Neet Paper Leak Protest: सारण में हाई अलर्ट, धरना-प्रदर्शनों पर ड्रोन से निगरानी, डीएम-एसएसपी ने जारी किए सख्त निर्देश
कोचिंग, हॉस्टल और लॉज पर प्रशासन की नजर

छपरा। आगामी दिनों में प्रस्तावित धरना-प्रदर्शनों और जुलूसों के मद्देनजर सारण जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने संयुक्त रूप से उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी (सदर), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) समेत सभी पुलिस उपाधीक्षक मौजूद रहे। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि प्रदर्शन के दौरान हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाए और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक संसाधन पहले से उपलब्ध रहें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक विरोध हर नागरिक का अधिकार है, लेकिन कानून हाथ में लेने, हिंसा, आगजनी, सड़क जाम या सरकारी एवं निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसी गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ड्रोन, वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी से होगी निगरानी
बैठक में निर्देश दिया गया कि धरना-प्रदर्शन और जुलूस के दौरान होने वाली प्रत्येक गतिविधि की निगरानी के लिए फोटोग्राफर, वीडियोग्राफर तथा दो ड्रोन की व्यवस्था की जाए। ड्रोन के माध्यम से भीड़ की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
पुलिस और दंडाधिकारियों के लिए सुरक्षा इंतजाम
जिला प्रशासन ने सभी दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों तथा उनके अंगरक्षकों के लिए पर्याप्त संख्या में हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर तथा अन्य सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। इसका उद्देश्य विधि-व्यवस्था बनाए रखने के दौरान सुरक्षा बलों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
सरकारी कार्यालयों और आवासों पर सुरक्षा बढ़ेगी
बैठक में निर्णय लिया गया कि जिले के सभी महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालयों और सरकारी आवासों पर दंडाधिकारी एवं पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को रोका जा सके।
शहर में प्रवेश करने वाले वाहनों की होगी सघन जांच
प्रशासन ने जिले और छपरा शहर में प्रवेश करने वाले सभी चेकपोस्टों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया है। आज शाम से अगले आदेश तक सभी चेकपोस्टों पर कार्रवाई की जाएगी।
- हेलमेट की जांच
- ट्रिपल राइडिंग पर कार्रवाई
- सभी वाहनों की सघन तलाशी
- यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों से जुर्माना वसूली
हॉस्टल, लॉज और कोचिंग संस्थानों पर विशेष नजर
बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि जिले के सभी हॉस्टल, लॉज और कोचिंग संस्थानों का भ्रमण कर वहां के संचालकों का नाम तथा वर्तमान में रह रहे छात्रों का विवरण संकलित किया जाए।
साथ ही संचालकों से कहा जाएगा कि वे छात्रों को किसी भी अनधिकृत, हिंसात्मक या असामाजिक तत्वों द्वारा आयोजित जुलूस एवं प्रदर्शन में शामिल होने से रोकें तथा उन्हें शांतिपूर्ण एवं कानूनी तरीकों से अपनी बात रखने के लिए प्रेरित करें।
थाना स्तर पर होगी कोचिंग संचालकों के साथ बैठक
सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र के कोचिंग संस्थानों के संचालकों के साथ तत्काल बैठक कर उन्हें प्रशासन की तैयारियों और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग देने के संबंध में आवश्यक जानकारी दें।
अलग-अलग टीमें और मजबूत नियंत्रण कक्ष
बैठक में दंडाधिकारियों, पुलिस अधिकारियों और पुलिस बल की पर्याप्त संख्या में अलग-अलग टीमें गठित करने तथा आवश्यक वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा जिला नियंत्रण कक्ष को सभी संसाधनों से सुसज्जित कर पूरी तरह सक्रिय रखने का निर्देश दिया गया, ताकि किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
छात्र-छात्राओं और अभिभावकों से प्रशासन की अपील
सारण पुलिस ने NEET परीक्षा एवं अन्य परीक्षाओं से संबंधित किसी भी समस्या या असंतोष के मामले में छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों से संयम बरतने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि यदि किसी को परीक्षा से संबंधित कोई शिकायत या समस्या है तो उसे लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से संबंधित सक्षम प्राधिकार के समक्ष रखा जाए। साथ ही सोशल मीडिया पर प्रसारित अफवाहों, भ्रामक सूचनाओं और अपुष्ट खबरों पर विश्वास नहीं करने तथा उन्हें आगे साझा नहीं करने की भी अपील की गई है।
हिंसा से दूर रहने की सलाह
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की तोड़फोड़, आगजनी, सड़क जाम, सरकारी अथवा निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने या कानून-व्यवस्था भंग करने वाली गतिविधियों से पूरी तरह दूर रहें। ऐसे मामलों में कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अभिभावकों से भी अनुरोध किया गया है कि वे अपने बच्चों को किसी भी हिंसक या अवैध गतिविधि में शामिल न होने दें और स्वयं भी ऐसे आयोजनों से दूर रहें। प्रशासन ने कहा कि छात्रों का भविष्य और शिक्षा सर्वोपरि है तथा शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।जिला प्रशासन और सारण पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं और आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
- October 8, 2026छपरासारण में बाढ़ में ड्यूटी से गायब अफसर-कर्मियों पर गिरी गाज, प्रधान लिपिक निलंबित; FIR दर्ज करने का आदेश
- October 8, 2026क्राइमसारण में त्योहारों को लेकर पुलिस अलर्ट, QRT संभालेगी मोर्चा, संवेदनशील इलाकों पर पैनी नजर
- October 8, 2026बिहार‘बाहर से पानी नहीं ला सकते’ कहकर 50 रुपये में बेचा पानी, सिनेपॉलिस-कोका-कोला पर 85 हजार का जुर्माना
- October 8, 2026बिहारनोट गिनने के लिए बुलानी पड़ी मशीन! कार्यपालक अभियंता के 5 ठिकानों से 52.20 लाख कैश, 30 लाख के गहने बरामद



