छपरा

IAS Aman Samir: इतिहास में दर्ज हो गया एक नाम- IAS अमन समीर, जिनकी वजह से सारण ने उड़ान भरी

विकास की धड़कन कहे जाने वाले डीएम अमन समीर का हुआ तबादला

छपरा।  सारण के जिलाधिकारी अमन समीर का तबादला होते ही पूरे सारण में भावनात्मक माहौल बन गया है। बतौर डीएम उनके कार्यकाल ने न सिर्फ़ प्रशासनिक दक्षता की मिसाल पेश की बल्कि विकास की रफ़्तार को भी नई दिशा दी। उनके किए गए कामों की सूची इतनी लंबी है कि सोशल मीडिया पर लोग उनके प्रयासों को साझा करते हुए लगातार लिख रहे हैं- सारण को एक दूरदर्शी और जुझारू डीएम मिला था, जो अब यादों में रहेगा।

अमन समीर ने अपने कार्यकाल में कई ऐसे काम पूरे करवाए या गति दी, जो वर्षों से अटके थे। भूमि अधिग्रहण से लेकर सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, खेल, जलनिकासी, प्रशासनिक सुधार और महिला-युवा सशक्तिकरण हर क्षेत्र में उन्होंने अपनी छाप छोड़ी।

महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए तेज़ किया भूमि अधिग्रहण

भारतमाला परियोजना के तहत एनएच-139W, गंगा पर 6-लेन पुल, राम–जानकी मार्ग, रिविलगंज बाईपास और शेरपुर–दिघवारा रिंग रोड जैसी बड़ी परियोजनाओं के लिए ज़मीन अधिग्रहण को गति दी। लगभग 99 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहण पूरा कराया और मुआवजा भुगतान के लिए अधिकारियों को घर-घर जाने का निर्देश दिया।

IAS Vaibhav Srivastava: जिस जिले से सीखी प्रशासनिक ABCD, अब वहीं के DM बने IAS वैभव

रोज़गार और शिक्षा के लिए बड़े फैसले

जलालपुर के बंगरा में डेयरी प्रोजेक्ट के लिए 21 बीघा भूमि चयनित की, जिससे सैकड़ों लोगों को रोजगार मिलेगा। तरैया के रामकोला में कृषि महाविद्यालय के लिए 37.5 एकड़ भूमि का चयन कर प्रस्ताव भेजा, ताकि स्थानीय छात्र बाहर न जाएँ। केंद्रीय विद्यालय, छपरा के लिए भूमि चयन से लेकर सभी प्रक्रियाएँ लगभग पूरी कराईं।

ऊर्जा, सड़क और अवसंरचना में धारदार काम

अमनौर के आरना में 30 एकड़ भूमि देकर पावर ग्रिड (400/220/132 केवी जीआईएस) की प्रक्रिया शुरू कराई। गड़खा, परसा, अमनौर और रिविलगंज–विशुनपुरा बाईपास की बाधाएँ दूर कर प्रगति तेज की। फुलवरिया और गड़खा में प्रमंडलीय खेल अवसंरचना के लिए भूमि सुनिश्चित की। बाबा हरिहरनाथ कॉरिडोर, बीएसएपी, थाना भवन, मंडल कारा और सोनपुर न्यायालय के लिए भी भूमि चयन गति से कराया।

शहर विकास में बड़े कदम

  • छपरा में खनुआ नाला का अतिक्रमण हटाया, जिससे जल निकासी में सुधार हुआ।
  • एनएच-19 को अतिक्रमणमुक्त कराया।
  • डबल डेकर पार्किंग के लिए कोर्ट का स्टे हटवाया।
  • नगर निगम में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया और 10 दिसंबर 2025 से वेंडिंग जोन निर्माण शुरू करने के निर्देश दिए।
  • जिला परिषद मद से बस स्टैंड निर्माण शुरू कराया।
  • जगदम कॉलेज के पास 47 SPL रेल क्रॉसिंग पर ROB के लिए रेलवे से समन्वय किया।

IAS Transfer Posting: बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, सारण DM समेत 13 जिलों के डीएम बदले, कई IAS को मिला अतिरिक्त प्रभार

स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण में प्रभावी पहल

डेंगू रोकथाम के लिए फॉगिंग और हॉटस्पॉट पर विशेष अभियान चलवाया। टीकाकरण में 87% की उपलब्धि हासिल की। जेनेरिक दवा लिखने पर डॉक्टरों को निर्देशित किया। वन स्टॉप सेंटर के रिक्त पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया पूरी कराई। “दिव्य उड़ान” पहल शुरू की, जिसमें दिव्यांग लड़कियों को पॉडकास्टिंग स्किल सिखाई गई 400+ युवाओं ने भाग लिया। मुख्यमंत्री माहिती योजना के तहत 17,608 महिलाओं को 10–10 हजार की आर्थिक सहायता दिलवाई। कुल 5,11,229 महिलाओं को लाभ पहुंचाया।

कृषि और ग्रामीण विकास में मजबूत पकड़

धान अधिप्राप्ति में 24,744 किसानों का निबंधन कराया और 900 एमटी अधिप्राप्ति सुनिश्चित की।
ग्रामीण सड़क सुदृढ़ीकरण, मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना और ग्रामीण सेतु योजना को तेज रफ्तार दी और अधूरे कार्य फरवरी–मार्च 2026 तक पूरा करने का निर्देश दिया।

संस्कृति और पहचान को बढ़ावा

ताजपुर की प्रसिद्ध एटम बम मिठाई और सिक्की आर्ट को GI टैग के लिए पहल की। सारण लाइब्रेरी और सारण गुरु की शुरुआत की।

लोग कह रहे: “काम बोल रहा है, ये डीएम दिल में बस गए”

डीएम अमन समीर के तबादले की खबर फैलते ही सोशल मीडिया पर उनके किए कामों की बाढ़ आ गई। लोग लिख रहे हैं कि वर्षों बाद सारण को ऐसा डीएम मिला था जिसने न सिर्फ फैसलों में तेजी दिखाई बल्कि हर विभाग को सक्रिय रखा और जनता से सीधा जुड़ाव बनाए रखा। उनका कार्यकाल भले खत्म हो गया हो, लेकिन उनके कामों ने जो भरोसा और प्रगति की नींव रखी है, वह लंबे समय तक सारण की पहचान बनी रहेगी।

Author Profile

Ganpat Aryan
Ganpat Aryan
वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर, अमर उजाला और हिन्दुस्थान समाचार में सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।

Ganpat Aryan

वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर, अमर उजाला और हिन्दुस्थान समाचार में सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।

Related Articles

Back to top button