छपरा

सोलर लाइट योजना में ‘अंधेरगर्दी’ बर्दाश्त नहीं, DM ने 2 BPRO को थमाया नोटिस, एजेंसी पर गिरी गाज

सोलर स्ट्रीट लाइट योजना में लापरवाही पड़ी भारी

छपरा। गांव-गांव रोशनी पहुंचाने की मुख्यमंत्री सोलर स्ट्रीट लाइट योजना में लापरवाही अब किसी को भी महंगी पड़ेगी।

सारण के जिलाधिकारी ने शुक्रवार को इस योजना की समीक्षा बैठक में जब प्रगति रिपोर्ट खंगाली तो कई प्रखंडों की सुस्त रफ्तार देखकर वे सख्त हो गए।

बनियापुर और इसुआपुर प्रखंडों के प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारियों (BPRO) को तत्काल ‘कारण बताओ’ नोटिस जारी किया गया, वहीं लापरवाह एजेंसी ‘नव धर्म एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड’ के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई के निर्देश दे दिए गए।

योजना की क्या है स्थिति?

जिले में पंचायती राज विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के तहत कुल 48,190 सोलर स्ट्रीट लाइटें लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

समीक्षा बैठक में सामने आया कि अब तक 38,463 लाइटें विभिन्न पंचायतों में लगाई जा चुकी हैं। यानी अभी भी करीब 9,727 लाइटें लगनी बाकी हैं।

जिलाधिकारी ने शेष लाइटों को युद्धस्तर पर लगाने के निर्देश दिए हैं।

लापरवाही पर सख्त रुख

समीक्षा में पाया गया कि बनियापुर और इसुआपुर प्रखंडों में योजना की प्रगति अत्यंत धीमी है।

जिलाधिकारी ने इन दोनों प्रखंडों के BPRO से स्पष्टीकरण तलब किया है।

इसके साथ ही कार्य में लगातार लापरवाही बरत रही एजेंसी ‘नव धर्म एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड’ के असंतोषजनक प्रदर्शन पर दंडात्मक कार्रवाई का निर्देश दिया गया है।

जिलाधिकारी ने सभी पांचों चयनित एजेंसियों को कड़े शब्दों में चेताया है कि लंबित लाइटों का अधिष्ठापन तत्काल सुनिश्चित करें।

सिर्फ लगाना काफी नहीं, रखरखाव भी अनिवार्य

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि केवल लाइट लगा देना पर्याप्त नहीं है।

अनुबंध की शर्तों के अनुसार सभी एजेंसियों को स्थापित लाइटों का नियमित रखरखाव करना अनिवार्य होगा।

रखरखाव में विफलता पाए जाने पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा।

वहीं जो एजेंसियां लाइट लगाकर विधिवत रखरखाव कर रही हैं, उनका समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

BPRO करेंगे दैनिक निगरानी

सभी प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में चल रहे कार्यों की दैनिक मॉनिटरिंग करने और लंबित कार्यों को पूर्ण कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

मुखिया भी रहें सावधान

जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि लाइट लगाने के कार्य में अनावश्यक असहयोग या व्यवधान पैदा करने वाले मुखियाओं के विरुद्ध पंचायती राज अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इस समीक्षा बैठक में जिला पंचायत राज पदाधिकारी, सहायक जिला पंचायत राज पदाधिकारी, सभी प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी एवं संबंधित एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Author Profile

Ankita Kumari
Ankita Kumari
अंकिता कुमारी पत्रकारिता की छात्रा हैं। वर्तमान में वह संजीवनी समाचार डॉट कॉम के साथ इंटर्नशिप कर रही हैं और समाचार लेखन व फील्ड रिपोर्टिंग में सक्रिय रूप से जुड़ी हुई है।

Ankita Kumari

अंकिता कुमारी पत्रकारिता की छात्रा हैं। वर्तमान में वह संजीवनी समाचार डॉट कॉम के साथ इंटर्नशिप कर रही हैं और समाचार लेखन व फील्ड रिपोर्टिंग में सक्रिय रूप से जुड़ी हुई है।

Related Articles

Back to top button