करियर – शिक्षाबिहार

Matric Exam: सारण में 64 केंद्रों पर होगी मैट्रिक की परीक्षा, जूता-मोजा पहनकर आनेवालों को नहीं मिलेगी एंट्री

सीसीटीवी कैमरे से होगी निगरानी, मजिस्ट्रेट की तैनाती

छपरा। सारण जिले में वार्षिक माध्यमिक (सैद्धांतिक) परीक्षा 2026 को स्वच्छ, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। आगामी 17 फरवरी से 25 फरवरी तक चलने वाली मैट्रिक परीक्षा को लेकर जिलाधिकारी ने सभी परीक्षा केंद्राधीक्षकों के साथ समीक्षा बैठक कर कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं। परीक्षा के दौरान अनुशासन, सुरक्षा और पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया है।

68 परीक्षा केंद्रों पर होगी मैट्रिक परीक्षा

वार्षिक माध्यमिक (सैद्धांतिक) परीक्षा 2026 का आयोजन 17 फरवरी से 25 फरवरी की अवधि में किया जाएगा। इस परीक्षा में सारण जिले से 31,579 छात्र और 32,818 छात्राएं, यानी कुल 64,397 परीक्षार्थी शामिल होंगे। जिले में कुल 68 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 34 केंद्र छात्रों तथा 34 केंद्र छात्राओं के लिए निर्धारित किए गए हैं।

सदर अनुमंडल: 51 परीक्षा केंद्र (33 छात्रों के लिए, 18 छात्राओं के लिए)
मढ़ौरा अनुमंडल: 10 परीक्षा केंद्र (सभी छात्राओं के लिए)
सोनपुर अनुमंडल: 7 परीक्षा केंद्र (6 छात्राओं के लिए, 1 छात्रों के लिए)

दो पालियों में होगी परीक्षा

• परीक्षा का आयोजन प्रतिदिन दो पालियों में किया जाएगा
• प्रथम पाली: सुबह 09:30 बजे से 12:45 बजे तक
• द्वितीय पाली: दोपहर 02:00 बजे से 05:15 बजे तक

परीक्षार्थियों का परीक्षा केंद्र में प्रवेश परीक्षा आरंभ होने से आधा घंटा पहले तक ही मान्य होगा। प्रथम पाली के लिए 09:00 बजे के बाद द्वितीय पाली के लिए 01:30 बजे के बाद प्रवेश पूर्णतः वर्जित रहेगा।

advertisement

जूता-मोजा पहनकर प्रवेश वर्जित

कदाचार रोकने के उद्देश्य से परीक्षार्थियों के लिए जूता-मोजा पहनकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश प्रतिबंधित किया गया है। परीक्षार्थी केवल चप्पल पहनकर ही परीक्षा दे सकेंगे। इसके साथ ही किसी भी परीक्षार्थी को मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ, इयरफोन या अन्य किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के साथ प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

परीक्षा के स्वच्छ एवं कदाचारमुक्त संचालन के लिए जिले भर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

102 पुरुष/महिला स्टैटिक दंडाधिकारी
31 गश्ती दल दंडाधिकारी
09 जोनल दंडाधिकारी
05 सुपर जोनल दंडाधिकारी के साथ पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति

छात्राओं के परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षित एनक्लोजर बनाकर महिला पुलिस एवं महिला दंडाधिकारी द्वारा सघन फ्रिस्किंग कराने का निर्देश दिया गया है।

CCTV और वीडियोग्राफी से रहेगी नजर

सभी परीक्षा केंद्रों पर CCTV कैमरा, वीडियोग्राफी और पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा, परीक्षा केंद्रों के बाहर “क्या करें–क्या न करें” से संबंधित जानकारी फ्लेक्स बैनर के माध्यम से प्रदर्शित की जाएगी, ताकि परीक्षार्थियों को पहले से पूरी जानकारी मिल सके।

सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट पर सख्त कार्रवाई

जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि परीक्षा से संबंधित सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक, अफवाहपूर्ण या गलत सूचना पोस्ट करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस समीक्षा बैठक में अपर समाहर्ता, जिला शिक्षा पदाधिकारी, डीपीओ माध्यमिक शिक्षा सहित सभी परीक्षा केंद्रों के केंद्राधीक्षक उपस्थित रहे। छपरा सहित पूरे सारण जिले में मैट्रिक परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं नकलमुक्त तरीके से संपन्न कराने के लिए हर स्तर पर पुख्ता तैयारी की गई है।

Author Profile

Ankita Kumari
Ankita Kumari
अंकिता कुमारी पत्रकारिता की छात्रा हैं। वर्तमान में वह संजीवनी समाचार डॉट कॉम के साथ इंटर्नशिप कर रही हैं और समाचार लेखन व फील्ड रिपोर्टिंग में सक्रिय रूप से जुड़ी हुई है।

Ankita Kumari

अंकिता कुमारी पत्रकारिता की छात्रा हैं। वर्तमान में वह संजीवनी समाचार डॉट कॉम के साथ इंटर्नशिप कर रही हैं और समाचार लेखन व फील्ड रिपोर्टिंग में सक्रिय रूप से जुड़ी हुई है।

Related Articles

Back to top button