कालाजार चैंपियन बनकर गांव की किशोरियों और महिलाओं को जागरूक कर रही है निक्की

स्वास्थ्य

• किशोरियों ने कालाजार को मिटाने का लिया संकल्प
• कालाजार से बचाव के लिए छिड़काव कार्य में सहयोग करेंगी किशोरियां
• सेंटर फॉर एडवोकेसी एंड रिसर्च के द्वारा बनाया गया है रोग सहायता समूह
छपरा,3 अक्टूबर । कालाजार उन्मूलन को लेकर स्वास्थ्य विभाग प्रतिबद्ध है। इसको लेकर सामुदायिक स्तर पर प्रयास किया जा रहा है। अब कालाजार के खिलाफ मुहिम में समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। विभाग के प्रयास का परिणाम भी देखने को मिल रहा है। कालाजार चैंपियन बनकर गांव के लोगों, किशोरियों और महिलाओं को जागरूक करने के लिए एक किशोरी सामने आयी है। हम बात कर रहे हैं सारण जिले के गड़खा प्रखंड के सरगटी गांव की रहने वाली निक्की कुमारी की। निक्की 12वीं कक्षा की छात्रा है। 2014 में निक्की को कालाजार (वीएल) हुआ था। फिर 2016 में पीकेडीएल हुआ था। जिसका इलाज सरकारी अस्पताल में हुआ और अब वह पूरी तरह से ठीक है।

कालाजार से ठीक होने के बाद निक्की ने यह संकल्प लिया कि वह जिस पीड़ा को झेल चुकी है। उसे गांव के अन्य लोगों को नहीं झेलने देगी। इसको लेकर वह काफी सकारात्मक प्रयास कर रही है। वह किशोरियों और महिलाओं की बैठक कर कालाजार से बचाव, लक्षण तथा उपचार के बारे जानकारी देकर जागरूक कर रही है। सरगटी गांव की निक्की अपने आस-पास के दर्जनों किशोरियों और महिलाओं की ग्रुप बनाकर समय-समय पर बैठक कर जागरूक कर रही है। बैठक में कालाजार से बचाव के लिए विभाग के द्वारा चलाये जाने वाले छिड़काव कार्य में सहयोग करने का संकल्प सभी किशोरियों के द्वारा लिया गया है।

पेशेंट सपोर्ट ग्रुप से मिली प्रेरणा:

सीफार के जिला समन्वयक रितेश राय ने बताया कि गड़खा प्रखंड के सरगटी गांव में स्वास्थ्य विभाग की सहयोगी संस्था सेंटर फॉर एडवोकेसी एंड रिसर्च के द्वारा कालाजार रोगी सहायता समूह बनाया गया है। जिसका नाम सरगटी रोगी सहायता समूह रखा गया है। निक्की को उस ग्रुप का लीडर बनाया गया है। निक्की कुमारी ग्रुप में काफी सक्रिय होकर काम कर रही है। इस समूह के माध्यम से कालाजार मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं और उनके अधिकार के बारे में जानकारी दी जाती है। हर माह बैठक कर मरीजों के साथ कालाजार के खात्मा को लेकर चर्चा की जाती है। मरीजों को कालाजार के लक्षण और, उपचार और बचाव के बारे में जानकारी दी जाती है।

8 से 10 तक सरगटी गांव में होगा छिड़काव:

स्वास्थ्य विभाग के द्वारा कालजार बीमारी से बचाव के लिए गड़खा प्रखंड के सरगटी गांव में सिंथैटिक पैराथैराइड का छिड़काव किया जायेगा। इसको लेकर तैयारी की गयी है। इस छिड़काव कार्य में रोगी सहायता समूह के सभी सदस्यों से सहयोग लिया जाएगा । प्रत्येक घर में छिड़काव कर्मियों के द्वारा छिड़काव किया जायेगा। इसके लिए आशा कार्यकर्ता और रोगी सहायता समूह के सदस्य लोगों को छिड़काव पूर्व जानकारी देंगे और सहयोग की अपील करेंगे।