छपरा में ई-रिक्शा के लिए तय होंगे रूट और पार्किंग, 8 जोन में लागू करने की तैयारी
छपरा में ट्रैफिक जाम खत्म करने की मुहिम तेज

छपरा। शहर में लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव और जाम की समस्या को देखते हुए जिला प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। सुगम और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने संबंधित अधिकारियों के साथ एक अहम बैठक की, जिसमें शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए कई ठोस निर्णय लिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी ने पूर्व में ई-रिक्शा परिचालन के लिए चिन्हित किए गए 8 जोन की वर्तमान ट्रैफिक स्थिति और जरूरतों का पुनः आकलन कर सत्यापन कराने का निर्देश दिया। साथ ही इसे प्रभावी रूप से लागू करने के लिए जल्द कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। ई-रिक्शा संचालन को व्यवस्थित बनाने के लिए प्रत्येक जोन में उपयुक्त पार्किंग स्थल चिन्हित करने का भी निर्देश दिया गया।
डीटीओ की अध्यक्षता में विशेष कमिटी का गठन
इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी के लिए जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) की अध्यक्षता में एक विशेष कमिटी का गठन किया गया है, जिसमें पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), उपनगर आयुक्त, अंचलाधिकारी सदर छपरा एवं संबंधित थाना प्रभारी शामिल रहेंगे।
जिलाधिकारी ने शहर में यातायात बाधित करने वाले सभी अतिक्रमणों को प्राथमिकता के आधार पर हटाने के लिए सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जाम की समस्या में अतिक्रमण एक बड़ी वजह है, जिसे खत्म करना जरूरी है।
सीसीटीवी के माध्यम से ट्रैफिक की निगरानी
इसके अलावा वीर कुंवर सिंह सेतु (आरा पुल) के दक्षिणी छोर पर सारण जिला बॉर्डर स्थित खनन विभाग के चेकपोस्ट को और अधिक सक्रिय करने तथा वहां सीसीटीवी के माध्यम से ट्रैफिक की निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
शहर के प्रमुख स्थानों जैसे झँगा चौक, विसुनपुरा, मेहिया, मेथवलिया और उमधा चौक सहित अन्य चिन्हित जगहों पर नए ट्रैफिक चेकपोस्ट बनाने और वहां सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार निगरानी की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया गया।
निर्माणाधीन फ्लाईओवर और वीयूपी (Vehicular Underpass) के आसपास के सर्विस लेन को जल्द से जल्द चालू करने का निर्देश दिया गया, ताकि मुख्य सड़कों पर दबाव कम किया जा सके। साथ ही शहर में निर्धारित मार्गों पर वन-वे ट्रैफिक सिस्टम और रोड डिवाइडर का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
इस महत्वपूर्ण बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी (सदर), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर), पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), मोटरयान निरीक्षक (MVI) एवं सभी संबंधित थाना प्रभारी मौजूद रहे।
प्रशासन के इस एक्शन प्लान से उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले समय में छपरा शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा और आम लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर, अमर उजाला और हिन्दुस्थान समाचार में सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
छपराMay 30, 2026सारण में सड़क किनारे अतिक्रमण करने वालों की अब खैर नहीं, निगरानी के लिए बनेगी पेट्रोलिंग टीम
छपराMay 30, 2026एक वोट ने बदल दिया खेल! कांटे की टक्कर में जीते विकास सिंह, पप्पू और दिनेश
छपराMay 30, 2026सारण-सीवान को जोड़ने वाले ताजपुर पुल का NIT पटना की टीम करेगी जांच
बिहारMay 30, 2026NFHS-6 Survey Report: बिहार में ‘डबल हेल्थ संकट’! गांव में कुपोषण, शहरों में तेजी से बढ़ रहा मोटापा







