
छपरा। सारण पुलिस ने बहुचर्चित पंकज यादव हत्याकांड का सफल उद्भेदन करते हुए मुख्य शूटर समेत चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक पिस्टल, एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस तथा चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, मृतक पंकज यादव चर्चित अधिवक्ता डबल मर्डर केस का महत्वपूर्ण गवाह था। इसी वजह से उसकी हत्या की साजिश रची गई थी। मामले का खुलासा करते हुए सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) विनीत कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे मामले का पर्दाफाश किया है।
शादी समारोह से लौटते समय मारी गई थी गोली
एसएसपी विनीत कुमार ने बताया कि 28 जून 2026 की रात पंकज यादव अपने सगे भाई मनीष यादव के साथ एक शादी समारोह से मोटरसाइकिल पर लौट रहे थे। इसी दौरान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मेथवलिया गांव के समीप पहले से घात लगाए अपराधियों ने दोनों पर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में पंकज यादव की मौत हो गई, जबकि मनीष यादव गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
घटना के संबंध में मुफस्सिल थाना कांड संख्या-464/26 दिनांक 29 जून 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 126(2), 109, 103(1), 351(2)(3), 61(2), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया था।
एसआईटी के गठन के बाद तेज हुई जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी विनीत कुमार के निर्देश पर सदर-01 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) रामपुकार सिंह के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल के आसपास के तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन, सीडीआर, सीसीटीवी फुटेज तथा गुप्त सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी की। जांच के दौरान घटना में शामिल चार अपराधियों की पहचान हुई और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
मुख्य शूटर समेत चार गिरफ्तार
पुलिस ने जिन चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
- नंदन उर्फ करीमन, पिता अजीत राय, निवासी चंचौरा, थाना मुफस्सिल, जिला सारण — मुख्य शूटर
- निखिल कुमार, पिता सवाली सिंह, निवासी चंचौरा, थाना मुफस्सिल — रेकी करने वाला
- कुंदन कुमार, पिता विनोद सिंह, निवासी बसहिया, थाना मुफस्सिल — घटना में प्रयुक्त वाहन का चालक
- अंकित कुमार, पिता रामप्रवेश राय, निवासी चंचौरा, थाना मुफस्सिल — घटना में शामिल आरोपी
हथियार और मोबाइल बरामद
गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथियार और अन्य सामान भी बरामद किए हैं। इनमें एक पिस्टल, एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन शामिल हैं। बरामद मोबाइलों की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी ताकि घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आ सके।
अधिवक्ता डबल मर्डर केस से जुड़ा था मामला
एसएसपी ने बताया कि पंकज यादव अधिवक्ता डबल मर्डर केस का गवाह था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इसी कारण अपराधियों ने उसकी हत्या की साजिश रची। पुलिस पूरे षड्यंत्र की तह तक पहुंचने के लिए गिरफ्तार आरोपितों से गहन पूछताछ कर रही है। साथ ही इस हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपितों और साजिशकर्ताओं की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में मुफस्सिल थाना के थानाध्यक्ष, थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों के साथ-साथ जिला आसूचना इकाई (डीआईयू) सारण की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि मामले में अग्रेतर विधिसम्मत कार्रवाई जारी है तथा शेष आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
- August 22, 2026छपरासारण में जमीन निबंधन की राह होगी आसान! तीन हेल्पडेस्क, फ्लो चार्ट और टीवी स्क्रीन से मिलेगी पूरी जानकारी
- August 21, 2026क्राइमSaran Crime News: सारण में आभूषण व्यवसायी से लूटकांड का खुलासा, पुलिस ने एक बदमाश को दबोचा
- August 21, 2026क्राइमBihar Contract Killers: बिहार में सुपारी किलरों की बनी कुंडली, STF ने 350 से ज्यादा को किया चिन्हित
- August 19, 2026क्राइमChhapra Crime News: रिविलगंज में हथियार के बल पर बाइक लूटने वाले गिरोह का खुलासा, दो गिरफ्तार



