छपरा रेलवे कॉलोनी में बना आकर्षक ग्रीन पार्क, जहाँ खिलखिलाएंगे बच्चे, टहलेंगे बुजुर्ग
रेलवे कर्मचारियों को मिली बड़ी सौगात

छपरा। रेलवे कर्मचारियों और उनके परिवारों को स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में वाराणसी मंडल ने एक सराहनीय पहल की है। मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी आशीष जैन की प्रेरणा से इंजीनियरिंग विभाग द्वारा छपरा रेलवे स्टेशन के निकट कृष्णानगर रेलवे कॉलोनी में लंबे समय से खाली पड़ी भूमि को विकसित कर उसे एक सुंदर और उपयोगी हरित पार्क का स्वरूप दिया गया है। यह पार्क न केवल बच्चों के मनोरंजन का केंद्र बनेगा, बल्कि वरिष्ठ नागरिकों और कर्मचारियों के लिए भी सुकून भरा स्थान साबित होगा।
इस पार्क का निर्माण इंजीनियरिंग विभाग के साथ पर्यावरण एवं हाउसकीपिंग विभाग के सहयोग से किया गया है। परियोजना को धरातल पर उतारने में वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (द्वितीय) विनीत कुमार एवं सहायक मंडल इंजीनियर (छपरा) ए.के. राय ने सक्रिय भूमिका निभाई। खाली और उपेक्षित भूमि की व्यापक साफ-सफाई कर वहां सजावटी व छायादार पौधों का रोपण किया गया, जिससे पूरे क्षेत्र की तस्वीर ही बदल गई है।
आकर्षक सुविधाएं पार्क की खास पहचान
पार्क को इस तरह विकसित किया गया है कि हर आयु वर्ग के लोग इसका लाभ उठा सकें। छोटे बच्चों के लिए यहां विभिन्न प्रकार के झूले और खेल उपकरण लगाए गए हैं, ताकि वे सुरक्षित वातावरण में खेल सकें। वहीं कर्मचारियों, वरिष्ठ नागरिकों और बुजुर्गों के लिए मॉर्निंग वॉक एवं जॉगिंग ट्रैक के साथ-साथ बैठने की समुचित व्यवस्था की गई है। बच्चों के लिए अलग खेल मैदान और आकर्षक सुविधाएं पार्क की खास पहचान बन रही हैं।
पार्क में लगाए गए विभिन्न किस्म के फूल और पौधे इसकी सुंदरता को और भी निखारते हैं। पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए पर्यावरण के अनुकूल कूड़ेदान, बेहतर प्रकाश व्यवस्था तथा पीने के पानी की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जिससे लोग सुबह और शाम दोनों समय आराम से पार्क का उपयोग कर सकें।
मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने पार्क के निर्माण पर खुशी व्यक्त करते हुए इसे रेलवे कर्मचारियों एवं उनके बच्चों के हित में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह पार्क न केवल हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण को शुद्ध रखने में सहायक होगा, बल्कि रेलवे कॉलोनी में रहने वाले बच्चों को खेलने के लिए एक सकारात्मक और सुरक्षित माहौल भी प्रदान करेगा।
उन्होंने रेलवे कॉलोनी में निवास करने वाले कर्मचारियों से अपील की कि वे इस पार्क की स्वच्छता और रख-रखाव का विशेष ध्यान रखें, ताकि यह पार्क लंबे समय तक सभी के लिए उपयोगी बना रहे। यह हरित पार्क अब कृष्णानगर रेलवे कॉलोनी के लिए एक नई पहचान बनकर उभर रहा है और लोगों को प्रकृति के और करीब लाने का कार्य कर रहा है।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर, अमर उजाला और हिन्दुस्थान समाचार में सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
करियर – शिक्षाApril 30, 2026Chhapra Rojagar Mela: छपरा के बेरोजगार युवाओं के लिए बड़ा मौका, बजाज संस में 83 पदों पर वैकेंसी
देशApril 30, 2026वर्षों पुराने केस अब जल्द होंगे खत्म, सुप्रीम कोर्ट ने लाया ‘समाधान समारोह-2026’
बिहारApril 30, 2026Electric Bus Services: बिहार में दौड़ेगी AC वाली 400 ई-बसें, राजगीर से पूर्णिया तक होगा बदलाव
बिहारApril 30, 2026जब सायरन गरजेगा, बंद हो जाएगी रोशनी, 6 जिलों में होगा ‘ब्लैकआउट का रिहर्सल’







