छपरा। नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। अगर आपने 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक या बीटेक की पढ़ाई पूरी की है और रोजगार के अवसर तलाश रहे हैं, तो आपके लिए छपरा में बेहतर मौका मिलने जा रहा है। बिहार सरकार के युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के तत्वावधान में जिला नियोजनालय, छपरा की ओर से 3 नवंबर 2026 को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इसमें देश की करीब 20 से 25 प्रतिष्ठित कंपनियां हिस्सा लेंगी और तकनीकी एवं गैर-तकनीकी क्षेत्रों में युवाओं को नौकरी का अवसर प्रदान करेंगी।
रोजगार मेले का आयोजन शहर के राजेंद्र स्टेडियम परिसर में किया जाएगा। इसका उद्घाटन बिहार सरकार के युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के मंत्री अरुण शंकर प्रसाद पूर्वाह्न 11:30 बजे करेंगे। जिला नियोजन पदाधिकारी ने बताया कि मेले में विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियां अपनी आवश्यकतानुसार अभ्यर्थियों का चयन करेंगी। इस पहल का उद्देश्य स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें कंपनियों से सीधे जुड़ने का मंच प्रदान करना है।
20 से 25 कंपनियां करेंगी शिरकत
इस रोजगार मेले में हरिओम फीड्स प्राइवेट लिमिटेड, विजन इंडिया सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, फ्रीडम एम्प्लॉयबिलिटी एकेडमी और लेर्नर प्राइवेट लिमिटेड सहित लगभग 20 से 25 कंपनियों के शामिल होने की संभावना है। कंपनियां तकनीकी और गैर-तकनीकी दोनों क्षेत्रों के लिए अभ्यर्थियों का चयन करेंगी। इससे अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता और कौशल वाले युवाओं को अपनी क्षमता के अनुसार नौकरी पाने का अवसर मिलेगा।
10वीं पास से बीटेक तक के अभ्यर्थियों को मौका
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास निर्धारित की गई है। इसके अलावा 12वीं, आईटीआई, स्नातक, डिप्लोमा और बीटेक सहित विभिन्न योग्यताओं वाले अभ्यर्थी भी भाग ले सकेंगे। चयनित अभ्यर्थियों को पद और कंपनी की आवश्यकता के अनुसार न्यूनतम 12,500 रुपये से लेकर 27,500 रुपये तक मासिक वेतन दिए जाने की जानकारी दी गई है।
रोजगार मेले में शामिल होने से पहले कराएं ऑनलाइन निबंधन
जिला नियोजनालय की ओर से स्पष्ट किया गया है कि रोजगार मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों का नियोजनालय में निबंधन होना अनिवार्य है। इसके लिए बिहार सरकार ने ऑनलाइन व्यवस्था उपलब्ध कराई है। इच्छुक अभ्यर्थी घर बैठे रोजगार पोर्टल https://detjob.bihar.gov.in पर अपना निबंधन करा सकते हैं। अभ्यर्थियों के साथ नियोजकों के लिए भी पोर्टल पर निबंधन की व्यवस्था है।
जिन युवाओं को ऑनलाइन निबंधन में परेशानी हो, वे जिला नियोजनालय, छपरा कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। रोजगार मेले के आयोजन स्थल पर भी ऑनलाइन निबंधन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। हालांकि, अभ्यर्थियों को किसी तरह की असुविधा से बचने के लिए पहले ही पोर्टल पर अपना निबंधन पूरा कर लेने की सलाह दी गई है।
टॉल फ्री नंबर से मिलेगी जानकारी
रोजगार मेले से संबंधित विस्तृत जानकारी और आवश्यक मार्गदर्शन के लिए टॉल फ्री नंबर 18002965656 जारी किया गया है। इच्छुक अभ्यर्थी इस नंबर पर संपर्क कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
जिला नियोजनालय ने युवाओं से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं और निर्धारित तिथि को आवश्यक शैक्षणिक दस्तावेजों के साथ रोजगार मेले में पहुंचें।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
- November 2, 2026क्राइमFIR में आपका नाम और मोबाइल नंबर है? सावधान! पुलिस बनकर फोन कर रहे साइबर ठग, गिरफ्तारी का डर दिखाकर मांग रहे पैसे
- November 2, 2026क्राइमChhapra Crime News: मां के कथित प्रेम संबंध का राज खुलने के डर से चाचा बना हत्यारा, 9 साल के भतीजे को मार डाला
- October 31, 2026क़ृषिअब सुधा बूथ की तर्ज पर बने फ्रेश कैच कियोस्क पर मिलेंगी ताजी मछलियां
- October 31, 2026करियर – शिक्षाछपरा में STET परीक्षा को लेकर 500 गज के दायरे में निषेधाज्ञा लागू, साइबर कैफे और फोटो कॉपी दुकानें रहेंगी बंद



