सारण में सड़क परियोजनाओं को रफ्तार देने की तैयारी, जमीन अधिग्रहण में तेजी लाने का आदेश
डीएम ने अफसरों को दिया अल्टीमेटम

छपरा। सारण जिले में चल रही विभिन्न सड़क परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने सोमवार को भू-अर्जन कार्यों की गहन समीक्षा की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि मुआवजा भुगतान में तेजी लाते हुए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए।
जिलाधिकारी ने कहा कि विकास परियोजनाओं की गति भू-अर्जन पर निर्भर करती है, इसलिए सभी संबंधित पदाधिकारी समन्वय बनाकर लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करें।
जेपी सेतु के समानांतर 6 लेन गंगा ब्रिज
जेपी सेतु के समानांतर प्रस्तावित 6 लेन गंगा ब्रिज परियोजना के तहत एलाइनमेंट में सुधार के बाद संबंधित पंचाटियों को नोटिस जारी किया जा चुका है। डीएम ने निर्देश दिया कि सभी पंचाटियों का भुगतान शीघ्र सुनिश्चित किया जाए और आगे की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न हो।
एनएच-139W भारतमाला प्रोजेक्ट
एनएच-139W भारतमाला परियोजना (बाकरपुर-मानिकपुर) के तहत पिछले एक माह में लगभग 2.75 करोड़ रुपये मुआवजा राशि का भुगतान किया गया है। हालांकि चार मौजों में कुछ रैयतों का भुगतान अभी शेष है। जिलाधिकारी ने आवश्यक दस्तावेज शीघ्र प्राप्त कर लंबित भुगतान निपटाने का निर्देश दिया।
शेरपुर-दिघवारा रिंग रोड
इस परियोजना के तहत शेष रैयतों से अभिश्रव प्राप्त कर मुआवजा भुगतान में तेजी लाने को कहा गया। डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
रामजानकी पथ परियोजना
रामजानकी पथ परियोजना में लंबित पंचाटियों से अभिश्रव लेकर भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के परियोजना निदेशक को कार्य में तेजी लाने को कहा गया।
रिविलगंज-बिसुनपुरा बाईपास
रिविलगंज-बिसुनपुरा बाईपास सड़क के लिए सदर एवं रिविलगंज अंचल के 18 मौजों में भूमि अधिग्रहण किया जा रहा है। डीएम ने दोनों अंचल अधिकारियों को सभी संबंधित जमाबंदियों को अपडेट कर प्रक्रिया को समयबद्ध ढंग से पूरा करने का निर्देश दिया।
अन्य प्रमुख परियोजनाएं
छपरा बाईपास से मेडिकल कॉलेज तक प्रस्तावित 4 लेन सड़क निर्माण के लिए भू-अर्जन कार्य को तेजी से पूरा करने को कहा गया। इसके अतिरिक्त रिविलगंज बाईपास, गड़खा बाईपास, परसा बाईपास, अमनौर बाईपास और छपरा बाईपास सहित सभी परियोजनाओं में शेष मुआवजा भुगतान शीघ्र निपटाने का निर्देश जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को दिया गया।
डीएम ने सभी कार्यकारी एजेंसियों को निर्देशित किया कि भू-अर्जन प्रक्रिया के साथ-साथ निर्माण कार्य भी समानांतर रूप से गति पकड़े, ताकि परियोजनाएं तय समय सीमा में पूरी हो सकें।
बैठक में ये रहे उपस्थित
बैठक में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, एनएचएआई के परियोजना निदेशक, कार्यपालक अभियंता एनएच डिवीजन, पथ प्रमंडल छपरा एवं सोनपुर के कार्यपालक अभियंता सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। वहीं, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उपसमाहर्ता एवं संबंधित अंचलाधिकारी जुड़े रहे।
जिलाधिकारी ने अंत में स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार्य नहीं है और सभी अधिकारी आपसी समन्वय से भू-अर्जन की प्रक्रिया को शीघ्र पूरा कर जिले के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में योगदान दें।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर, अमर उजाला और हिन्दुस्थान समाचार में सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
छपराApril 20, 2026शिक्षकों की समस्याएं लेकर CM दरबार पहुंचे डॉ. राहुल राज, वित्त रहित शिक्षा नीति समाप्त करने की मांग
करियर – शिक्षाApril 19, 2026Rojagar Mela Chhapra: छपरा में 10वीं-आईटीआई पास युवाओं के लिए मौका, 83 पदों पर होगी भर्ती, सैलरी 25 से 30 हजार रूपये
छपराApril 19, 2026Solar Loan Mela: छपरा में लगेगा सोलर लोन मेला, अब हर घर का बिजली बिल होगा शून्य
बिहारApril 19, 2026मनरेगा मजदूरों के लिए डिप्टी सीएम की बड़ी मांग, बिहार ने मांगा बराबरी का हक







