच्छता, आकर्षक स्वरूप और जनसुविधाओं को प्राथमिकता दी जाए। प्रशासन का लक्ष्य मुख्यमंत्री के संभावित आगमन से पहले तैयारियां पूरी करने के साथ अटल घाट और विद्यालय परिसर को स्थायी रूप से बेहतर एवं जनोपयोगी स्वरूप प्रदान करना है।

Author Profile

Ganpat Aryan
Ganpat Aryan
वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।

Ganpat Aryan

वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।

Related Articles

Back to top button