Chhapra New Jail: छपरा में 22 एकड़ भूमि पर बनेगा नया मंडल कारा, चयनित भूमि का डीएम ने लिया जायजा
हसनपुरा पंचायत में बनेगा छपरा का नया मंडल कारा

छपरा। जिले में कारा व्यवस्था को आधुनिक और सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। शहर की बढ़ती जरूरतों और वर्तमान मंडल कारा की सीमाओं को देखते हुए छपरा में 22 एकड़ भूमि पर नए मंडल कारा का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए भूमि का चयन कर लिया गया है और प्रशासनिक स्तर पर प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
इस क्रम में सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने शुक्रवार को चयनित स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भूमि की स्थिति, पहुंच मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था और आधारभूत संरचनाओं की उपलब्धता का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
गड़खा अंचल के हसनपुरा पंचायत में चयनित भूमि
नया छपरा मंडल कारा गड़खा अंचल अंतर्गत हसनपुरा पंचायत में चयनित लगभग 22 एकड़ भूमि पर प्रस्तावित है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी के साथ पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), अपर समाहर्त्ता राजस्व, अधीक्षक मंडल कारा एवं अंचलाधिकारी, गड़खा भी उपस्थित रहे।
अग्रेत्तर कार्रवाई के निर्देश
जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने सभी संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिया कि भूमि से संबंधित सभी औपचारिकताएं, अभिलेखीय कार्य और तकनीकी प्रक्रिया को अविलंब पूर्ण किया जाए, ताकि नए मंडल कारा का निर्माण कार्य यथाशीघ्र प्रारंभ हो सके। उन्होंने कहा कि यह परियोजना जिले की कारा व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ-साथ सुरक्षा और प्रशासनिक सुगमता की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा नया मंडल कारा
प्रस्तावित नए मंडल कारा में भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आधुनिक सुरक्षा व्यवस्था, कैदियों की क्षमता में वृद्धि, प्रशासनिक भवन, बैरक, अस्पताल, मुलाकात कक्ष एवं अन्य आधारभूत सुविधाएं विकसित किए जाने की योजना है। इससे न केवल वर्तमान मंडल कारा पर दबाव कम होगा, बल्कि कैदियों के प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था में भी सुधार होगा।
जिले के विकास में अहम कदम
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, नया मंडल कारा छपरा जिले के बुनियादी ढांचे के विकास की दिशा में एक अहम परियोजना है। इससे न्यायिक और पुलिस प्रशासन को भी कार्य संचालन में सुविधा मिलेगी।
निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी ने उम्मीद जताई कि सभी विभागों के समन्वय से यह परियोजना तय समयसीमा में धरातल पर उतरेगी और छपरा को एक आधुनिक, सुरक्षित और सुव्यवस्थित मंडल कारा की सौगात मिलेगी।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
- September 20, 2026क्राइमसारण में शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लाखों रूपये के शराब के साथ 17 करोबारी दबोचे गए
- September 20, 2026करियर – शिक्षासारण में मदरसा शिक्षक के बेटे रैयान ने अंग्रेजी में पास किया यूजीसी नेट
- September 20, 2026छपराछपरा में कार्यपालक सहायकों ने भरी हुंकार, राज्यकर्मी का दर्जा पाने के लिए चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान
- September 20, 2026क्राइमChhapra Court: पांच साल जेल में रहने के बाद हत्या केस में बाइज्जत बरी, साक्ष्यों के आधार पर अदालत का फैसला



