अब थानों में महिला हेल्प डेस्क पर सुनी जाएगी बुजुर्गों और ट्रांसजेंडर की समस्याएं
अभ्या ब्रिगेड ने छेड़खानी करने वाले 405 मनचलों के खिलाफ की कार्रवाई

पटना। राज्य के 855 थानों में महिला हेल्पलाइन डेस्क कार्यरत है। इनकी मदद से महिलाओं को हर तरह की सहायता प्रदान की जाती है। अब इन हेल्प डेस्क के जरिए वृद्धजनों और ट्रांसजेंडरों (उभयलिंगी) से जुड़े मामलों को भी देखा-सुना जाएगा और उन्हें समुचित सहायता भी प्रदान की जाएगी। यह जानकारी पुलिस मुख्यालय सरदार पटेल भवन के सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान एडीजी (कमजोर वर्ग) अमित कुमार जैन ने दी।
99 हजार 158 अपराधियों को किया गिरफ्तार
इस प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए एडीजी (मुख्यालय) सुनील कुमार ने कहा कि राज्य में विधि-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए अपराधियों की गिरफ्तार पर खासतौर से जोर दिया जा रहा है। इस वर्ष जनवरी से मार्च तक 99 हजार 158 अपराधियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। यानी इन तीन महीनों के दौरान औसतन 33 हजार अपराधी प्रत्येक महीने की दर से गिरफ्तार किए गए हैं। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार अपराधियों में 3 हजार 485 संगठित अपराधों को अंजाम देने वाले अपराधी भी शामिल हैं। इसके अलावा इस अवधि में गिरफ्तार किए गए नक्सलियों की संख्या 27 है।
बिहार में नक्सलियों का प्रभाव लगभग समाप्त हो गया है। उन्होंने कहा कि फिरौती के लिए अपहरण के मामलों में गिरफ्तार अपराधियों की संख्या इस वर्ष मार्च तक 8 है। पुलिस ने इन तीन महीनों में 1086 अवैध हथियार बरामद किए हैं। मार्च तक 13 रेगुलर हथियार भी बरामद किए हैं। 5 हजार 625 कारतूस और 24 मिनी गन फैक्ट्री भी बरामद की गई है।
अभया ब्रिगेड ने 405 मनचलों पर की कार्रवाई
एडीजी अमित जैन ने कहा कि शिक्षण संस्थानों के पास छेड़खानी या महिलाओं के साथ बदमाशी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए अभया ब्रिगेड का गठन सभी प्रमुख थाना क्षेत्रों में किया गया है। इसके जरिए जनवरी से मार्च तक 405 मनचलों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। 11 मामलों में एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की गई है। ब्रिगेड में कार्यरत महिला पुलिसकर्मियों के कार्यों में गतिशीलता लाने के लिए इन्हें स्कूटी प्रदान की जा रही है। कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद ऐसी 1500 स्कूटी खरीदने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जा रही है।
नया सवेरा अभियान में मुक्त कराए गए 94 पीड़ित, दो जिला टॉप
एडीजी (कमजोर वर्ग) ने कहा कि राज्य में मानव व्यापार के खिलाफ 1 से 30 अप्रैल तक नया सवेरा-2.0 अभियान चलाया गया। इस दौरान 46 नाबालिग बच्चों (20 बच्चियां और 26 बच्चे) समेत 94 पीड़ितों को मुक्त कराया गया। दो मानव तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है। इसी तरह बालश्रम के मामलों में 61 कांड दर्ज किए गए, जिसमें 190 बच्चों और 3 बच्चियों को मुक्त कराया गया।
लैंगिक अपराध और ऑर्केस्ट्रा या डांस ग्रुप के मामले में 20 कांड दर्ज किए गए, जिसमें 92 नाबालिग बच्चियों और 1 नाबालिक बच्चे समेत 140 पीड़ितों को मुक्त कराया गया। 35 महिलाओं समेत 114 मानव तस्करों को गिरफ्तार किया गया। इस तरह नया सवेरा अभियान के दूसरे चरण में 427 पीड़ितों को राज्यभर से मुक्त कराया गया है और 116 मानव तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
मुक्त कराए गए पीड़ितों में पश्चिम बंगाल के 28, हरियाणा के 2, झारखंड के 2, उत्तरप्रदेश के 6, छत्तीसगढ़ के 1, उड़ीसा के 3 और नेपाल के 1 शामिल हैं। एडीजी ने कहा कि अभियान के दौरान सर्वाधिक गिरफ्तारी करने वाले टॉप दो जिलों रोहतास और अररिया को पुरस्कृत किया जाएगा।
गर्ल्स हॉस्टल संचालन के लिए गाइडलाइन जारी
एडीजी श्री जैन ने कहा कि गर्ल्स हॉस्टल के संचालन को लेकर विस्तृत और सख्त गाइडलाइन जारी की गई है। इनका पालन सभी को अनिवार्य रूप से करना होगा। इसमें हॉस्टल में बिजली, पानी, समुचित स्थान, सीसीटीवी कैमरा, सुरक्षा से जुड़े मानक समेत अन्य सभी जरूरी चीजें होना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति एवं जनजाति से जुड़े मामलों की जांच और निपटारे में तेजी लाने से संबंधित निर्देश दिए गए हैं।
2025 में इससे संबंधित 5010 मामले अनुसंधान के लिए लंबित थे। फरवरी 2026 में इन मामलों में कमी दर्ज की गई और इनकी संख्या घटकर 4870 हो गई। इसकी निरंतर मॉनीटरिंग की जा रही है। उन्होंने कहा कि घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम, 2005 तथा जेंडर आधारित हिंसा विषय पर महिला एवं बाल विकास निगम के सहयोग से 12 मई को एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर, अमर उजाला और हिन्दुस्थान समाचार में सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
बिहारJune 18, 2026IPS Trnsfer in Bihar: बिहार पुलिस में बड़ा फेरबदल: 27 IPS अधिकारियों का तबादला, कई जिलों को मिले नए SP
Railway UpdateJune 18, 2026छपरा को रेल मंत्री देंगे बड़ी सौगात: छपरा-दिल्ली एक्सप्रेस का होगा शुभारंभ, मढ़ौरा से विदेश जाएगा 51वां रेल इंजन
बिहारJune 18, 2026बिहार में जमीन खरीदने पर महिलाओं को मिलेगा अतिरिक्त छूट, जमीन अधिग्रहण पर बढ़ा मुआवजा
बिहारJune 18, 2026जमीन मालिकों के लिए खुशखबरी! 11 सैटेलाइट टाउनशिप में जमीन बिक्री पर लगी पाबंदी खत्म







