Crime News: सारण में दो सहेलियां रहस्यमय ढंग से लापता, परिजनों को फोन पर हत्या की धमकी
अपहरण की आशंका, पुलिस से लगाई गुहार

छपरा l सारण जिले के तरैया थाना क्षेत्र से दो स्कूली छात्राओं के एक साथ लापता होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि दोनों लड़कियों के गायब होने के बाद उनके परिजनों को अज्ञात नंबर से फोन कर हत्या की धमकी भी दी गई है।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में भय और चिंता का माहौल बन गया है। परिजनों ने आशंका जताई है कि दोनों छात्राओं का अपहरण कर लिया गया है। उन्होंने पुलिस से उन्हें जल्द से जल्द सकुशल बरामद करने की गुहार लगाई है।
स्कूल से घर नहीं लौटीं दोनों छात्राएं
बताया जाता है कि यह मामला तरैया थाना क्षेत्र के मुरलीपुरा और चैनपुर खैराती गांव से जुड़ा है। दोनों छात्राएं आपस में अच्छी दोस्त हैं। वे तरैया स्थित आदर्श मध्य विद्यालय में कक्षा आठवीं की छात्रा हैं। बुधवार (11 मार्च) को दोनों छात्राएं रोज की तरह स्कूल के लिए घर से निकली थीं।
लेकिन स्कूल से छुट्टी होने के बाद वे घर वापस नहीं लौटीं। देर शाम तक जब दोनों के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। इसके बाद उन्होंने अपने स्तर पर आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की। हालांकि दोनों का कहीं कोई सुराग नहीं मिल सका।
अपहरण की आशंका, पुलिस से लगाई गुहार
इस मामले में चैनपुर खैराती गांव की रहने वाली छात्रा रामवती के पिता संजय प्रसाद ने तरैया थाना में आवेदन दिया है। उन्होंने बेटी के अपहरण की आशंका जताई है। साथ ही पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच करते हुए बेटी को जल्द से जल्द सकुशल बरामद करने की मांग की है।
वहीं दूसरी लापता छात्रा दिव्या कुमारी मुरलीपुरा गांव की रहने वाली है। दिव्या के दादा नागा साह ने भी थाना में आवेदन देकर पोती के लापता होने की सूचना दी है। उन्होंने उसकी सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता जताते हुए पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
धमकी भरे फोन से बढ़ी चिंता
परिजनों का कहना है कि लड़कियों के गायब होने के बाद उन्हें अज्ञात नंबर से फोन कर गंभीर धमकी दी गई है। कॉल करने वाले व्यक्ति ने लड़कियों की हत्या करने की बात कही। इससे परिवार के लोग बेहद सहमे हुए हैं। इस धमकी के बाद पूरे गांव और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद तरैया थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के गांवों में पूछताछ कर रही है। धमकी भरे कॉल करने वाले मोबाइल नंबर की भी तकनीकी जांच की जा रही है।
वहीं स्थानीय लोगों और परिजनों को उम्मीद है कि पुलिस जल्द ही दोनों छात्राओं का पता लगा लेगी। साथ ही उन्हें सुरक्षित घर वापस लाएगी।
Author Profile

- अंकिता कुमारी पत्रकारिता की छात्रा हैं। वर्तमान में वह संजीवनी समाचार डॉट कॉम के साथ इंटर्नशिप कर रही हैं और समाचार लेखन व फील्ड रिपोर्टिंग में सक्रिय रूप से जुड़ी हुई है।
Latest entries
छपराMay 17, 2026सारण के इस गांव ने बदल दी वर्षों पुरानी परंपरा! मृत्यु भोज पर लगाया सामाजिक ब्रेक
पटनाMay 16, 2026अब बालगृह के बच्चे भी बनेंगे होटल मैनेजर और उद्यमी, 14 क्षेत्रों में मिलेगा फ्री प्रशिक्षण
पटनाMay 16, 2026अब दिव्यांगजनों के लिए पटना में चलेंगी 14 स्पेशल बसें, सीढियों की जगह होगा रैंप
पटनाMay 16, 2026अब किसानों को ईख मित्र ऐप से मिलेगी गन्ना खेती की जानकारी







