
छपरा। सारण जिले में कथित ऑनर किलिंग की कोशिश का मामला सामने आया है। प्रेम विवाह से नाराज परिजनों ने एक नवविवाहिता पर उस समय जानलेवा हमला कर दिया, जब वह पुलिस सुरक्षा में कोर्ट में अपना बयान दर्ज कराने जा रही थी। बाइक सवार हमलावरों ने युवती पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल अवस्था में उसे तत्काल सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घर से भागकर की थी शादी
घटना परसा थाना क्षेत्र के लतरहिया गांव की रहने वाली अनिशा कुमारी की है, जिसने हाल ही में गांव के ही युवक सूरज सहनी के साथ प्रेम विवाह किया था। बताया जाता है कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। परिवार के विरोध के बावजूद दोनों घर छोड़कर दिल्ली चले गए थे, जहां उन्होंने विधिवत शादी कर ली।
युवती के घर से जाने के बाद उसके माता-पिता ने परसा थाना में अपहरण और अन्य धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई थी। हालांकि बाद में अनिशा ने स्वयं को बालिग बताते हुए पुलिस को सूचना दी कि उसने अपनी मर्जी से शादी की है और वह अदालत में अपना बयान दर्ज कराना चाहती है।
पुलिस कर्मी लेकर जा रहे थे कोर्ट, तभी हुआ घटना
इसी सिलसिले में अनिशा नगर थाना पहुंची, जहां परसा थाना पुलिस की मौजूदगी में उसका बयान दर्ज किया गया। इसके बाद उसे न्यायालय में धारा 180 के तहत बयान दर्ज कराने के लिए दो पुलिसकर्मियों के साथ टेंपो से कोर्ट ले जाया जा रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जैसे ही टेंपो थाना चौक के समीप पहुंचा, पहले से घात लगाए बाइक सवार युवकों ने अचानक टेंपो को घेर लिया और अनिशा पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू का वार उसके हाथ को चीरते हुए सीने के पास जा लगा, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गई। हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
टेंपो में मौजूद पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने तत्काल हमलावरों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वे बाइक से फरार होने में सफल रहे। घायल युवती को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती के प्रेम विवाह से उसके परिजन नाराज थे और इसी वजह से उस पर हमला किया गया। पुलिस को आशंका है कि यह मामला ऑनर किलिंग की कोशिश से जुड़ा हो सकता है। घटना के बाद पुलिस ने हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
फिलहाल युवती की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है, जबकि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। इस घटना ने एक बार फिर प्रेम विवाह और सामाजिक मान्यताओं के बीच टकराव को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
- October 6, 2026बिहारबिहार में 42.83 लाख परिवारों का पक्का घर पूरा, पीएम आवास योजना का 87.25% लक्ष्य हासिल
- October 6, 2026बिहारबिहार में अब नहीं होगा टेंडर घोटाला, ठेकेदार के साथ जिम्मेदार अफसरों पर भी गिरेगी गाज
- October 6, 2026TechnologyBSNL: गलत बिलिंग और सेवा में कमी पर BSNL को झटका, 6.69 लाख के बिल पर आयोग ने सुनाया बड़ा फैसला
- October 5, 2026क्राइमसारण में आर्म्स एक्ट मामले में दो दोषी करार, तीन अभियुक्त बरी; सजा के बिंदु पर 29 अक्टूबर को होगी सुनवाई



