Daroga Bharti Exam: छपरा में 25 केंद्रों पर होगी दरोगा भर्ती की परीक्षा, जैमर-सीसीटीवी से होगी सख्त पहरेदारी
25 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में होगी परीक्षा

छपरा। पुलिस अवर निरीक्षक (दरोगा) के पद पर नियुक्ति हेतु प्रारंभिक लिखित प्रतियोगिता परीक्षा का आयोजन आगामी 18 जनवरी एवं 21 जनवरी को जिला मुख्यालय छपरा में किया जाएगा। परीक्षा को स्वच्छ, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक एवं सख्त तैयारियां की गई हैं। परीक्षा जिले के कुल 25 परीक्षा केंद्रों पर दो-दो पालियों में आयोजित की जाएगी।
प्रत्येक पाली में 13,296 अभ्यर्थी होंगे शामिल
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार प्रत्येक परीक्षा दिवस पर दो पालियों में परीक्षा आयोजित होगी, जिसमें प्रत्येक पाली में 13,296 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इस प्रकार एक दिन में लगभग 26 हजार से अधिक परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
सुरक्षा एवं निगरानी के पुख्ता इंतजाम
परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त आयोजन के लिए 25 स्टैटिक दंडाधिकारी सह प्रेक्षक, 11 जोनल दंडाधिकारी सह समन्वय प्रेक्षक, 4 उड़नदस्ता दंडाधिकारी तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस पदाधिकारी प्रतिनियुक्त किए गए हैं। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर जैमर लगाए जाएंगे, वहीं सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी एवं वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है।
बायोमेट्रिक उपस्थिति और फोटोग्राफी अनिवार्य
परीक्षा की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक अभ्यर्थी के प्रवेश के समय एवं परीक्षा के दौरान फोटोग्राफी/वीडियोग्राफी,तथा बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज की जाएगी।
निषेधाज्ञा रहेगी लागू
परीक्षा केंद्रों के 500 गज की परिधि में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू रहेगी। इसके साथ ही परीक्षा अवधि के दौरान परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित साइबर कैफे एवं फोटो कॉपी की दुकानें बंद रहेंगी।
इलेक्ट्रॉनिक गैजेट पर पूर्ण प्रतिबंध
परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच या घड़ी लेकर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। प्रत्येक परीक्षा कक्ष में केंद्राधीक्षक द्वारा दीवार घड़ी की व्यवस्था की जाएगी।
परीक्षा का समय व प्रवेश व्यवस्था
प्रथम पाली:
- परीक्षा समय: पूर्वाह्न 10:00 बजे से मध्याह्न 12:00 बजे तक
- प्रवेश समय: सुबह 8:30 बजे से 9:30 बजे तक
- 9:30 बजे के बाद प्रवेश वर्जित
द्वितीय पाली:
- परीक्षा समय: अपराह्न 2:30 बजे से 4:30 बजे तक
- प्रवेश समय: दोपहर 1:00 बजे से 2:00 बजे तक
- 2:00 बजे के बाद प्रवेश वर्जित
संयुक्त ब्रीफिंग में दिए गए निर्देश
परीक्षा से पूर्व जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं पुलिस अधीक्षक ग्रामीण संजय सिंह द्वारा सभी केंद्राधीक्षकों एवं प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग की गई, जिसमें परीक्षा संचालन, सुरक्षा व्यवस्था एवं कदाचार पर सख्त निगरानी के निर्देश दिए गए।
नियंत्रण कक्ष रहेगा सक्रिय
परीक्षा अवधि के दौरान किसी भी आपात स्थिति या सूचना के लिए जिला नियंत्रण कक्ष दूरभाष संख्या 06152-242444 पर क्रियाशील रहेगा। जिला प्रशासन ने सभी परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय से पूर्व परीक्षा केंद्र पहुंचें, नियमों का पालन करें और परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करें।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
- August 26, 2026छपराSaran Flood Alert: सारण में बाढ़ का खतरा बढ़ा, डीएम का बड़ा अलर्ट- अधिकारी छोड़ नहीं सकेंगे मुख्यालय
- August 26, 2026छपरासारण में बाढ़ का अलर्ट: 40 किलोमीटर तटबंध का DM-SSP ने किया निरीक्षण
- August 26, 2026छपराChhapra News: पुल की रेलिंग पर बैठना पड़ा भारी, सारण में नदी में गिरने से युवक की मौत
- August 26, 2026छपराfolk singer Shekhar Suman: छपरा के प्रसिद्ध लोक गायक शेखर सुमन ने नदी में कूदकर दी जान, तलाश में जुटी एसडीआरएफ



