Rail OverBridge: छपरा शहर में बनेगा 4 नए रेल ओवरब्रिज, 2 ROB का डीपीआर तैयार
शहरवासियों को जाम से मिलेगी बड़ी राहत

छपरा। छपरा शहर में बढ़ते यातायात दबाव और बार-बार लगने वाले जाम की समस्या से निजात दिलाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। शहर में चार नए रेल ओवरब्रिज (ROB) के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इनमें से दो आरओबी का डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार हो चुका है, जबकि शेष दो के निर्माण को लेकर रेलवे स्तर पर कार्रवाई प्रगति पर है। यह जानकारी सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने दी।
दो रेल ओवरब्रिज का डीपीआर तैयार
जिलाधिकारी ने बताया कि भिखारी ठाकुर ढाला एवं रामनगर ढाला पर प्रस्तावित रेल ओवरब्रिज का डीपीआर बिहार राज्य पुल निर्माण निगम द्वारा तैयार कर लिया गया है। डीपीआर तैयार होने के बाद अब इन दोनों आरओबी के निर्माण को लेकर आगे की प्रशासनिक एवं वित्तीय प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
वहीं, शहर के अन्य दो प्रमुख और अत्यधिक व्यस्त रेलवे क्रॉसिंग—गड़खा ढाला एवं जगदम ढाला—पर रेल ओवरब्रिज निर्माण के लिए रेलवे द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। इन स्थानों पर आरओबी के निर्माण से रेलवे फाटकों पर लगने वाले लंबे जाम से शहरवासियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
लोगों को झेलनी पड़ती है परेशानी
गौरतलब है कि छपरा शहर के इन ढालों पर दिनभर भारी संख्या में छोटे-बड़े वाहन और पैदल यात्रियों का आवागमन होता है। ट्रेनों के आवागमन के दौरान फाटक बंद रहने से आम लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है। प्रस्तावित चारों आरओबी के निर्माण से न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि सड़क और रेल दोनों यात्रियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।
जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर और सुरक्षित बनाया जाए। आरओबी निर्माण से छपरा शहर को जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी और आवागमन सुचारु होगा।
शहरवासियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होकर समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा, ताकि वर्षों से चली आ रही जाम की समस्या से स्थायी समाधान मिल सके।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
- September 24, 2026Railway Updateत्योहारों में छपरा से कोलकाता का सफर होगा आसान, बनारस-कोलकाता के बीच चलेगी विशेष ट्रेन
- September 24, 2026क्राइमSamastipur Video Viral: समस्तीपुर में नाबालिग से छेड़खानी का वीडियो वायरल, 6 घंटे में चार आरोपी पुलिस गिरफ्त में
- September 24, 2026बिहारPitru Paksha Mela: गयाजी पहुंचते ही नहीं भटकेंगे पिंडदानी, ऐप बताएगा पूजा से पार्किंग और अस्पताल तक का रास्ता
- September 24, 2026क्राइमChhapra Crime News: सारण पुलिस ने दुष्कर्म कांड के फरार नामजद अभियुक्त को किया गिरफ्तार



