क्राइमछपरा

Doctor Kidnapping Case: डॉ. सजल कुमार अपहरण कांड में मुख्य सरगना चिकित्सक समेत 6 अपराधी गिरफ्तार, हत्या की थी प्लानिंग

एक डॉक्टर ने हीं करायी थी अपहरण

छपरा। सारण जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डॉक्टर अपहरण कांड का सफलतापूर्वक उद्भेदन किया है। इस दौरान पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो कुख्यात अपराधी पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गए, जिन्हें हथियार के साथ मौके पर गिरफ्तार किया गया। मामले में मुख्य षड्यंत्रकर्ता सहित कुल छह अभियुक्तों की गिरफ्तारी हुई है।

जानकारी के अनुसार, दिनांक 18.12.2025 को नगर थाना में डॉ. सजल कुमार द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर 17.12.2025 की रात हथियार के बल पर अपहरण की घटना को लेकर नगर थाना कांड संख्या 734/25 दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देश पर ASP सदर के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया।

तकनीकी अनुसंधान से मिली सफलता

SIT टीम द्वारा तकनीकी अनुसंधान एवं गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर सबसे पहले दो अभियुक्त गोलू कुमार एवं धीरज गिरी को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद अन्य स्थानों पर छापेमारी कर रंजन राय एवं सोनू राय को गिरफ्तार किया गया। इन दोनों अभियुक्तों के पास से अपहरण कांड में छीने गए डॉ. सजल कुमार के चालक और केयरटेकर का मोबाइल फोन बरामद किया गया।

पूछताछ के दौरान अभियुक्त रंजन राय एवं सोनू राय ने अपहरण की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए अन्य सहयोगियों के नाम बताए। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि भागने के क्रम में उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी, जिसमें एक देशी कट्टा गाड़ी में ही छूट गया था, जबकि एक पिस्टल और एक देशी कट्टा भगवान बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत पी.एन. सिंह कॉलेज के पीछे बगीचे में छुपाया गया था।

हथियार बरामदगी के दौरान मुठभेड़

अभियुक्तों की निशानदेही पर जब पुलिस टीम हथियार बरामदगी के लिए पी.एन. सिंह कॉलेज के पीछे बगीचे में पहुंची, उसी दौरान दोनों अभियुक्तों ने पुलिस को धक्का देकर झाड़ियों की ओर भागने का प्रयास किया और छुपाए गए हथियार निकालकर पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। स्थिति को भांपते हुए पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें रंजन राय और सोनू राय के पैर में गोली लगी। दोनों घायल अभियुक्तों को मौके पर ही गिरफ्तार कर प्राथमिक उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया।

इस संबंध में भगवान बाजार थाना में अलग से प्राथमिकी दर्ज कर अग्रतर विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है। उल्लेखनीय है कि दोनों घायल अपराधियों के विरुद्ध जिले के विभिन्न थानों में कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनकी आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।

मुख्य षड्यंत्रकर्ता की गिरफ्तारी

इसी क्रम में अभियुक्तों की निशानदेही पर अपहरण कांड के मुख्य षड्यंत्रकर्ता डॉ. शिव नारायण एवं एक अन्य अभियुक्त मॉन्टी भारती को गिरफ्तार किया गया। जांच में यह तथ्य सामने आया है कि डॉ. शिव नारायण ने सुनियोजित साजिश के तहत फिरौती वसूलने एवं हत्या की योजना बनाई थी। डॉ. शिव नारायण के विरुद्ध पूर्व से भी कई आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

वरिष्ठ अधिकारियों ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

घटना की सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर ने घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी अभियुक्तों के विरुद्ध स्पीडी ट्रायल के माध्यम से सख्त सजा सुनिश्चित की जाएगी।

गिरफ्तार अभियुक्तों का नाम व पता

  1. डॉ. शिव नारायण, पिता–राम अनुग्रह नारायण, साकिन–ईस्ट बोरिंग कैनाल रोड, थाना–बुद्धा कॉलोनी, जिला–पटना
  2.  मॉन्टी भारती, पिता–स्व. किरण पाल भारती, साकिन–फरीदाबाद बल्लभगढ़, थाना–बल्लभगढ़, जिला–फरीदाबाद (हरियाणा)
  3.  गोलू कुमार, पिता–कामेश्वर राय, साकिन–धरमबाजी, थाना–अवतार नगर, जिला–सारण
  4.  धीरज गिरी, पिता–स्व. जुगेश्वर गिरी, साकिन–साहेबगंज, थाना–नगर, जिला–सारण
  5.  रंजन राय, पिता–मंगल राय, साकिन–दहियावां जगदंबा रोड, थाना–नगर, जिला–सारण
  6.  सोनू राय, पिता–भोला राय, साकिन–धर्मबागी, थाना–अवतार नगर, जिला–सारण

जप्त सामग्री

  • देशी कट्टा – 02
  • देशी पिस्टल – 01
  • जिंदा कारतूस – 02
  • खोखा – 05
  • मोबाइल फोन – 01

कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम

  • अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर–1
  • नगर थाना एवं भगवान बाजार थाना के थानाध्यक्ष एवं अन्य पुलिसकर्मी
  • जिला आसूचना इकाई, सारण

Author Profile

Ganpat Aryan
Ganpat Aryan
वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।

Ganpat Aryan

वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।

Related Articles

Back to top button