छपरा

LPG Gas Cylinder: सारण में रसोई गैस की कालाबाजारी पर नकेल, DM ने तैनात किए 21 दंडाधिकारी

अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई

छपरा: अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई देशों के बीच चल रहे युद्ध के बीच रसोई गैस और पेट्रोल की उपलब्धता को लेकर फैल रही अफवाहों को देखते हुए सारण जिला प्रशासन सतर्क हो गया है।

जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने स्थिति पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया है। साथ ही गैस की आपूर्ति और वितरण को पारदर्शी बनाए रखने पर जोर दिया है। इसके तहत जिले की सभी गैस एजेंसियों की निगरानी के लिए 21 दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

गैस एजेंसियों की निगरानी करेंगे दंडाधिकारी

जिलाधिकारी के निर्देशानुसार प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में संबंधित गैस एजेंसियों के भंडारण और उपभोक्ताओं के बीच हो रहे वितरण की प्रतिदिन निगरानी करेंगे। वे गैस की उपलब्धता, स्टॉक की स्थिति और वितरण व्यवस्था पर नजर रखेंगे। इसके साथ ही इनसे संबंधित दैनिक प्रतिवेदन जिला प्रशासन को उपलब्ध कराएंगे। इसका उद्देश्य किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या कालाबाजारी की स्थिति को समय रहते रोकना है।

अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में रसोई गैस की आपूर्ति सामान्य है। लोगों को घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। जिलाधिकारी ने कहा कि गैस एजेंसियों द्वारा पारदर्शी तरीके से उपभोक्ताओं को गैस उपलब्ध कराई जाए। यह सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। यदि कहीं भी कृत्रिम संकट उत्पन्न करने या कालाबाजारी की शिकायत मिलती है तो संबंधित एजेंसी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील

जिलाधिकारी ने आम लोगों से अपील की है कि वे रसोई गैस या पेट्रोल की उपलब्धता को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि लोग आवश्यकता के अनुसार ही गैस की बुकिंग करें। साथ ही किसी भी तरह की अनियमितता या कालाबाजारी की जानकारी तुरंत जिला प्रशासन को दें। इससे समय रहते कार्रवाई की जा सकेगी।

Author Profile

Ankita Kumari
Ankita Kumari
अंकिता कुमारी पत्रकारिता की छात्रा हैं। वर्तमान में वह संजीवनी समाचार डॉट कॉम के साथ इंटर्नशिप कर रही हैं और समाचार लेखन व फील्ड रिपोर्टिंग में सक्रिय रूप से जुड़ी हुई है।

Ankita Kumari

अंकिता कुमारी पत्रकारिता की छात्रा हैं। वर्तमान में वह संजीवनी समाचार डॉट कॉम के साथ इंटर्नशिप कर रही हैं और समाचार लेखन व फील्ड रिपोर्टिंग में सक्रिय रूप से जुड़ी हुई है।

Related Articles

Back to top button