Saran News: सीमा पर देश की रक्षा करते हुए शहीद हुआ सारण का वीर सपूत, 3 माह पहले हुई शादी
श्रीनगर में तैनात था सेना का जवान छोटू शर्मा

छपरा (सारण)। सारण जिले के दरियापुर थाना क्षेत्र के बेला शर्मा टोला गांव के आर्मी जवान छोटू शर्मा श्रीनगर में शहीद हो गए। शनिवार देर शाम सेना के अधिकारियों ने परिजनों को इस दुखद खबर से अवगत कराया। जवान के सिर में गोली लगने की बात सामने आई है, हालांकि सेना के अधिकारियों ने गोली चलने की वजह को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
परिवार के मुताबिक, शहादत की खबर मिलते ही गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है। पत्नी सुष्मिता को अब तक इस दर्दनाक घटना की जानकारी नहीं दी गई है। छोटू की शादी इसी साल 9 मई को बड़े ही धूमधाम से हुई थी। शादी के महज तीन महीने बाद उनकी शहादत की खबर से परिवार और गांव गमगीन है।
शादी के अगले दिन लौटा था ड्यूटी पर
परिजनों ने बताया कि शादी के दौरान छोटू को वैवाहिक अवकाश मिला था, लेकिन शादी के अगले ही दिन उन्हें “ऑपरेशन सिंदूर” के तहत ड्यूटी पर लौटने का आदेश मिला। तब से वे घर नहीं आए थे। छोटू की शहादत की खबर सुनते ही पूरा परिवार बेसुध हो गया है।
2017 में हुई थी सेना में भर्ती
छोटू शर्मा 2017 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। वे चार बहनों के इकलौते भाई थे। पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी थी, ऐसे में मां कामिनी देवी ने संघर्ष कर बच्चों की परवरिश की थी। छोटू के सेना में भर्ती होने और हाल ही में शादी करने के बाद परिवार की स्थिति में सुधार हुआ था। वह घर के एकमात्र सदस्य थे जिनकी सरकारी नौकरी थी।
छोटू सियाचिन जैसे कठिन इलाकों में भी अपनी सेवाएं दे चुके थे और वर्तमान में श्रीनगर में तैनात थे। गांव में रहकर उन्होंने फौज की तैयारी की थी और अपनी मेहनत से सफलता पाई थी।
शहादत पर गर्व और गम में डूबा गांव
गांव के लोगों का कहना है कि छोटू शर्मा की शहादत से जहां पूरा इलाका गर्व महसूस कर रहा है, वहीं उनके जाने से गहरा शोक भी छा गया है। छोटू की कमाई से परिवार को आर्थिक सहारा मिला था, उनकी शहादत से घर का पूरा बोझ अब मां और बहनों पर आ गया है।
परिजन और ग्रामीणों ने सरकार से मांग की है कि शहीद जवान के परिवार की देखभाल और पत्नी के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए विशेष कदम उठाए जाएं।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
- October 25, 2026छपराAtal Ghat Chhapra: अटल घाट बनेगा आस्था और सुकून का नया ठिकाना! बनेगा वॉकिंग ट्रैक, रोशनी और हरियाली से निखरेगा परिसर
- October 25, 2026छपराSonpur Mela: सोनपुर मेला में बनेगा 500 अस्थायी शौचालय, व्यवस्थित पार्किंग और जाम से निपटने की तैयारी
- October 23, 2026Technologyमलेशिया में Airtel की रोमिंग फेल, पटना में कंपनी पर लगा ₹1.25 लाख का हर्जाना
- October 23, 2026छपरासारण में पटाखों की बिक्री पर सख्ती! ग्रीन पटाखों को ही मिल सकती है मंजूरी, रात 8 से 10 बजे तक आतिशबाजी



