छपरा। सुबह की शुरुआत होते ही गांव की सड़क पर एक शव मिलने से मशरक थाना क्षेत्र के सेरूकहा में हड़कंप मच गया। सड़क किनारे मकान निर्माण के लिए रखे ईंटों के ढेर के पास पड़े शव को देखकर ग्रामीणों के बीच अफरा-तफरी मच गई। मृतक के सिर में गोली लगने का निशान था। पहचान होने पर पता चला कि वह गांव के ही रवि प्रकाश हैं, जो शिव चर्चा करते थे और धरमासती बाजार में आरती भी दिखाते थे। शुक्रवार की सुबह हुई इस वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान स्व. वीरेंद्र मिश्रा के 37 वर्षीय पुत्र रवि प्रकाश के रूप में हुई है। घटना मशरक थाना क्षेत्र के सेरूकहा गांव की है। स्थानीय लोगों के अनुसार, शुक्रवार की सुबह कुछ महिलाएं गोबर फेंकने जा रही थीं। इसी दौरान उनकी नजर सड़क किनारे ईंटों के ढेर के पास पड़े एक व्यक्ति पर पड़ी। पास जाकर देखने पर उसके मृत होने की जानकारी हुई। इसके बाद महिलाओं के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई।
सिर में मारी गई थी गोली, मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी संजय कुमार सुधांशु, इंस्पेक्टर इंद्रजीत महंतों और मशरक थानाध्यक्ष उज्ज्वल कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी ली। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई।
डीएसपी संजय कुमार सुधांशु ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई है और मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी सूचना दी गई है। हत्या के कारणों और घटना में शामिल लोगों की पहचान के लिए पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
शिव चर्चा करते थे रवि प्रकाश, परिवार में दो बेटे और एक बेटी
ग्रामीणों के अनुसार, रवि प्रकाश धार्मिक गतिविधियों से जुड़े थे। वे शिव चर्चा करते थे और धरमासती बाजार में आरती भी दिखाते थे। उनकी पत्नी की चार वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी थी। परिवार में उनके दो बेटे और एक बेटी हैं। घटना के बाद बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। गांव में इस हत्या को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल है।
घटना की जानकारी मिलने पर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि वरुण राय भी घटनास्थल पर पहुंचे। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटनास्थल से मिलने वाले साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
- October 30, 2026क्राइमसारण में पुजारी की गोली मारकर हत्या, सड़क किनारे मिला शव, FSL टीम को बुलाया गया
- October 30, 2026छपरासारण समेत 10 जिलों के डीटीओ से जवाब तलब, परिवहन मंत्री ने डीटीओ को थमाया शो-कॉज
- October 30, 2026छपराछपरा में 3 नवंबर को लगेगा रोजगार मेला, 20 से 25 कंपनियां देंगी नौकरी का मौका
- October 29, 2026क्राइमसारण में ATM कार्ड बदलकर ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 4 ATM कार्ड और मोबाइल बरामद



