छपरा–सिवान–थावे रेलखंड पर रेलवे ने चलाया टिकट जांच अभियान, बिना टिकट यात्रा करने वाले 40 यात्री पकड़े गए
किलाबंदी कर हुई सघन टिकट जांच, यात्रियों में मचा हड़कंप

छपरा। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल ने बिना टिकट और अनियमित यात्रा पर शिकंजा कसते हुए गुरुवार को छपरा–सिवान–थावे–मशरख–छपरा कचहरी रेलखंड पर विशेष टिकट जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभिन्न ट्रेनों में किलाबंदी कर की गई सघन जांच में बिना टिकट और अनियमित टिकट पर यात्रा कर रहे 40 यात्रियों को पकड़ा गया। रेलवे ने इन यात्रियों से जुर्माना एवं किराये के रूप में ₹20,760 की वसूली की। अचानक हुई कार्रवाई से ट्रेनों और स्टेशनों पर यात्रियों में हड़कंप मच गया।
मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) आशीष जैन के निर्देश एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव के नेतृत्व में वाराणसी मंडल के विभिन्न रेलखंडों पर लगातार टिकट जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य बिना टिकट यात्रा पर प्रभावी रोक लगाना और रेलवे राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
इन ट्रेनों में हुई विशेष जांच
30 जुलाई 2026 को चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत छपरा, सिवान, थावे, मशरख और छपरा कचहरी स्टेशनों को आधार बनाकर छपरा कचहरी–थावे–मशरख रेलखंड पर व्यापक टिकट जांच की गई।
इस दौरान गाड़ी संख्या 75103 छपरा–थावे डेमू तथा 55109 थावे–मशरख–छपरा कचहरी सवारी गाड़ी सहित विभिन्न ट्रेनों में किलाबंदी कर यात्रियों के टिकटों की गहन जांच की गई।
छह टिकट जांच कर्मियों की टीम रही तैनात
अभियान का नेतृत्व मुख्य वाणिज्य निरीक्षक, थावे विशाल कुमार सिंह ने किया। उनके साथ मुख्य टिकट निरीक्षक सईद अख्तर तथा टिकट जांच कर्मी राजेश सिंह, प्रकाश कुमार, राजीव कुमार, ममता कुमारी और प्रतिमा कुमारी ने अभियान में भाग लिया। पूरी कार्रवाई के दौरान रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के दो जवान भी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहे।
40 यात्री पकड़े गए
जांच के दौरान बिना टिकट अथवा अनियमित टिकट के साथ यात्रा कर रहे कुल 40 यात्रियों को पकड़ा गया। रेलवे के नियमानुसार इन यात्रियों से ₹20,760 जुर्माना और किराये के रूप में वसूले गए।
रेल अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे ताकि बिना टिकट यात्रा पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
टिकट काउंटरों पर लगी लंबी कतारें
अचानक चलाए गए टिकट जांच अभियान का असर रेलवे स्टेशनों पर भी देखने को मिला। संबंधित स्टेशनों के टिकट काउंटरों पर टिकट खरीदने के लिए यात्रियों की लंबी कतारें लगी रहीं। अधिकारियों का मानना है कि ऐसे अभियानों से यात्रियों में वैध टिकट लेकर यात्रा करने के प्रति जागरूकता बढ़ती है।
रेलवे की अपील
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव ने यात्रियों से अपील की कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर ही रेल यात्रा करें। उन्होंने कहा कि रेलवे के नियमों का पालन करना प्रत्येक यात्री की जिम्मेदारी है। साथ ही यात्रियों से ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता बनाए रखने तथा रेलवे प्रशासन का सहयोग करने की भी अपील की गई।
उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा के विरुद्ध आगे भी इसी तरह विशेष जांच अभियान चलाए जाते रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
- July 30, 2026क्राइमसारण में हाईटेक नकल गैंग का भंडाफोड़, ब्लूटूथ-वॉकी-टॉकी से परीक्षा में नकल कराने वाले 8 गिरफ्तार, सिपाही और 2 होमगार्ड जवान भी शामिल
- July 30, 2026Railway Updateछपरा–सूरत, मुंबई–बनारस समेत 4 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के बढ़े फेरे, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
- July 30, 2026Railway Updateछपरा–सिवान–थावे रेलखंड पर रेलवे ने चलाया टिकट जांच अभियान, बिना टिकट यात्रा करने वाले 40 यात्री पकड़े गए
- July 30, 2026क्राइमChhapra Home Guard Exam: छपरा में ब्लूटूथ से नकल का भंडाफोड़, गृह रक्षा वाहिनी परीक्षा के दौरान 3 गिरफ्तार



