सारण DM का एक्शन: खनुआ नाला का निर्माण हर हाल में 15 जनवरी तक करें पूरा
शेरपुर STP के पास अतिक्रमण हटेगा, साफ पानी से किसानों को मिलेगी सिंचाई

छपरा। शहर में जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने और भारी बारिश में होने वाली जलजमाव की समस्या को खत्म करने के लिए जिलाधिकारी अमन समीर ने सोमवार को बड़ी समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने बुडको की टीम, परियोजना निदेशक, नगर निगम, नहर प्रमंडल और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ खनुआ नाला निर्माण और स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज परियोजना की अद्यतन प्रगति की गहन समीक्षा की। डीएम ने अधिकारियों को दो-टूक निर्देश देते हुए कहा कि निर्धारित समयसीमा के भीतर हर हाल में काम पूरा हो, ताकि शहरवासियों को राहत मिल सके।
शेरपुर STP के पास अतिक्रमण हटेगा, साफ पानी से किसानों को मिलेगी सिंचाई
डीएम ने कहा कि शेरपुर में निर्मित एसटीपी के पास मौजूद नहर पूरी तरह अतिक्रमित है। इसे तत्काल खाली कराया जाए, ताकि शुद्ध किया गया पानी नहर में प्रवाहित कर किसानों तक सिंचाई के लिए पहुँचाया जा सके। इसके लिए सदर के एसडीओ और सीओ को अविलंब कार्रवाई का आदेश दिया गया। साथ ही नहर प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया गया कि वे निरीक्षण कर एक विस्तृत कार्य योजना तैयार करें कि एसटीपी का पानी नहर में कैसे छोड़ा जाए।
खनुआ नाला निर्माण 15 जनवरी तक हर हाल में पूरा
बैठक में डीएम ने साफ कहा कि खनुआ नाला निर्माण कार्य 15 जनवरी 2026 तक पूरी तरह समाप्त हो जाना चाहिए। पुरानी गुरहट्टी और साहेबगंज सब्जी मंडी के पास बचे अतिक्रमणों को तत्काल हटाने का निर्देश नगर आयुक्त और एसडीओ को दिया गया है। करीमचक क्षेत्र में चल रहे नाला निर्माण कार्य को प्रशासनिक सहयोग से दिसंबर के अंत तक हर हाल में खत्म करने का आदेश भी दिया गया।
नाला निर्माण के दौरान सुचारू यातायात के लिए विशेष योजना
नगरपालिका चौक से थाना चौक तक, विशेष रूप से सुधा मिल्क पार्लर और सुलभ शौचालय के पास नाला निर्माण के दौरान यातायात बाधित हो सकता है। इसको ध्यान में रखते हुए डीएम ने यातायात प्रबंधन की कार्य योजना तुरंत तैयार करने का निर्देश दिया, ताकि सड़क के दोनों ओर नाला निर्माण कार्य भी चले और यातायात भी प्रभावित न हो।
साढ़ा ढाला ओवरब्रिज – मौना चौक मार्ग की चौड़ाई बढ़ेगी
डीएम ने कहा कि साढ़ा ढाला ओवरब्रिज के नीचे से मौना चौक तक निर्मित खनुआ नाला जिस ऊंचाई पर बनाया गया है, उसके समानांतर ही सड़क का विस्तार कराया जाए। इससे सड़क की चौड़ाई बढ़ेगी और शहर की ट्रैफिक क्षमता भी सुधरेगी।
स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज प्रोजेक्ट: अगस्त 2026 तक पूरा करने का निर्देश
मुख्यमंत्री सात निश्चय पार्ट-2 के तहत चल रही स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज परियोजना को लेकर डीएम ने कहा कि यह शहर के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने अगस्त 2026 तक कार्य को हर हाल में पूरा करने के लिए विस्तृत कार्य योजना उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि प्रत्येक 15 दिनों पर इसकी प्रगति समीक्षा होगी।
प्रभुनाथ नगर से अतिथि विहार टांडी तक वैकल्पिक मार्ग की तैयारी
फोरलेन बाईपास से प्रभुनाथ नगर होते हुए टांडी ग्राम तक वैकल्पिक सड़क निर्माण की दिशा में कदम उठाते हुए डीएम ने ग्रामीण कार्य प्रमंडल-1 के कार्यपालक अभियंता को स्थलीय निरीक्षण कर संभाव्यता प्रतिवेदन (Feasibility Report) उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने अंत में स्पष्ट किया कि शहर के विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करें।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
- August 18, 2026छपराSaran News: सेमरिया मोक्षधाम की बदलेगी तस्वीर, पुराने शवदाह गृह की होगी मरम्मत; नए भवन को कटाव से बचाएगा प्रशासन
- August 18, 2026छपराFSSAI License: छपरा में FSSAI का लाइसेंस बनवाना आसान, 10 दिनों तक चलेगा विशेष अभियान
- August 18, 2026SiwanSiwan News: सीवान के डीएम-एसपी दोनों हटाए गए, भरत सोनी बने नए एसपी, विजय प्रकाश मीणा संभालेंगे डीएम की जिम्मेदारी
- August 18, 2026छपराSaran SSP Transfer: सारण के एसएसपी विनीत कुमार का तबादला, रौशन कुमार संभालेंगे कमान



