छपरा। सारण जिले के लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक बड़ी सौगात मिली है। अब सदर अस्पताल में मरीजों को 127 प्रकार की पैथोलॉजिकल जांच की सुविधा उपलब्ध होगी। राज्य सरकार की पहल के तहत मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना सिटी स्थित गुरु गोविंद सिंह सदर अस्पताल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के सभी सदर अस्पतालों में उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं का एक साथ उद्घाटन किया। इसी क्रम में सदर अस्पताल में जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने नई पैथोलॉजिकल टेस्ट लैब का विधिवत उद्घाटन किया।
इस नई सुविधा के शुरू होने से अब जिले के मरीजों को कई महत्वपूर्ण जांचों के लिए निजी लैब का सहारा नहीं लेना पड़ेगा। एक ही परिसर में आधुनिक सुविधाओं के साथ 127 प्रकार की जांच उपलब्ध होने से समय, धन और परेशानी तीनों की बचत होगी।
राज्यभर में बढ़ीं जांच सुविधाएं
राज्य सरकार द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के तहत विभिन्न स्तर के सरकारी अस्पतालों में भी पैथोलॉजिकल जांच सुविधाओं का दायरा बढ़ाया गया है। सुविधा आम जनता को उपलब्ध कराई जाएगी। इससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में मरीजों को समय पर जांच और उपचार मिल सकेगा तथा उच्च संस्थानों पर अनावश्यक दबाव भी कम होगा।
- सदर अस्पतालों में 127 प्रकार की जांच
- अनुमंडलीय अस्पतालों में 76 प्रकार की जांच
- रेफरल अस्पताल एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में 63 प्रकार की जांच
- अर्बन प्राइमरी हेल्थ सेंटर में 45 प्रकार की जांच
डीएम ने किया अस्पताल का निरीक्षण
उद्घाटन के बाद जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने सदर अस्पताल का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों को मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रतीक्षा कक्ष, पैथोलॉजी लैब, जांच रिपोर्ट वितरण केंद्र सहित मरीजों से जुड़े सभी महत्वपूर्ण स्थलों की व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि अस्पताल में उपलब्ध सभी जांचों की सूची बड़े होर्डिंग के माध्यम से मुख्य प्रवेश द्वार और प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित की जाए, ताकि मरीजों को जानकारी के अभाव में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
सड़क निर्माण और जलजमाव पर भी दिए निर्देश
जिला पदाधिकारी ने सदर अस्पताल तक पहुंचने वाली निर्माणाधीन सड़क का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित एजेंसियों को सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश देते हुए कहा कि मरीजों और एंबुलेंस के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा नहीं होनी चाहिए।
इसके साथ ही अस्पताल परिसर में जलजमाव की समस्या का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परिसर को जल्द से जल्द जलजमाव मुक्त बनाया जाए और साफ-सफाई के साथ बेहतर ड्रेनेज व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
मरीजों को मिलेगा सीधा लाभ
नई पैथोलॉजिकल टेस्ट लैब के संचालन से अब जिले के हजारों मरीजों को सरकारी अस्पताल में ही गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध जांच सुविधा मिलेगी। इससे गंभीर बीमारियों की शीघ्र पहचान, इलाज में तेजी तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद है। स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि जांच सुविधाओं के विस्तार से आम लोगों का सरकारी अस्पतालों पर भरोसा और मजबूत होगा तथा उन्हें कम खर्च में बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
- October 29, 2026क्राइमसारण में ATM कार्ड बदलकर ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 4 ATM कार्ड और मोबाइल बरामद
- October 28, 2026क्राइमCrime News Chhapra: सारण में शौच करने गए युवक को चाकू मारकर किया घायल, जाँच में जुटी पुलिस
- October 28, 2026बिहारअब घर बैठे मिलेगी 118 साल पुरानी जमीन की रजिस्ट्री, बिहार में 77.80 लाख दस्तावेज अपलोड
- October 28, 2026छपरासारण में अब होगी सिटी एसपी की तैनाती, बिहार कैबिनेट ने नए पद सृजन को दी मंजूरी



