
पटना। भ्रष्ट लोकसेवकों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिहार की विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने लघु जल संसाधन विभाग के एक कार्यपालक अभियंता के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। आय से अधिक संपत्ति के मामले में बांका प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता हरेंद्र कुमार के पटना, फुलवारीशरीफ, वैशाली और बांका स्थित पांच ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान SVU को अभियंता और उनकी पत्नी के नाम से 1.43 करोड़ रुपये की सरकारी मूल्य वाली अचल संपत्तियों से जुड़े आठ दस्तावेज, 9.50 लाख रुपये नकद और करीब 81 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण समेत कई महत्वपूर्ण दस्तावेज एवं अन्य सामान मिले हैं।
SVU के अनुसार, कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप से संबंधित है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(1)(बी), पठनीय 13(2) एवं 12 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पांच ठिकानों पर एक साथ छापेमारी
SVU की टीम ने मंगलवार को कार्यपालक अभियंता हरेंद्र कुमार से जुड़े पांच ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया। SVU की टीम ने सभी ठिकानों पर एक साथ तलाशी लेकर संपत्ति, बैंक खातों, जमीन और अन्य निवेश से संबंधित दस्तावेजों की जांच की।
- पटना के पत्रकार नगर थाना क्षेत्र के महावीर नगर स्थित नंदनी अपार्टमेंट का फ्लैट नंबर 307
- फुलवारीशरीफ थाना क्षेत्र में उनकी पत्नी कुमारी सोनी के नाम पर दर्ज फ्लैट
- वैशाली के पातेपुर थाना क्षेत्र स्थित सिमरवारा का पैतृक आवास
- बांका स्थित लघु जल संसाधन विभाग का कार्यालय
- बांका में अभियंता का किराए का आवास
1.43 करोड़ की अचल संपत्ति के दस्तावेज मिले
तलाशी के दौरान अभियंता और उनकी पत्नी के नाम पर एक अतिरिक्त फ्लैट और विभिन्न भूखंडों समेत आठ अचल संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज मिलने की बात सामने आई है। SVU के अनुसार, इन संपत्तियों का सरकारी मूल्य करीब 1.43 करोड़ रुपये आंका गया है।
जांच में जिन संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज मिले हैं
- फुलवारीशरीफ क्षेत्र में बेउर चौराहा के पास जमीन का प्लॉट
- वैशाली के पातेपुर में खरीदी गई जमीन के तीन प्लॉट
- पत्नी के नाम पटना के महावीर नगर स्थित जनक नंदनी अपार्टमेंट का फ्लैट
- संपतचक में जमीन का एक प्लॉट
- दानापुर में जमीन का एक प्लॉट
- पटना के मीठापुर में कृषि फॉर्म के पास अंशुल होम्स में एक फ्लैट
- पटना जिले के परसा थाना क्षेत्र के फजीलाबाद मौजा में जमीन से संबंधित कागजात शामिल हैं।
SVU अब इन संपत्तियों की खरीद, वास्तविक मूल्य और आय के स्रोत से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है।
फ्लैट से 9.50 लाख नकद और 81 लाख के आभूषण
पटना के महावीर नगर स्थित जनक नंदनी अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 307 की तलाशी के दौरान SVU को 9.50 लाख रुपये नकद मिले। इसके अलावा करीब 81 लाख रुपये मूल्य के सोने और चांदी के आभूषण बरामद किए जाने की जानकारी दी गई है।
तलाशी के दौरान एक क्विड रेनो कार, होंडा यूनिकॉर्न बाइक और यामाहा स्कूटी समेत अन्य महंगी वस्तुओं की खरीद से जुड़े कई बिल और वाउचर भी मिले हैं। इन दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।
पैतृक आवास से भी नकदी और जमीन के कागजात
वैशाली के पातेपुर थाना क्षेत्र स्थित पैतृक आवास की तलाशी के दौरान 3.42 लाख रुपये नकद और जमीन से संबंधित कई दस्तावेज मिलने की बात सामने आई है। इस तरह तलाशी के दौरान नकद राशि और अचल संपत्तियों के दस्तावेज के साथ-साथ अन्य परिसंपत्तियों से संबंधित जानकारी भी जांच एजेंसी के हाथ लगी है।
पांच बैंक खातों की भी मिली जानकारी
तलाशी के दौरान सरकारी बैंकों में संचालित पांच बैंक खातों की जानकारी भी SVU को मिली है। प्राथमिक जांच में इन खातों में काफी राशि जमा होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि खातों में जमा वास्तविक राशि और उसके स्रोत का सत्यापन अभी किया जा रहा है। SVU अधिकारियों के अनुसार, बरामद दस्तावेजों, बैंक खातों, संपत्तियों और अन्य सामान की विस्तृत जांच के बाद ही आय और संपत्ति के बीच वास्तविक अंतर का आकलन किया जा सकेगा।
दस्तावेजों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई
SVU की कार्रवाई के बाद अब बरामद दस्तावेजों और संपत्तियों की वैधता की जांच की जा रही है। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि अभियंता और उनके परिवार के सदस्यों के नाम पर अर्जित संपत्तियां उनकी ज्ञात आय के अनुरूप हैं या नहीं। आय से अधिक संपत्ति के मामले में जांच पूरी होने के बाद संबंधित संपत्तियों और अन्य परिसंपत्तियों को लेकर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। SVU का भ्रष्ट लोकसेवकों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
- August 11, 2026क्राइमSVU Raid in Bihar: करोड़पति इंजीनियर के ठिकानों पर SVU की छापेमारी, 1.43 करोड़ की अचल संपत्ति के दस्तावेज मिले
- August 11, 2026क्राइमSaran Crime News: सुनसान रास्तों पर राहगीरों को हथियार दिखाकर लूटने की थी प्लानिंग, पुलिस ने दो अपराधियों को दबोचा
- August 11, 2026छपरासारण में DM ने की बड़ी कार्रवाई, चावल गबन करने वाले 2 पैक्स के खिलाफ FIR दर्ज
- August 10, 2026क्राइमSaran Crime News: सारण में लूटकांड में चार साल से फरार चल रहा आदित्य सिंह गिरफ्तार



