छपरा

अब सोनपुर बनेगा “नया पटना”, 575 गांवों को जोड़कर 800 वर्ग KM में फैलेगा आयोजना क्षेत्र

हरिहरनाथ कॉरिडोर, एयरपोर्ट और फिल्म सिटी को मिलेगी रफ्तार

छपरा। सारण के भविष्य के शहरी विकास की दिशा तय करने वाली सोनपुर आयोजना क्षेत्र प्राधिकार की महत्वपूर्ण बैठक जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में सोनपुर आयोजना क्षेत्र के द्वितीय विस्तार के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी गई। अब इस प्रस्ताव को आगे की स्वीकृति के लिए नगर विकास एवं आवास विभाग को भेजा जाएगा। विभागीय मंजूरी और अधिसूचना जारी होने के बाद मकेर और अमनौर प्रखंड भी सोनपुर आयोजना क्षेत्र का हिस्सा बन जाएंगे। इसके साथ ही आयोजना क्षेत्र का कुल दायरा बढ़कर 798.94 वर्ग किलोमीटर (करीब 800 वर्ग किमी) हो जाएगा, जिससे यह बिहार के सबसे बड़े आयोजना क्षेत्रों में शामिल हो जाएगा।

बैठक में बताया गया कि विस्तारित आयोजना क्षेत्र में 575 राजस्व गांव और तीन शहरी प्रशासनिक इकाइयां शामिल होंगी। इस विस्तार का उद्देश्य तेजी से हो रहे शहरीकरण को सुनियोजित दिशा देना, आधारभूत संरचना को मजबूत करना और भविष्य की बड़ी विकास परियोजनाओं के लिए व्यवस्थित योजना तैयार करना है।

सांसद ने बताया ‘नया पटना’ का विजन

बैठक में ऑनलाइन माध्यम से जुड़े सांसद राजीव प्रताप रूडी ने प्रस्तावित विस्तार का स्वागत करते हुए कहा कि विस्तारित सोनपुर आयोजना क्षेत्र भविष्य में ‘नया पटना’ के रूप में विकसित हो सकता है। उन्होंने कहा कि इस महत्वाकांक्षी योजना को लागू करते समय किसानों के हितों की पूरी सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी तथा विकास की प्रत्येक प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी होगी।

2023 से लगातार बढ़ रहा है आयोजना क्षेत्र

जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने बताया कि वर्ष 2023 में पहली बार सोनपुर आयोजना क्षेत्र अधिसूचित किया गया था। इसके बाद वर्ष 2025 में इसका पहला विस्तार करते हुए क्षेत्रफल लगभग 599 वर्ग किलोमीटर किया गया, जिसमें दरियापुर, दिघवारा, सोनपुर, गड़खा और परसा के कई क्षेत्रों को शामिल किया गया।

अब दूसरे विस्तार में मकेर और अमनौर प्रखंड को जोड़ने से करीब 199.94 वर्ग किलोमीटर अतिरिक्त क्षेत्र शामिल होगा और कुल क्षेत्रफल बढ़कर 798.94 वर्ग किलोमीटर हो जाएगा।

इन बड़ी परियोजनाओं को मिलेगा लाभ

आयोजना क्षेत्र के विस्तार से कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आने की उम्मीद है।

  • हरिहरनाथपुरम ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप
  • सोनपुर ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट
  • हरिहरनाथ कॉरिडोर
  • प्रस्तावित फिल्म सिटी जैसी परियोजनाएं शामिल हैं।

सड़क और कनेक्टिविटी होगी मजबूत

बैठक में बताया गया कि एनएच-139डब्ल्यू (NH-139W), शेरपुर-दिघवारा गंगा पुल, पटना रिंग रोड, गंगा-अंबिका पथ तथा गंगा-नारायणी पथ जैसी परियोजनाओं के कारण छपरा-पटना कॉरिडोर में तेजी से विकास हो रहा है। आयोजना क्षेत्र का विस्तार इस विकास को सुनियोजित रूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

पर्यटन को मिलेगा नया आयाम

विस्तारित आयोजना क्षेत्र के माध्यम से विश्व प्रसिद्ध सोनपुर मेला, हरिहरनाथ मंदिर और अंबिका भवानी स्थान जैसे धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को आधुनिक आधारभूत सुविधाओं से जोड़ने की योजना है। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

रोजगार और आधारभूत ढांचे पर रहेगा फोकस

बैठक में बताया गया कि तेजी से बढ़ती आबादी को देखते हुए सड़क, पेयजल, बिजली, आवास, परिवहन और स्वच्छता जैसी बुनियादी सुविधाओं का नियोजित विकास किया जाएगा। साथ ही नए औद्योगिक, व्यावसायिक और सेवा क्षेत्र विकसित कर स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित किए जाएंगे।

सोनपुर आयोजना क्षेत्र का द्वितीय विस्तार

बिंदुविवरण
आयोजना क्षेत्रसोनपुर आयोजना क्षेत्र
विस्तारद्वितीय विस्तार
नए शामिल प्रखंडमकेर एवं अमनौर
वर्तमान प्रस्तावित क्षेत्रफल798.94 वर्ग किमी (लगभग 800 वर्ग किमी)
अतिरिक्त जोड़ा गया क्षेत्र199.94 वर्ग किमी
वर्ष 2025 के बाद क्षेत्रफल599.00 वर्ग किमी
कुल राजस्व गांव575
शहरी प्रशासनिक इकाइयां3
प्रमुख परियोजनाएंग्रीनफील्ड टाउनशिप, ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट, हरिहरनाथ कॉरिडोर, फिल्म सिटी
प्रमुख उद्देश्यनियोजित शहरी विकास, बेहतर आधारभूत संरचना, पर्यटन एवं रोजगार सृजन

यह विस्तार सारण और आसपास के क्षेत्रों के शहरी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। योजना के लागू होने के बाद आने वाले वर्षों में छपरा-सोनपुर क्षेत्र को आधुनिक, सुव्यवस्थित और निवेश-अनुकूल शहरी क्षेत्र के रूप में विकसित करने की राह और मजबूत होगी।

Author Profile

Ganpat Aryan
Ganpat Aryan
वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।

Ganpat Aryan

वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।

Related Articles

Back to top button