
छपरा। सारण जिले के सहाजितपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत धवरी गांव में एक युवक की चाकू गोदकर हत्या कर दिए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अरुण कुमार के 19 वर्षीय पुत्र राजन कुमार उर्फ राजा के रूप में हुई है। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शनिवार सुबह सहाजितपुर–मसरख मुख्य मार्ग को शव रखकर जाम कर दिया, जिससे कई घंटों तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।
कार गैराज में काम करता था राजन
प्राप्त जानकारी के अनुसार राजन कुमार गांव के ही एक कार गैराज में काम करता था। शुक्रवार रात वह रोज की तरह काम खत्म कर पैदल घर लौट रहा था। इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने उस पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए।
सड़क किनारे खून से लथपथ मिला युवक
कुछ समय बाद ग्रामीणों ने राजन को सड़क किनारे खून से लथपथ अवस्था में पड़ा देखा। इसके बाद तत्काल सहाजितपुर थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को इलाज के लिए बनियापुर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया। शनिवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद जब शव परिजनों को सौंपा गया, तो परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे।
शव रखकर सड़क जाम, पुलिस पर गंभीर आरोप
आक्रोशित लोगों ने सहाजितपुर–मसरख मुख्य मार्ग पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया। परिजनों का आरोप है कि युवक को गंभीर हालत में मिलने के बावजूद पुलिस ने उन्हें समय पर सूचना नहीं दी। इसके साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद परिजनों की अनुमति के बिना ही पोस्टमॉर्टम करा दिया गया, जिससे वे काफी नाराज हैं। परिजनों और ग्रामीणों ने दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, दिया कार्रवाई का भरोसा
सड़क जाम की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ राजकुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया और निष्पक्ष जांच तथा जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने लोगों को शांत कराया, जिसके बाद आवागमन बहाल हो सका।
जांच में जुटी पुलिस, गांव में दहशत
पुलिस ने अज्ञात अपराधियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संभावित आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद से धवरी गांव और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। लोग इस जघन्य हत्या से सहमे हुए हैं और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
- August 26, 2026छपराSaran Flood Alert: सारण में बाढ़ का खतरा बढ़ा, डीएम का बड़ा अलर्ट- अधिकारी छोड़ नहीं सकेंगे मुख्यालय
- August 26, 2026छपरासारण में बाढ़ का अलर्ट: 40 किलोमीटर तटबंध का DM-SSP ने किया निरीक्षण
- August 26, 2026छपराChhapra News: पुल की रेलिंग पर बैठना पड़ा भारी, सारण में नदी में गिरने से युवक की मौत
- August 26, 2026छपराfolk singer Shekhar Suman: छपरा के प्रसिद्ध लोक गायक शेखर सुमन ने नदी में कूदकर दी जान, तलाश में जुटी एसडीआरएफ



