सारण में DM ने की बड़ी कार्रवाई, चावल गबन करने वाले 2 पैक्स के खिलाफ FIR दर्ज
बरेजा पैक्स में 2,249 और मदारपुर पैक्स में 1,017 क्विंटल अवशेष धान नहीं मिला

छपरा। खरीफ विपणन मौसम 2025-26 में धान अधिप्राप्ति के बाद निर्धारित समय-सीमा में सीएमआर (कस्टम मिल्ड राइस) की शत-प्रतिशत आपूर्ति नहीं करने और भौतिक सत्यापन में गोदाम में दर्ज अवशेष धान नहीं मिलने के मामले में सारण जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जांच के दौरान दो पैक्स के गोदामों में दर्ज हजारों क्विंटल धान उपलब्ध नहीं पाए जाने के बाद बरेजा पैक्स और मदारपुर पैक्स के विरुद्ध धान गबन के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
जिले में खरीफ विपणन मौसम 2025-26 के दौरान कुल 271 समितियों/पैक्स एवं व्यापार मंडलों ने 94,591.84 मीट्रिक टन धान की अधिप्राप्ति की थी। इसके समतुल्य सीएमआर की आपूर्ति राज्य खाद्य निगम, छपरा को निर्धारित समय-सीमा 31 जुलाई 2026 तक करनी थी। विभागीय आंकड़ों के अनुसार 262 समितियों ने निर्धारित अवधि के भीतर शत-प्रतिशत सीएमआर की आपूर्ति कर दी, जबकि नौ समितियां लक्ष्य पूरा नहीं कर सकीं।
भौतिक सत्यापन में सामने आई बड़ी गड़बड़ी
सीएमआर की पूर्ण आपूर्ति नहीं करने वाली समितियों एवं संबंधित राइस मिलों में उपलब्ध अवशेष धान का विभागीय निर्देश के तहत भौतिक सत्यापन कराया गया। इसी दौरान दो पैक्स के गोदामों में दर्ज धान और वास्तविक उपलब्धता में गंभीर अंतर सामने आया।
मांझी प्रखंड के बरेजा पैक्स के गोदाम में रिकॉर्ड के अनुसार 2,249 क्विंटल अवशेष धान उपलब्ध होना दर्ज था। लेकिन भौतिक सत्यापन के दौरान गोदाम में उक्त मात्रा में धान उपलब्ध नहीं पाया गया। इसी तरह मसरख प्रखंड के मदारपुर पैक्स के गोदाम में रिकॉर्ड के अनुसार 1,017.08 क्विंटल अवशेष धान दर्ज था। यहां भी भौतिक सत्यापन के दौरान दर्ज मात्रा में धान उपलब्ध नहीं मिला। दोनों पैक्स में मिलाकर रिकॉर्ड में दर्ज 3,266.08 क्विंटल अवशेष धान भौतिक सत्यापन में उपलब्ध नहीं पाया गया।
दो थानों में दर्ज कराई गई प्राथमिकी
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला सहकारिता पदाधिकारी, सारण के आदेश के बाद संबंधित प्रखंडों के सहकारिता प्रसार पदाधिकारियों को प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश दिया गया।
इसके तहत सहकारिता प्रसार पदाधिकारी, मांझी ने बरेजा पैक्स के विरुद्ध दाउदपुर थाना में धान गबन के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कराई। वहीं सहकारिता प्रसार पदाधिकारी, मसरख ने मदारपुर पैक्स के विरुद्ध मसरख थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। अब दोनों मामलों में पुलिस स्तर से आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
262 समितियों ने समय पर पूरी की सीएमआर आपूर्ति
खरीफ विपणन मौसम 2025-26 में सारण जिले की 271 समितियों/पैक्स एवं व्यापार मंडलों द्वारा धान की खरीद की गई थी। इनमें से 262 समितियों ने निर्धारित समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत सीएमआर की आपूर्ति कर दी। वहीं नौ समितियां निर्धारित समय तक पूर्ण सीएमआर आपूर्ति नहीं कर सकीं। इन समितियों में अवशेष धान की स्थिति की जांच के लिए भौतिक सत्यापन कराया गया। इसी प्रक्रिया में बरेजा और मदारपुर पैक्स के गोदामों में दर्ज धान उपलब्ध नहीं होने की बात सामने आई।
डीएम के निर्देश के बावजूद नहीं हुई पूरी आपूर्ति
जिला प्रशासन के अनुसार जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने विभिन्न बैठकों में संबंधित पदाधिकारियों एवं समितियों को सीएमआर की शत-प्रतिशत आपूर्ति निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित करने का लगातार निर्देश दिया था।
इसके बावजूद सीएमआर की पूर्ण आपूर्ति नहीं होने और भौतिक सत्यापन में गोदाम में दर्ज अवशेष धान नहीं मिलने को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी धान और खाद्यान्न से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।
सरकारी धान के गबन पर होगी सख्त कार्रवाई
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी धान एवं खाद्यान्न का गबन, धान अधिप्राप्ति में अनियमितता और विभागीय निर्देशों की अवहेलना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में संबंधित समितियों के साथ-साथ जिम्मेदार व्यक्तियों की भूमिका की जांच कर नियमानुसार कठोर एवं विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। दो पैक्स के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज होने के बाद अब यह मामला पुलिस जांच के दायरे में है। प्रशासन की कार्रवाई से धान अधिप्राप्ति और सीएमआर आपूर्ति व्यवस्था से जुड़े अन्य समितियों में भी हड़कंप की स्थिति है।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
- August 11, 2026क्राइमSVU Raid in Bihar: करोड़पति इंजीनियर के ठिकानों पर SVU की छापेमारी, 1.43 करोड़ की अचल संपत्ति के दस्तावेज मिले
- August 11, 2026क्राइमSaran Crime News: सुनसान रास्तों पर राहगीरों को हथियार दिखाकर लूटने की थी प्लानिंग, पुलिस ने दो अपराधियों को दबोचा
- August 11, 2026छपरासारण में DM ने की बड़ी कार्रवाई, चावल गबन करने वाले 2 पैक्स के खिलाफ FIR दर्ज
- August 10, 2026क्राइमSaran Crime News: सारण में लूटकांड में चार साल से फरार चल रहा आदित्य सिंह गिरफ्तार



