छपरा का जटही पोखरा बनेगा नया पर्यटन हब, MLA छोटी कुमारी की घोषणा
अतिक्रमण और भू-माफियाओं पर सख़्त कार्रवाई के निर्देश

छपरा। शहर के साढ़ा क्षेत्र में स्थित ऐतिहासिक जटही पोखरा जल्द ही छपरा की नई पहचान के रूप में उभरेगा। वर्षों से उपेक्षित इस प्राचीन जलस्रोत को अतिक्रमण मुक्त कर आधुनिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। यह घोषणा छपरा विधानसभा की विधायक छोटी कुमारी ने पोखरे के स्थलीय निरीक्षण के दौरान की। करीब 7 एकड़ क्षेत्रफल में फैला जटही पोखरा शहर का सबसे बड़ा और पुराना पोखरा माना जाता है, जिसे अब सुनियोजित विकास के माध्यम से नया जीवन दिया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने स्पष्ट किया कि जटही पोखरा का कायाकल्प केवल सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे पर्यटन, पर्यावरण और जन-सुविधा का एक समग्र केंद्र बनाया जाएगा, ताकि आम नागरिकों के साथ-साथ बाहर से आने वाले पर्यटक भी यहां आकर्षित हों।
आधुनिक सुविधाओं से सजेगा जटही पोखरा
प्रस्तावित विकास योजना के तहत
- पोखरे के चारों ओर वॉकिंग व जॉगिंग ट्रैक
- बोटिंग सुविधा
- आकर्षक लेजर शो
- आसपास छोटा पार्क
- सामुदायिक / कमिटी हॉल
- युवाओं के लिए जिम तथा
- आगंतुकों की सुविधा हेतु कैंटीन
इन सुविधाओं से न केवल शहरवासियों को एक बेहतर सार्वजनिक स्थल मिलेगा, बल्कि छपरा के पर्यटन मानचित्र पर भी जटही पोखरा एक प्रमुख स्थान के रूप में स्थापित होगा।
वर्तमान हालत पर जताई चिंता
निरीक्षण के दौरान जटही पोखरा की मौजूदा स्थिति को लेकर विधायक ने गहरी चिंता व्यक्त की। गंदगी, जलजमाव, झाड़ियों और नियमित रखरखाव के अभाव के कारण पोखरे की सुंदरता और उपयोगिता बुरी तरह प्रभावित पाई गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि लंबे समय से देखरेख न होने के कारण यह ऐतिहासिक धरोहर उपेक्षा का शिकार होती जा रही है, जिसका असर पर्यावरण और जनस्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है।
अतिक्रमण और भू-माफियाओं पर सख़्त कार्रवाई के निर्देश
स्थानीय नागरिकों ने निरीक्षण के दौरान शिकायत की कि कुछ भू-माफिया पोखरे के आसपास मिट्टी भरकर अवैध कब्जा कर जमीन बेचने का प्रयास कर रहे हैं। इस पर विधायक छोटी कुमारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि किसी भी कीमत पर जटही पोखरा की जमीन को सुरक्षित रखा जाएगा। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिया कि अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध त्वरित और सख़्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जनता के सहयोग से बनेगा नया पहचान स्थल
विधायक ने कहा कि जनता के सहयोग और प्रशासनिक समन्वय से जटही पोखरा को सुंदर, सुरक्षित और विकसित पर्यटन स्थल के रूप में तैयार किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद जटही पोखरा न केवल छपरा के लोगों के लिए मनोरंजन और सैर का प्रमुख केंद्र बनेगा, बल्कि शहर की पहचान को भी नई ऊंचाई देगा।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर, अमर उजाला और हिन्दुस्थान समाचार में सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
छपराMay 24, 2026सारण में पोखरे में डूबने से छात्र की मौत, अस्पताल में डॉक्टर नहीं मिलने पर हंगामा
क्राइमMay 24, 2026Robbery in Saran: सारण में दिनदहाड़े 18 लाख की लूट, हथियारबंद बदमाशों ने स्वर्ण व्यवसायी को बनाया निशाना
क्राइमMay 24, 2026Crime News Saran: ‘हम CBI से हैं…’ कहकर रोकी गाड़ी, फिर कट्टे के बल पर करोड़ों की लूट जैसी वारदात
करियर – शिक्षाMay 24, 2026BPSC अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी: मुफ्त में मिलेगी आवासीय कोचिंग की सुविधा







