Chhapra News: साथ खेलते-खेलते साथ ही दुनिया छोड़ गए, लिच्छवी एक्सप्रेस की चपेट में आकर जुड़वा मासूम भाइयों की दर्दनाक मौत
एक ही पल में उजड़ गई मां की गोद

छपरा। सारण जिले के दाउदपुर में शनिवार की सुबह एक हृदयविदारक रेल हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। छपरा–सीवान रेलखंड पर दाउदपुर रेलवे स्टेशन के समीप लिच्छवी एक्सप्रेस की चपेट में आने से पांच वर्षीय जुड़वा मासूम भाइयों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।मृतकों की पहचान दाउदपुर चट्टी निवासी भुखल नट के पांच वर्षीय जुड़वा पुत्र सूर्या कुमार और सागर कुमार के रूप में हुई है।
खेलते-खेलते रेलवे ट्रैक तक पहुंच गए दोनों मासूम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 9:40 बजे दोनों जुड़वा भाई घर के पास खेल रहे थे। खेलते-खेलते वे दाउदपुर रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे ट्रैक तक पहुंच गए। इसी दौरान छपरा की ओर जा रही लिच्छवी एक्सप्रेस तेज गति से वहां से गुजर रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन के आने का आभास होने से पहले ही दोनों बच्चे उसकी चपेट में आ गए, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे के बाद मची अफरातफरी
दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोग तत्काल घटनास्थल की ओर दौड़े और मामले की सूचना परिजनों तथा रेलवे पुलिस को दी। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां जुट गए। घटना की खबर मिलते ही मृतक बच्चों के परिजन भी मौके पर पहुंचे। अपने दोनों मासूम बेटों के शव देखकर परिवार के लोगों का विलाप सुन वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
जीआरपी ने शुरू की कानूनी प्रक्रिया
सूचना मिलने पर राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) मौके पर पहुंची और दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। हालांकि, परिजनों ने बच्चों का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। साथ ही उन्होंने किसी भी प्रकार की सरकारी सहायता या मुआवजा लेने से भी मना कर दिया।
गांव में पसरा मातम
एक ही परिवार के दो मासूम जुड़वा भाइयों की एक साथ हुई मौत से पूरे दाउदपुर चट्टी गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों बच्चे हमेशा साथ रहते और साथ ही खेलते थे। किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि दोनों की जिंदगी का अंत भी एक साथ इतनी दर्दनाक घटना में हो जाएगा।
इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों ने रेलवे ट्रैक के आसपास बच्चों की सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने और आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की भी मांग की है।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
- October 8, 2026छपरासारण में बाढ़ में ड्यूटी से गायब अफसर-कर्मियों पर गिरी गाज, प्रधान लिपिक निलंबित; FIR दर्ज करने का आदेश
- October 8, 2026क्राइमसारण में त्योहारों को लेकर पुलिस अलर्ट, QRT संभालेगी मोर्चा, संवेदनशील इलाकों पर पैनी नजर
- October 8, 2026बिहार‘बाहर से पानी नहीं ला सकते’ कहकर 50 रुपये में बेचा पानी, सिनेपॉलिस-कोका-कोला पर 85 हजार का जुर्माना
- October 8, 2026बिहारनोट गिनने के लिए बुलानी पड़ी मशीन! कार्यपालक अभियंता के 5 ठिकानों से 52.20 लाख कैश, 30 लाख के गहने बरामद



