छपरा को रेल मंत्री देंगे बड़ी सौगात: छपरा-दिल्ली एक्सप्रेस का होगा शुभारंभ, मढ़ौरा से विदेश जाएगा 51वां रेल इंजन
छपरा-दिल्ली एक्सप्रेस से यात्रियों को बड़ी राहत

छपरा। सारण और पूर्वी उत्तर प्रदेश के लाखों रेल यात्रियों के लिए 19 जून का दिन ऐतिहासिक होने जा रहा है। रेल मंत्रालय की ओर से छपरा और मऊ को सीधे दिल्ली (आनंद विहार टर्मिनस) से जोड़ने वाली नई ट्रेनों की शुरुआत की जा रही है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी छपरा जंक्शन पर आयोजित समारोह में नई रेल सेवाओं का शुभारंभ करेंगे। वहीं मढ़ौरा लोकोमोटिव फैक्ट्री से गिनी गणराज्य को निर्यात किए जाने वाले 51वें रेल इंजन को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा।
रेल मंत्रालय के अनुसार, छपरा-दिल्ली (आनंद विहार टर्मिनस)-छपरा साप्ताहिक एक्सप्रेस, मऊ-दिल्ली (आनंद विहार टर्मिनस)-मऊ एक्सप्रेस तथा दोहरीघाट-औंड़िहार मेमू ट्रेन के वाराणसी सिटी तक मार्ग विस्तार का शुभारंभ 19 जून को किया जाएगा। यह कार्यक्रम छपरा जंक्शन और मऊ जंक्शन पर आयोजित समारोहों के माध्यम से संपन्न होगा।
छपरा-दिल्ली एक्सप्रेस से यात्रियों को बड़ी राहत
पूर्वांचल और सारण क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग रोजगार, शिक्षा, इलाज और व्यवसाय के लिए दिल्ली तथा एनसीआर क्षेत्र की यात्रा करते हैं। लगातार बढ़ती मांग को देखते हुए रेल मंत्रालय ने 12527/12528 छपरा-दिल्ली (आनंद विहार टर्मिनस)-छपरा साप्ताहिक एक्सप्रेस के संचालन को मंजूरी दी है।
समय-सारिणी
12527 छपरा-आनंद विहार टर्मिनस एक्सप्रेस
- प्रत्येक रविवार को छपरा से रात 8:50 बजे प्रस्थान
- अगले दिन दोपहर 2:00 बजे आनंद विहार टर्मिनस पहुंचेगी
12528 आनंद विहार टर्मिनस-छपरा एक्सप्रेस
- प्रत्येक सोमवार को शाम 4:25 बजे आनंद विहार टर्मिनस से प्रस्थान
- अगले दिन सुबह 9:40 बजे छपरा पहुंचेगी
प्रमुख ठहराव
बलिया, मऊ, आजमगढ़, शाहगंज, जौनपुर, सुल्तानपुर, लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ और गाजियाबाद।
मऊ-दिल्ली एक्सप्रेस का भी होगा शुभारंभ
रेल मंत्रालय ने मऊ और दिल्ली के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए 14055/14056 मऊ-आनंद विहार टर्मिनस-मऊ एक्सप्रेस सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है।
समय-सारिणी
14055 मऊ-आनंद विहार टर्मिनस एक्सप्रेस
- प्रत्येक गुरुवार को सुबह 10:30 बजे मऊ से प्रस्थान
- अगले दिन तड़के 3:00 बजे आनंद विहार टर्मिनस पहुंचेगी
14056 आनंद विहार टर्मिनस-मऊ एक्सप्रेस
- प्रत्येक बुधवार को दोपहर 3:00 बजे आनंद विहार टर्मिनस से प्रस्थान
- अगले दिन सुबह 5:45 बजे मऊ पहुंचेगी
प्रमुख ठहराव
मुहम्मदाबाद, आजमगढ़, खोरासन रोड, शाहगंज, जौनपुर, जंघई, प्रयागराज और कानपुर सेंट्रल।
दोहरीघाट-औंड़िहार मेमू अब वाराणसी सिटी तक
जनता की मांग और ट्रेन की लोकप्रियता को देखते हुए 65121/65122 दोहरीघाट-औंड़िहार-दोहरीघाट मेमू सेवा का विस्तार वाराणसी सिटी तक किया गया है। इससे पूर्वांचल के यात्रियों को वाराणसी तक बेहतर और सुलभ रेल सुविधा मिलेगी।
मढ़ौरा लोकोमोटिव फैक्ट्री से गिनी के लिए रवाना होगा 51वां इंजन
19 जून को बिहार के मढ़ौरा स्थित अत्याधुनिक लोकोमोटिव फैक्ट्री में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी गिनी गणराज्य को निर्यात किए जाने वाले 51वें डीजल रेल इंजन (WDG4G) को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
यह कार्यक्रम भारत की बढ़ती औद्योगिक क्षमता और रेलवे निर्माण क्षेत्र में वैश्विक पहचान का प्रतीक माना जा रहा है।
जनप्रतिनिधियों और रेल अधिकारियों की रहेगी मौजूदगी
छपरा जंक्शन पर आयोजित समारोह में सांसद राजीव प्रताप रूडी, सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, विधान परिषद सदस्य वीरेन्द्र नारायण यादव, आफाक अहमद, सच्चिदानंद राय तथा विधायक छोटी कुमारी उपस्थित रहेंगी।
इसके अलावा पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर, पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह, वाराणसी मंडल के वरिष्ठ रेल अधिकारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
क्षेत्र के विकास को मिलेगी गति
रेलवे के अनुसार नई ट्रेनों और मार्ग विस्तार से छात्रों, किसानों, व्यवसायियों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ ही क्षेत्र के कृषि एवं अन्य उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी, जिससे आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।
रेलवे ने बताया कि प्रारंभिक चरण में इन ट्रेनों का संचालन उद्घाटन विशेष गाड़ियों के रूप में किया जाएगा।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर, अमर उजाला और हिन्दुस्थान समाचार में सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
बिहारJune 18, 2026IPS Trnsfer in Bihar: बिहार पुलिस में बड़ा फेरबदल: 27 IPS अधिकारियों का तबादला, कई जिलों को मिले नए SP
Railway UpdateJune 18, 2026छपरा को रेल मंत्री देंगे बड़ी सौगात: छपरा-दिल्ली एक्सप्रेस का होगा शुभारंभ, मढ़ौरा से विदेश जाएगा 51वां रेल इंजन
बिहारJune 18, 2026बिहार में जमीन खरीदने पर महिलाओं को मिलेगा अतिरिक्त छूट, जमीन अधिग्रहण पर बढ़ा मुआवजा
बिहारJune 18, 2026जमीन मालिकों के लिए खुशखबरी! 11 सैटेलाइट टाउनशिप में जमीन बिक्री पर लगी पाबंदी खत्म







