क्राइमछपरा

Saran Crime News: सारण में बाइक सवार अपराधियों ने गोली मारकर की फाइनेंसकर्मी की हत्या

जनरल स्टोर के बाहर खड़ा था युवक, बाइक सवार बदमाशों ने बरसाईं गोलियां

छपरा। सारण जिले में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए। सोमवार को मढ़ौरा थाना क्षेत्र के मिर्जापुर फैक्ट्री मोड़ पर दिनदहाड़े बाइक सवार अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। अपराधियों ने युवक को उस समय निशाना बनाया, जब वह सड़क किनारे एक जनरल स्टोर की गुमटी के पास खड़ा था। गोली लगते ही युवक मौके पर ही गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई।

अंजाम देने के बाद फरार हुए अपराधी

वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए रेल फैक्ट्री रोड की ओर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर आगजनी कर मढ़ौरा-खैरा मुख्य मार्ग जाम कर दिया और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करने लगे।

मृतक की पहचान पटेढ़ी बैज गांव निवासी धर्मनाथ सिंह के पुत्र बिट्टू कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार बिट्टू पिछले करीब छह महीने से एक निजी फाइनेंस कंपनी में रिकवरी एजेंट (रिकवरी बॉय) के रूप में कार्यरत था।

शिवपुराण कथा में शामिल होने के बाद पहुंचा था मिर्जापुर

परिजनों ने बताया कि घटना से पहले बिट्टू अपने गांव स्थित मंदिर में आयोजित सात दिवसीय शिवपुराण कथा के जलभरी कार्यक्रम में शामिल हुआ था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह किसी जरूरी काम से मिर्जापुर फैक्ट्री मोड़ पहुंचा था। वह एक जनरल स्टोर की गुमटी के पास खड़ा था, तभी बाइक पर सवार अपराधी वहां पहुंचे और उस पर ताबड़तोड़ गोली चला दी। गोली लगते ही बिट्टू जमीन पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

वारदात के बाद मची अफरा-तफरी

दिनदहाड़े हुई इस हत्या के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। मृतक का गांव घटनास्थल से महज तीन किलोमीटर की दूरी पर होने के कारण कुछ ही देर में परिजन भी वहां पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।

आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

घटना से नाराज ग्रामीणों ने मढ़ौरा-खैरा मुख्य सड़क पर टायर जलाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। प्रदर्शनकारी अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग कर रहे थे।

पुलिस ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलते ही मढ़ौरा थाना अध्यक्ष सह इंस्पेक्टर राजकिशोर प्रसाद पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को शांत कराने का प्रयास किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और घटना में शामिल अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

कई बिंदुओं पर जांच

प्रारंभिक जांच में पुलिस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, पेशागत विवाद और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।

इलाके में दहशत का माहौल

दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद मिर्जापुर फैक्ट्री मोड़ और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि भीड़भाड़ वाले इलाके में इस तरह की हत्या ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों ने पुलिस से अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Author Profile

Ganpat Aryan
Ganpat Aryan
वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।

Ganpat Aryan

वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।

Related Articles

Back to top button