
छपरा। बिहार के सोनपुर में प्रस्तावित ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे के निर्माण की दिशा में एक बड़ा कदम आगे बढ़ गया है। भारत सरकार के नागरिक उड्डयन मंत्रालय की ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट्स स्टीयरिंग कमेटी ने इस परियोजना को साइट क्लीयरेंस प्रदान कर दी है। इससे अब इस महत्वाकांक्षी परियोजना को जमीन पर उतारने की प्रक्रिया तेज होने की उम्मीद है।
इस संबंध में सारण के सांसद राजीव प्रताप रूडी ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह उनके लगभग 16 वर्षों की परिकल्पना और पिछले सात वर्षों से चल रही प्रशासनिक प्रक्रिया का सकारात्मक परिणाम है।
उन्होंने बताया कि नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सचिव की अध्यक्षता में गठित ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट्स स्टीयरिंग कमेटी में गृह मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय, आर्थिक मामलों का विभाग, राजस्व विभाग, नीति आयोग, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) और नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) के वरिष्ठ अधिकारी सदस्य होते हैं।
डीपीआर के आधार पर आगे निर्माण
सांसद रूडी ने बताया कि साइट क्लीयरेंस मिलने के बाद अब अगला चरण आरएफपी (Request for Proposal) जारी करने का होगा, जिसके तहत कंसल्टेंट की नियुक्ति की जाएगी।
कंसल्टेंट द्वारा इस परियोजना का विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (DPR) तैयार किया जाएगा। डीपीआर के आधार पर आगे निर्माण और अन्य प्रक्रियाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सोनपुर में बनने वाला यह ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा उत्तर बिहार की क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करने के साथ-साथ उद्योग, व्यापार और पर्यटन को भी नई गति देगा।
यह एयरपोर्ट भविष्य में उत्तर-पूर्व भारत, भूटान, नेपाल, पश्चिम बंगाल और बिहार के लिए एक महत्वपूर्ण एविएशन हब के रूप में विकसित होने की क्षमता रखता है।
सांसद के अनुसार इस परियोजना में करीब 10 हजार करोड़ रुपये तक निवेश की संभावना जताई जा रही है। इससे क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे और बुनियादी ढांचे का व्यापक विकास होगा।
हवाई चप्पल वाले हवाई जहाज में चलेंगे
राजीव प्रताप रूडी ने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की यह सोच कि “हवाई चप्पल पहनने वाला भी हवाई जहाज में चले” अब धीरे-धीरे धरातल पर साकार होती नजर आ रही है।
उन्होंने कहा कि सोनपुर में एयरपोर्ट बनने से न सिर्फ सारण और वैशाली बल्कि पूरे उत्तर बिहार के लोगों को हवाई यात्रा की सुविधा आसानी से उपलब्ध होगी और क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।
Author Profile

- अंकिता कुमारी पत्रकारिता की छात्रा हैं। वर्तमान में वह संजीवनी समाचार डॉट कॉम के साथ इंटर्नशिप कर रही हैं और समाचार लेखन व फील्ड रिपोर्टिंग में सक्रिय रूप से जुड़ी हुई है।
Latest entries
छपराMay 17, 2026सारण के इस गांव ने बदल दी वर्षों पुरानी परंपरा! मृत्यु भोज पर लगाया सामाजिक ब्रेक
पटनाMay 16, 2026अब बालगृह के बच्चे भी बनेंगे होटल मैनेजर और उद्यमी, 14 क्षेत्रों में मिलेगा फ्री प्रशिक्षण
पटनाMay 16, 2026अब दिव्यांगजनों के लिए पटना में चलेंगी 14 स्पेशल बसें, सीढियों की जगह होगा रैंप
पटनाMay 16, 2026अब किसानों को ईख मित्र ऐप से मिलेगी गन्ना खेती की जानकारी







