छपरा

PM Surya Ghar Yojana: ₹78 हजार तक सब्सिडी, डीएम बोले- यह सबसे उपभोक्ता-फ्रेंडली और किफायती योजना

हर पात्र परिवार तक पहुंचे मुफ्त बिजली का लाभ

छपरा। प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए सारण जिला प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है।  समाहरणालय सभागार में जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, लंबित आवेदनों के त्वरित निष्पादन तथा नए लाभुकों को जोड़ने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों, बिजली विभाग के अभियंताओं, बैंक प्रतिनिधियों और अधिकृत वेंडरों को समन्वित प्रयास करते हुए योजना को जन-जन तक पहुंचाने का निर्देश दिया।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना भारत सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य आवासीय भवनों की छतों पर रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित कर स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देना और आम उपभोक्ताओं के बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी लाना है। उन्होंने कहा कि यह योजना पूरी तरह उपभोक्ता-फ्रेंडली, किफायती और भविष्य के लिए लाभदायक है, इसलिए अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ना सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए।

घर-घर होगी काउंसिलिंग

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रखंड विकास पदाधिकारी स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पहले से योजना का लाभ उठा चुके उपभोक्ताओं, बिजली विभाग के जेई, एई, वेंडरों तथा अन्य संबंधित कर्मियों की टीम बनाकर गांव-गांव और मोहल्लों में लोगों की काउंसिलिंग कराएं। लोगों को योजना की उपयोगिता, सब्सिडी और आसान ऋण सुविधा की जानकारी देकर आवेदन के लिए प्रेरित किया जाए।

78 हजार रुपये तक मिलेगी सब्सिडी

  • 1 किलोवाट के रूफटॉप सोलर प्लांट पर 30 हजार रुपये की सब्सिडी मिलेगी।
  • 2 किलोवाट के संयंत्र पर 60 हजार रुपये की सब्सिडी दी जाएगी।
  • 3 किलोवाट के संयंत्र पर 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी उपलब्ध है।

डीएम ने बताया कि लाभुकों के लिए बैंकों के माध्यम से किफायती ब्याज दर पर ऋण की भी व्यवस्था है। आमतौर पर 4 से 5 वर्षों की ईएमआई पहले के बिजली बिल के बराबर ही होती है। इस अवधि के बाद उपभोक्ता ऋण से मुक्त होने के साथ-साथ लंबे समय तक कम या शून्य बिजली बिल का लाभ भी प्राप्त कर सकते हैं।

आवेदन और इंस्टॉलेशन में तेजी लाने के निर्देश

जिलाधिकारी ने बिजली विभाग के जेई, एई, वेंडरों और बैंक प्रतिनिधियों को निर्देश दिया कि वे समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक आवेदन प्राप्त करें तथा स्वीकृत आवेदनों का समय पर इंस्टॉलेशन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और प्रत्येक आवेदन का शीघ्र निष्पादन किया जाए।

मार्च 2027 तक का है लक्ष्य

जिलाधिकारी ने बताया कि मार्च 2027 तक अधिकाधिक उपभोक्ताओं को इस योजना से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने सभी अधिकारियों से लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने को कहा।

उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिलेगा सम्मान

बैठक में जिलाधिकारी ने घोषणा की कि योजना के क्रियान्वयन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पांच जूनियर इंजीनियर (जेई) और दो एसडीओ को स्वतंत्रता दिवस के जिला स्तरीय समारोह में सम्मानित किया जाएगा।

उन्होंने एआर डाटा प्रो के वेंडर द्वारा किए गए बेहतर कार्य की सराहना करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र देने का निर्देश भी दिया। वहीं सोनपुर और छपरा के जेई द्वारा किए जा रहे कार्यों की भी बैठक में प्रशंसा की गई।

बैंकों से मांगा सहयोग

जिलाधिकारी ने बैंक प्रतिनिधियों और शाखा प्रबंधकों के साथ अगले मंगलवार को विशेष बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बैंक प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना से संबंधित ऋण आवेदनों पर सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाएं, ताकि पात्र लाभुकों को समय पर ऋण उपलब्ध हो सके और योजना का लाभ अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंच सके।

Author Profile

Ganpat Aryan
Ganpat Aryan
वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।

Ganpat Aryan

वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।

Related Articles

Back to top button