Criminal Encounter: मोतिहारी पुलिस ने दो कुख्यात अपराधियों का किया एनकाउंटर, एक STF जवान शहीद
मोतिहारी में STF–अपराधियों की भीषण मुठभेड़

Bihar’s Motihari encounter News: बिहार के मोतिहारी जिले में सोमवार देर रात स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और कुख्यात अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो बदमाश मारे गए, जबकि एक बहादुर जवान शहीद हो गया।
चकिया थाना क्षेत्र के रामडीहा गांव में हुई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस और अपराधियों के बीच करीब 10 मिनट तक जबरदस्त गोलीबारी हुई।
पुलिस ने मौके से कार्बाइन, पिस्टल और जिंदा कारतूस समेत कई हथियार बरामद किए हैं।
पूर्वी चंपारण जिले के चकिया थाना क्षेत्र के रामडीहा गांव में सोमवार रात करीब 2:30 बजे पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई।
इस दौरान स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो कुख्यात अपराधी कुंदन ठाकुर और प्रियांशु दुबे मारे गए।
वहीं बहादुरी से मोर्चा संभाल रहे कॉन्स्टेबल श्रीराम यादव (31) को गोली लगने से उनकी मौत हो गई। मृतक जवान श्रीराम यादव सबसे आगे रहकर कार्रवाई कर रहे थे।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से एक कार्बाइन, दो पिस्टल, दो कट्टा, पांच जिंदा कारतूस और 17 खोखे बरामद किए हैं।
धमकी भरे फोन के बाद पुलिस हुई सतर्क
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले ही कुंदन ठाकुर और प्रियांशु दुबे ने चकिया थाना के एडिशनल एसएचओ गौरव कुमार को नेपाल के नंबर से फोन कर धमकी दी थी।
फोन पर उन्होंने पुलिस को चुनौती देते हुए कहा था कि जल्द ही ऐसी खबर आएगी जिसमें 10 से 15 पुलिसकर्मियों की मौत होगी।
इस धमकी के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी थी और कॉल ट्रेसिंग के जरिए उनकी लोकेशन का पता लगाया जा रहा था।
सूचना मिलते ही टीम ने की घेराबंदी
सोमवार रात पुलिस को सूचना मिली कि कुंदन ठाकुर चकिया थाना क्षेत्र के सिहोरवा गांव में अपने साथियों के साथ मौजूद है। बताया गया कि वह संत कुमार के घर में छिपा हुआ है।
इसके बाद एसडीपीओ संतोष कुमार के नेतृत्व में चकिया थाना पुलिस और STF की संयुक्त टीम बनाई गई।
करीब 20 से 25 पुलिसकर्मी महज 15 मिनट में छह किलोमीटर दूर बताए गए ठिकाने पर पहुंच गए और घर की घेराबंदी कर ली।
दरवाजा खुलते ही शुरू हुई फायरिंग
कार्रवाई के दौरान सबसे आगे कॉन्स्टेबल श्रीराम यादव थे। उन्होंने घर की घंटी बजाई। करीब दो मिनट बाद एक बुजुर्ग व्यक्ति ने दरवाजा खोला और अंदर चला गया। इसके तुरंत बाद घर की सभी लाइटें बंद हो गईं।
पुलिस के अंदर घुसने से पहले ही अपराधियों ने कार्बाइन से दो राउंड फायरिंग कर दी। एक गोली श्रीराम यादव के सीने में और दूसरी कमर में जा लगी।
इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी और दोनों ओर से करीब 10 मिनट तक 20 से 30 राउंड गोलियां चलीं।
इस मुठभेड़ में दोनों अपराधी कुंदन ठाकुर और प्रियांशु दुबे भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
वहीं गंभीर रूप से घायल जवान श्रीराम यादव की भी इलाज के दौरान मौत हो गई।
दो सहयोगी गिरफ्तार, इलाके में सर्च अभियान
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने चकिया के सिहोरवा निवासी उज्जवल कुमार और संत कुमार तिवारी को गिरफ्तार किया है।
वहीं कुछ अन्य अपराधी मौके से फरार होने में सफल रहे। उनकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
DIG और SP ने संभाली कमान
घटना की जानकारी मिलते ही डीआईजी हरकिशोर राय और एसपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके में सर्च अभियान तेज कर दिया गया।
पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगातार छापेमारी कर फरार अपराधियों की तलाश कर रही है।
डीआईजी हरकिशोर राय ने बताया कि सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी हथियारों के साथ घर में छिपे हुए हैं।
छापेमारी के दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसमें एक जवान को गोली लग गई।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो अपराधी घायल हुए, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि दोनों अपराधियों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस इस पूरे मामले में आगे की जांच और फरार अपराधियों की तलाश में जुटी हुई है।
Author Profile

- अंकिता कुमारी पत्रकारिता की छात्रा हैं। वर्तमान में वह संजीवनी समाचार डॉट कॉम के साथ इंटर्नशिप कर रही हैं और समाचार लेखन व फील्ड रिपोर्टिंग में सक्रिय रूप से जुड़ी हुई है।
Latest entries
छपराMarch 17, 2026सारण में ‘ज्ञान भारतम मिशन’ के तहत पांडुलिपियों की खोज, अब सुरक्षित रहेंगी प्राचीन धरोहरें
बिहारMarch 17, 2026बहादुरी की आखिरी कहानी: मोतिहारी एनकाउंटर में शहीद हुए STF जवान श्रीराम यादव
बिहारMarch 17, 2026Criminal Encounter: मोतिहारी पुलिस ने दो कुख्यात अपराधियों का किया एनकाउंटर, एक STF जवान शहीद
करियर – शिक्षाMarch 16, 2026Rojagar Mela: नौकरी की तलाश कर रहें छपरा के बेरोजगारों के लिए सुनहरा मौका, 100 पदों पर होगी भर्ती, 20 हजार मिलेगा सैलरी







