करियर – शिक्षाबिहार

NEET Re-Exam: नीट पुनर्परीक्षा पर अभेद सुरक्षा कवच, एयरफोर्स पहुंचाएगी प्रश्नपत्र

34 जिलों के 331 केंद्रों पर 1.56 लाख अभ्यर्थी होंगे शामिल

NEET Re-Exam 2026 Bihar: आगामी 21 जून को आयोजित होने वाली नीट (यूजी) 2026 पुनर्परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचारमुक्त बनाने के लिए बिहार सरकार ने व्यापक सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्था की है। मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक के बाद मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत और पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने उच्चस्तरीय बैठक कर सभी जिलाधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। सरकार ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्य सचिव ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ संपन्न हो। इसके लिए पहली बार डाक विभाग और भारतीय वायु सेना (आईएएफ) की मदद से प्रश्नपत्रों को विशेष विमानों के जरिए सीधे स्टेट हब तक पहुंचाया जाएगा। इससे प्रश्नपत्र वितरण की प्रक्रिया पहले की तुलना में काफी तेज और सुरक्षित होगी तथा महज दो से तीन घंटे के भीतर प्रश्नपत्र संबंधित केंद्रों तक पहुंच सकेंगे।

गंगा की लहरों पर सैर का नया रोमांच, पटना को मिली ‘गंगा विहार क्रूज’ की सौगात

34 जिलों के 35 शहरों में बने 331 परीक्षा केंद्र

राज्यभर में परीक्षा के लिए 34 जिलों के 35 शहरों में कुल 331 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इस परीक्षा में कुल 1,56,061 अभ्यर्थी शामिल होंगे, जिनमें 81,165 छात्र और 74,896 छात्राएं हैं।

सबसे अधिक परीक्षा केंद्र पटना जिले में बनाए गए हैं, जहां 95 केंद्रों पर 46,029 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इसके अलावा दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गया, सीवान और मोतिहारी में भी बड़ी संख्या में परीक्षार्थी शामिल होंगे।

प्रमुख जिलों में परीक्षा की स्थिति

जिला/शहरपरीक्षा केंद्रअभ्यर्थी
पटना9546,029
दरभंगा168,633
मुजफ्फरपुर138,126
गया126,894
सीवान126,517
मोतिहारी136,320
भागलपुर155,892
पूर्णिया124,880
बेतिया84,819
वैशाली (हाजीपुर)114,145
समस्तीपुर74,407
गोपालगंज73,906
बेगूसराय83,868
नालंदा73,804
रोहतास (सासाराम)73,598
सीतामढ़ी63,524
मधुबनी83,314

सोशल मीडिया पर रहेगी पैनी नजर

पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने कहा कि परीक्षा के दौरान सोशल मीडिया के सभी प्लेटफॉर्म की लगातार निगरानी की जाएगी। प्रश्नपत्र लीक होने का झूठा दावा करने, फर्जी प्रश्नपत्र वायरल करने या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा संदिग्ध गतिविधियों वाले कोचिंग संस्थानों पर भी इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) और लोकल इंटेलिजेंस यूनिट (एलआईयू) की मदद से विशेष निगरानी रखी जाएगी।

हर केंद्र पर मजिस्ट्रेट और पुलिस टीम

सभी परीक्षा केंद्रों पर एक दंडाधिकारी और एक पुलिस टीम लीडर की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। अभ्यर्थियों की संख्या के अनुसार प्रत्येक केंद्र पर 3 से 14 तक पुलिसकर्मी या होमगार्ड जांच ड्यूटी में लगाए जाएंगे। परीक्षा से जुड़े किसी भी अधिकारी या कर्मी का स्थानांतरण 22 जून से पहले प्रभावी नहीं होगा।

परीक्षार्थियों को मिलेगी मुफ्त बस यात्रा

राज्य सरकार ने नीट अभ्यर्थियों को बड़ी राहत देते हुए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने का निर्णय लिया है। साथ ही रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

भीषण गर्मी को देखते हुए परीक्षा केंद्रों के बाहर अभिभावकों के बैठने के लिए छायादार स्थान, शुद्ध पेयजल, ओआरएस और मेडिकल मोबाइल यूनिट की व्यवस्था की जाएगी। जिला प्रशासन स्थानीय स्वयंसेवी संस्थाओं की मदद से कई केंद्रों पर सत्तू और पेयजल की व्यवस्था भी करेगा।

योग दिवस और नीट परीक्षा के लिए अलग-अलग टीमें

21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस भी आयोजित होगा। इसे देखते हुए प्रशासन ने दोनों आयोजनों के लिए अलग-अलग पुलिस एवं प्रशासनिक टीमों की तैनाती का निर्णय लिया है। मुख्य सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी परिस्थिति में योग दिवस कार्यक्रमों का असर नीट परीक्षा के संचालन पर नहीं पड़ना चाहिए।

उन्होंने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को प्रतिदिन तैयारियों की समीक्षा करने तथा परीक्षा को हर हाल में शांतिपूर्ण, सुरक्षित और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने का निर्देश दिया।

Author Profile

Ganpat Aryan
Ganpat Aryan
वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर, अमर उजाला और हिन्दुस्थान समाचार में सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।

Ganpat Aryan

वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर, अमर उजाला और हिन्दुस्थान समाचार में सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।

Related Articles

Back to top button