बिहार में बेटियों के लिए सुनहरा मौका! 39 आवासीय स्कूलों में 1604 सीटों पर मुफ्त नामांकन, 15 दिसंबर तक करें आवेदन
प्रवेश परीक्षा के आधार पर होगा नामांकन
छपरा। आर्थिक और सामाजिक रूप से पिछड़े वर्ग की छात्राओं को बेहतर शिक्षा का अवसर देने के लिए बिहार सरकार ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। राज्य के 39 अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय प्लस-टू उच्च विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इन विद्यालयों में छठी से नौवीं कक्षा तक नामांकन के लिए छात्राओं से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। खास बात यह है कि आवेदन से लेकर प्रवेश परीक्षा तक की पूरी प्रक्रिया निःशुल्क रखी गई है। इच्छुक छात्राएं 15 दिसंबर 2026 तक विभागीय पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकती हैं।
अनुमंडल पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण पदाधिकारी, सारण (मुख्यालय) ने बताया कि बिहार सरकार के पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की ओर से राज्य के सभी जिलों में संचालित 39 आवासीय विद्यालयों में नामांकन के लिए संभावित रिक्तियां निर्धारित की गई हैं। इसके तहत कक्षा छह में 1560, कक्षा सात में 16, कक्षा आठ में 12 और कक्षा नौ में 16 सीटों पर नामांकन की प्रक्रिया होगी। इस प्रकार कुल 1604 संभावित रिक्तियों के विरुद्ध छात्राओं को प्रवेश का अवसर मिलेगा।
प्रवेश परीक्षा के आधार पर होगा नामांकन
इन विद्यालयों में नामांकन के लिए वस्तुनिष्ठ प्रकार की प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा कुल 100 अंकों की होगी। इसमें हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान विषयों से 20-20 अंकों के प्रश्न पूछे जाएंगे। निर्धारित परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर मेधा सूची तैयार कर नामांकन लिया जाएगा।
कक्षा के अनुसार निर्धारित की गई आयु सीमा
नामांकन के लिए छात्राओं की आयु की गणना 1 अप्रैल 2027 के आधार पर की जाएगी। इसके अनुसार कक्षा छह में प्रवेश के लिए छात्रा की उम्र 10 से 13 वर्ष, कक्षा सात के लिए 11 से 14 वर्ष, कक्षा आठ के लिए 12 से 15 वर्ष तथा कक्षा नौ के लिए 13 से 16 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आवेदिका की जन्मतिथि उसके शैक्षणिक प्रमाण-पत्र यानी विद्यालय परित्याग प्रमाण-पत्र (S.L.C.) में दर्ज जन्मतिथि के आधार पर मान्य होगी।
ऑनलाइन आवेदन के लिए इन दस्तावेजों की होगी जरूरत
इच्छुक छात्राएं विभागीय ऑनलाइन पोर्टल bcebonline.bihar.gov.in के माध्यम से आवेदन कर सकती हैं। आवेदन के दौरान जाति, आय और आवासीय प्रमाण-पत्र के साथ पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ तथा हस्ताक्षर निर्धारित स्थान पर अपलोड करना अनिवार्य होगा। आवेदन करने में किसी तरह की परेशानी होने पर छात्राएं संबंधित जिले या अनुमंडल के पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण कार्यालय से सहायता प्राप्त कर सकती हैं।
ये हैं नामांकन की महत्वपूर्ण तिथियां
विभाग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 5 नवंबर 2026 से शुरू हो चुकी है और 15 दिसंबर 2026 तक चलेगी। प्रवेश-पत्र 11 जनवरी 2027 को जारी किया जाएगा, जबकि प्रवेश परीक्षा 17 जनवरी 2027 (रविवार) को आयोजित होगी। परीक्षा का प्राप्तांक 5 फरवरी 2027 को प्रकाशित किया जाएगा और मेधा सूची 12 फरवरी 2027 को जारी होगी। इसके बाद 15 से 27 फरवरी 2027 तक नामांकन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। नए शैक्षणिक सत्र की कक्षाएं 1 अप्रैल 2027 से शुरू होंगी।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि नामांकन और प्रवेश परीक्षा के लिए छात्राओं से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। इच्छुक अभिभावक और छात्राएं विस्तृत जानकारी के लिए विभागीय वेबसाइट पर जा सकते हैं या संबंधित जिला एवं अनुमंडल पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
- November 28, 2026छपराफर्जी कॉल और संदिग्ध लिंक से रहें सावधान!सारण पुलिस ने छात्राओं को बताए साइबर ठगी से बचने के तरीके
- November 28, 2026खेलमोबाइल-टीवी छोड़िए, मैदान में उतरिए! राजगीर स्पोर्ट्स अकादमी में 28 दिसंबर से लगेगा विंटर कैंप, 10 खेलों का मिलेगा प्रशिक्षण
- November 28, 2026छपरासोनपुर मेले में मंत्री श्रवण कुमार का बड़ा ऐलान, महिलाओं को बनाएंगे उद्यमी; बिहार को देश के 5 विकसित राज्यों में शामिल करने का लक्ष्य
- November 28, 2026करियर – शिक्षाबिहार में बेटियों के लिए सुनहरा मौका! 39 आवासीय स्कूलों में 1604 सीटों पर मुफ्त नामांकन, 15 दिसंबर तक करें आवेदन



