पटना। सर्दी की छुट्टियों में बच्चों का समय अब मोबाइल और टीवी की स्क्रीन पर नहीं, बल्कि खेल के मैदान में बीतेगा। बिहार में बच्चों को कम उम्र से ही खेलों से जोड़ने और उनमें खेल प्रतिभा विकसित करने के उद्देश्य से राजगीर स्पोर्ट्स अकादमी में विशेष विंटर कैंप आयोजित किया जा रहा है। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण की ओर से यह कैंप 28 दिसंबर 2026 से 10 जनवरी 2027 तक चलेगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर आयोजित इस कैंप में 10 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बालक और बालिकाओं को विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। खास बात यह है कि एक ही कैंप में बच्चों को फुटबॉल, बास्केटबॉल, हॉकी, तीरंदाजी, टेबल टेनिस और शतरंज समेत कई खेलों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
मोबाइल की दुनिया से निकालकर खेल के मैदान तक लाने की पहल
सर्दी की छुट्टियों में अक्सर बच्चे मोबाइल फोन, टीवी और अन्य डिजिटल माध्यमों पर अधिक समय बिताते हैं। ऐसे में उन्हें स्क्रीन से दूर कर शारीरिक गतिविधियों और खेलकूद से जोड़ना इस विंटर कैंप का प्रमुख उद्देश्य है। इसके माध्यम से बच्चों को खेलों की बुनियादी जानकारी देने के साथ उनकी शारीरिक क्षमता, एकाग्रता, अनुशासन और टीम भावना विकसित करने पर जोर दिया जाएगा। साथ ही, कम उम्र में ही बच्चों की खेल प्रतिभा को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने का प्रयास होगा।
एक ही कैंप में कई खेलों की बारीकियां सीखेंगे बच्चे
विंटर कैंप के दौरान प्रतिदिन दो सत्रों में खेल और शारीरिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। बच्चों को सबसे पहले बुनियादी व्यायाम और फिटनेस से जुड़ी गतिविधियों में शामिल किया जाएगा। इसके बाद फुटबॉल की ड्रिब्लिंग और बास्केटबॉल की मूल तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। योग, टेबल टेनिस, एरोबिक्स, हॉकी, तीरंदाजी और शतरंज जैसी गतिविधियों से भी बच्चों को परिचित कराया जाएगा। सभी खेल गतिविधियां प्रशिक्षित प्रशिक्षकों की निगरानी में संचालित होंगी, ताकि बच्चों को सुरक्षित वातावरण में खेलों की तकनीक सीखने का अवसर मिल सके।
टी-शर्ट, रिफ्रेशमेंट के साथ मिलेगा प्रमाणपत्र
कैंप में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को बिहार राज्य खेल प्राधिकरण की ओर से टी-शर्ट, रिफ्रेशमेंट और सहभागिता प्रमाणपत्र दिया जाएगा। इस पहल के जरिए बच्चों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने, उनकी प्रतिभा को शुरुआती स्तर पर पहचानने और भविष्य में खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का लक्ष्य रखा गया है।
राजगीर स्पोर्ट्स अकादमी में आयोजित होने वाला यह विंटर कैंप बच्चों के लिए सर्दी की छुट्टियों को सीखने, खेलने और अपनी शारीरिक क्षमता विकसित करने का बेहतर अवसर साबित हो सकता है। इससे न केवल खेलों के प्रति उनकी रुचि बढ़ेगी, बल्कि बिहार में खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में भी नई पहल होगी।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
- November 28, 2026छपराफर्जी कॉल और संदिग्ध लिंक से रहें सावधान!सारण पुलिस ने छात्राओं को बताए साइबर ठगी से बचने के तरीके
- November 28, 2026खेलमोबाइल-टीवी छोड़िए, मैदान में उतरिए! राजगीर स्पोर्ट्स अकादमी में 28 दिसंबर से लगेगा विंटर कैंप, 10 खेलों का मिलेगा प्रशिक्षण
- November 28, 2026छपरासोनपुर मेले में मंत्री श्रवण कुमार का बड़ा ऐलान, महिलाओं को बनाएंगे उद्यमी; बिहार को देश के 5 विकसित राज्यों में शामिल करने का लक्ष्य
- November 28, 2026करियर – शिक्षाबिहार में बेटियों के लिए सुनहरा मौका! 39 आवासीय स्कूलों में 1604 सीटों पर मुफ्त नामांकन, 15 दिसंबर तक करें आवेदन



