Voter List Update: अब हर वोटर को मिलेगा पूरा अधिकार, शिविर में ऑन-स्पॉट मिलेगा समाधान
शहर और प्रखंडों में 30 विशेष कैंप

छपरा। निर्वाचकों की सुविधा और सहज भागीदारी सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य को लेकरनगर निगम कार्यालय परिसर में विशेष दावा-आपत्ति शिविर का शुभारंभ करते हुए जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी अमन समीर ने कहा कि निर्वाचक सूची के गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत किसी भी मतदाता को कठिनाई न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह सजग और समर्पित है।
उन्होंने बताया कि 2 अगस्त से शुरू हुआ यह दावा-आपत्ति कार्यक्रम आगामी 1 सितंबर तक चलेगा, जिसके दौरान कोई भी नागरिक अपने नाम जुड़वाने, सुधार करवाने, स्थानांतरण कराने या विलोपन के लिए आवेदन कर सकता है। यह प्रक्रिया बीएलओ के माध्यम से या स्वयं ऑनलाइन पोर्टल के जरिए की जा सकती है।
शहर और प्रखंडों में 30 विशेष कैंप
निर्वाचकों की सुविधा को सर्वोपरि मानते हुए जिला प्रशासन ने नगर निगम कार्यालय सहित जिले के सभी 10 शहरी निकायों एवं 20 प्रखंड कार्यालयों में कुल 30 विशेष कैंप लगाए हैं। ये शिविर एक वन-स्टॉप सेंटर की तर्ज पर कार्य कर रहे हैं, जहां ड्राफ्ट मतदाता सूची देखने, फॉर्म प्राप्त करने और भरने से लेकर ऑनलाइन आवेदन करने की पूरी सुविधा दी जा रही है।
जिलाधिकारी ने कहा कि अब किसी मतदाता को बीएलओ को खोजने या जानकारी के लिए इधर-उधर भटकने की आवश्यकता नहीं है। कैंप स्थल पर ही उन्हें प्रशिक्षित कर्मी मदद कर रहे हैं और सभी आवश्यक फॉर्म्स (फॉर्म 6, 7, 8) एवं दिशानिर्देश उपलब्ध हैं।
नए मतदाता को खुद दी गई जानकारी
नगर निगम कैंप के उद्घाटन के दौरान शहर के नारायण चौक निवासी रंजीत कुमार की पुत्री राशि रानी मतदाता बनने की प्रक्रिया जानने पहुंचीं। इस मौके पर जिलाधिकारी ने स्वयं एक मार्गदर्शक की भूमिका निभाते हुए उन्हें बताया कि नया नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भरना होता है। साथ में आयु और निवास प्रमाण के रूप में निर्धारित 11 दस्तावेजों में से कोई एक और एक घोषणा पत्र संलग्न करना अनिवार्य है।
उन्होंने मौके पर उपस्थित कर्मियों को संभावित प्रश्नों और उनके सटीक उत्तरों के बारे में भी प्रशिक्षण दिया, ताकि आमजन को कोई असुविधा न हो।
डिजिटल प्लेटफॉर्म से बढ़ी पारदर्शिता और पहुँच
जिलाधिकारी ने डिजिटल सुविधा पर बल देते हुए कहा कि कोई भी नागरिक अब घर बैठे https://voters.eci.gov.in वेबसाइट पर जाकर अपना नाम देख सकता है और आवश्यकता अनुसार फॉर्म-6 (नाम जोड़ने के लिए), फॉर्म-7 (नाम विलोपित करने के लिए) और फॉर्म-8 (सुधार या स्थानांतरण के लिए) ऑनलाइन भर सकता है। इसके अतिरिक्त, बीएलओ द्वारा दी जा रही जानकारी का लाभ लेकर ऑफलाइन आवेदन भी किया जा सकता है।
उपस्थित रहे अधिकारी
इस अवसर पर नगर आयुक्त सुनील कुमार पांडेय, उप निर्वाचन पदाधिकारी जावेद इकबाल, एसडीएम नितेश कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवीन्द्र कुमार, उप नगर आयुक्त सुनील कुमार समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने शिविर में पहुंचने वाले मतदाताओं को जागरूक करने और उन्हें सुविधाजनक अनुभव देने के लिए अपनी जिम्मेदारी निभाने का आश्वासन दिया।
जानिए दावा-आपत्ति की प्रक्रिया
1. प्रारूप निर्वाचक सूची में नाम जांचें:
- बीएलओ के पास जाकर सूची देखें
- ऑनलाइन: https://voters.eci.gov.in/home/enumFormTrack या
https://voters.eci.gov.in/download-eroll?stateCode=S04
2. फॉर्म भरें:
- फॉर्म-6: नाम जोड़ने के लिए
- फॉर्म-7: नाम हटाने/विलोपन के लिए
- फॉर्म-8: नाम, पता, फोटो, लिंग, जन्मतिथि में सुधार या स्थानांतरण के लिए
यह दावा-आपत्ति अभियान न केवल प्रशासन की पारदर्शिता की पहल है, बल्कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने की दिशा में एक और सशक्त कदम है। यदि आपने अब तक अपना नाम सूची में नहीं देखा है या किसी प्रकार की त्रुटि है, तो शीघ्र कैंप में जाकर या ऑनलाइन माध्यम से सुधार सुनिश्चित करें।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
- October 21, 2026Railway Updateछपरा-सीवान के यात्रियों को रेलवे की सौगात! चंडीगढ़-बरौनी के बीच चलेगी त्योहार स्पेशल ट्रेन, जानें पूरा शेड्यूल
- October 21, 2026Railway UpdateRailway Alert: छपरा-दुर्ग सारनाथ एक्सप्रेस का ठहराव रद्द, 7 ट्रेनों के परिचालन में बदलाव; यात्रा से पहले जानें अपडेट
- October 21, 2026छपरासारण में गृह रक्षक भर्ती में बड़ा बदलाव: 3 अभ्यर्थियों का चयन रद्द, प्रतीक्षा सूची से नए उम्मीदवारों को मौका
- October 21, 2026करियर – शिक्षाछपरा में 24 अक्टूबर को होगी सिमुलतला आवासीय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा, 396 परीक्षार्थी होंगे शामिल



