खेलबिहार

Hero Asia Cup: हॉकी के रंग में रंगा बिहार, दर्शकों के लिए फ्री एंट्री, टिकटजिनी ऐप से करें बुकिंग

कोरिया, भारत, पाकिस्तान… एशिया की दिग्गज टीमें भिड़ेंगी बिहार की धरती पर

पटना।  बिहार में पहली बार राजगीर खेल परिसर में 29 अगस्त से 7 सितंबर तक आयोजित होने वाली हीरो एशिया कप 2025 बिहार से संबंधित एक पत्रकार सम्मेलन पाटलिपुत्र खेल परिसर के कॉन्फ्रेंस हॉल में आज आयोजित किया गया। खेल विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी राजेंदर,बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण, हीरो एशिया कप के लिए पटना पहुंची भारतीय हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह और प्रशिक्षक क्रेग फुल्टन शामिल रहे।

प्रेस वार्ता में हीरो एशिया कप 2025 के बारे में जानकारी देते हुए बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण मे बताया कि बिहार में पहली बार बिहार में 29 अगस्त से 7 सितंबर तक राजगीर के अंतर्राष्ट्रीय खेल परिसर में यह प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित इस प्रतियोगिता का यह 12 वां संकरण है जिसमें भारत, चीन, जापान, चीनी ताइपे, मलेशिया,कोरिया,कजाखिस्तान और बांग्लादेश की टीमें शामिल हो रहीं हैं।

ऐप के माध्यम से टिकट बुकिंग

गत विजेता दक्षिण कोरिया पांच खिताब (1994, 1999, 2009, 2013 और 2022) के साथ पुरुष एशिया कप के इतिहास में सबसे सफल टीम है, जिसके बाद भारत (2003, 2007 और 2017) और पाकिस्तान (1982, 1985 और 1989) का स्थान है, जिन्होंने तीन-तीन बार टूर्नामेंट जीता है।
हीरो एशिया कप को देखने के लिए दर्शकों के लिए निःशुल्क प्रवेश की व्यवस्था की गयी है लेकिन इसके लिए व्यवस्था बनाए रखने के लिए और सुरक्षा कारणों से उन्हें ticketgenie app डाउनलोड कर उसमें टिकट बुक करना पड़ेगा,26 अगस्त से टिकट की बुकिंग शुरु हो जाएगी।

सभी देश के टीमें सारी सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था के साथ राजगीर के विभिन्न होटलों में ठहरेंगी तथा भारतीय हॉकी टीम राजगीर खेल परिसर में ही रहेगी। सरकार द्वारा खिलाडियों और दर्शकों की सुविधा और सुरक्षा का समुचित इंतजाम किया गया है ।
29 अगस्त को हॉकी के जादूगर कहे जाने वाले मेजर ध्यानचंद जी के जन्मदिन पर राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है। उनके सम्मान में ही 29 अगस्त को हीरो एशिया कप 2025 का शुभारंभ हो रहा है। 30 और 31 अगस्त को टूर्नामेंट के दौरान ही राजगीर में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है l

‘हॉकी विद हरमनप्रीत’ का आयोजन

30 अगस्त को ‘हॉकी विद हरमनप्रीत’ का आयोजन किया जा रहा है जिसमें आसपास के गावों के बच्चे और युवा खिलाड़ी भारतीय टीम के कप्तान हरमनप्रीत के साथ हॉकी खेलेंगे और हॉकी के महत्त्वपूर्ण गुर सीखेंगे। यह कार्यक्रम गांव गांव तक खेल संस्कृति के विकास और युवा खिलाडियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रखा गया है। इसी प्रकार 31 अगस्त को ‘संडे ऑन साइकिल’ का विशेष कार्यक्रम रखा गया है जिसमें आसपास के गाँवों के बच्चे युवा खिलाड़ी तथा भारतीय हॉकी टीम के खिलाड़ी और अधिकारी 5 किलोमीटर तक आसपास के इलाकों में साइकिल चलाएंगे। यह खिलाडियों और लोगों में स्वास्थ्य और पर्यावरण के प्रति जागरूकता पैदा करने के साथ साथ हर उम्र के लोगों में खेल संस्कृति के विकास के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।

हॉकी के जुनून को जन-जन तक पहुंचाने के लिए 17 अगस्त से शुरू हुई ट्रॉफी गौरव यात्रा बिहार के सभी जिलों के साथ-साथ चेन्नई, चंडीगढ़ (पंजाब, हरियाणा), दिल्ली, ओडिशा,असम और झारखंड राज्यों से होकर गुजरेगी। इस यात्रा का उद्देश्य युवाओं में हॉकी के प्रति रुचि जगाना, खेल संस्कृति को बढ़ावा देना और इस ऐतिहासिक आयोजन में जनभागीदारी सुनिश्चित करना है। अब तक झारखंड ओड़िशा, चंडीगढ़ राज्यों सहित बिहार के 28 जिलों में पहुंच चुकी है ट्रॉफी गौरव यात्रा । 29 तारीख को राजगीर पहुंच कर इस यात्रा का समापन होगा।

बिहार में खेलने के लिए बहुत उत्साहित

आज भारतीय हॉकी टीम के बिहार पहुंचने के साथ चीन,कोरिया,चीनी ताइपे, जापान, मलेशिया टीम बिहार आ चुकीं हैं। बाकी टीमें कल पहुंच जाएंगी। भारतीय हॉकी टीम के कप्तान हरमन प्रीत सिंह ने कहा कि हम बिहार में खेलने के लिए बहुत उत्साहित हैं, मैदान आशाजनक लग रहा है। हम खेल के लिए उत्सुक हैं, क्योंकि खिलाड़ियों के रूप में हमारे लिए टर्फ बहुत महत्वपूर्ण है।

हमें एशियाई टीमों से कड़ी टक्कर मिलेगी, लेकिन हम जीतने के लिए दृढ़ हैं। मैं राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में विश्व स्तरीय हॉकी टर्फ पर खेलने का बेसब्री से इंतज़ार कर रहा हूँ। मैंने इसे पहले तस्वीरों में देखा था, लेकिन मैं वहाँ खुद जाने के लिए बहुत उत्साहित हूँ। राजगीर खेल परिसर में अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ, मुझे यकीन है कि बिहार जल्द ही अपनी धरती से हॉकी चैंपियन तैयार करेगा।

बिहार के लिए गर्व का क्षण

हीरो एशिया कप 2025 का आयोजन बिहार के लिए गर्व का क्षण है। यह न केवल राज्य की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल आयोजन की क्षमता को प्रदर्शित करेगा, बल्कि पर्यटन, कला और संस्कृति के क्षेत्र में भी बिहार की वैश्विक छवि को सुदृढ़ करेगा। राजगीर खेल परिसर का विश्वस्तरीय हॉकी स्टेडियम इस आयोजन को और भी भव्य बनाएगा। हीरो एशिया कप 2025 का आयोजन बिहार के लिए ऐतिहासिक है, जो खेल, संस्कृति और पर्यटन के क्षेत्र में राज्य को वैश्विक मंच पर स्थापित करेगा।

News Desk

Publisher & Editor-in-Chief

Related Articles

Back to top button
close