छपरा जंक्शन और गौतमस्थान स्टेशन का DRM ने किया विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण
छपरा जंक्शन पर अमृत भारत के कार्यों की समीक्षा

छपरा। छपरा जंक्शन को यात्रियों के लिए अधिक सुविधाजनक और व्यवस्थित बनाने की दिशा में चल रहे कार्यों की मंगलवार को मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने विस्तृत समीक्षा की। मंडलीय अधिकारियों के साथ गाजीपुर सिटी–छपरा रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान छपरा जंक्शन और गौतमस्थान स्टेशन समेत विभिन्न स्टेशनों, समपारों, गुड्स शेड तथा निर्माणाधीन रेलवे आवासीय परिसर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में विशेष रूप से यात्री सुविधाओं, संरक्षा, स्वच्छता और रेल परिचालन की व्यवस्थाओं पर जोर दिया गया।
छपरा जंक्शन पर अमृत भारत के कार्यों की समीक्षा
छपरा जंक्शन पहुंचने पर डीआरएम ने अमृत भारत स्टेशन पुनर्विकास योजना के अंतर्गत चल रहे विभिन्न निर्माण और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्यों की स्थिति की जानकारी ली और सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने का निर्देश दिया।
पार्किंग व्यवस्था पर विशेष जोर
डीआरएम ने स्टेशन की पार्किंग व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए इसे सुव्यवस्थित और यात्रियों के लिए सुविधाजनक बनाने को कहा। उन्होंने स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, यात्री आवागमन व्यवस्था, फुट ओवर ब्रिज और सेकेंड एंट्री का निरीक्षण किया। इस दौरान निर्देश दिया गया कि स्टेशन पर वाहनों और यात्रियों की आवाजाही ऐसी हो, जिससे अनावश्यक भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति न बने तथा यात्रियों को सहज आवागमन की सुविधा मिल सके।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे कार्यों को लेकर डीआरएम ने निर्माण की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को यात्रियों की सुविधा को केंद्र में रखकर कार्यों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए।
गौतमस्थान स्टेशन पर यात्री सुविधाओं और संरक्षा का जायजा
गौतमस्थान स्टेशन पर डीआरएम ने स्टेशन की यात्री सुविधाओं, साफ-सफाई और संरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को ट्रेनों के सुरक्षित और सुचारु परिचालन के लिए निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा।
गौतमस्थान के गुड्स शेड में उन्होंने माल की लोडिंग और अनलोडिंग व्यवस्था का भी जायजा लिया। माल के सुरक्षित रख-रखाव, कार्यस्थल की स्वच्छता, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा कर्मचारियों और संबंधित हितधारकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा की गई।
डीआरएम ने माल ढुलाई की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित बनाने के साथ-साथ संरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। गुड्स शेड में परिचालन से जुड़े कार्यों के दौरान सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।
सुरेमनपुर और बकुल्हा में संरक्षा उपकरणों की जांच
सुरेमनपुर स्टेशन पर डीआरएम ने केंद्रीकृत स्टेशन पैनल रूम और विभिन्न संरक्षा उपकरणों का निरीक्षण किया। उन्होंने विफलता रजिस्टर, अनुरक्षण रजिस्टर, रिले रूम चाबी हस्तांतरण रजिस्टर, पॉइंट्स एवं क्रॉसिंग रजिस्टर और स्टेशन वर्किंग रूल जैसे महत्वपूर्ण अभिलेखों की जांच की।
उन्होंने स्टेशन मास्टर से ट्रेनों के सुरक्षित परिचालन की जानकारी ली तथा प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया और प्रतीक्षालय का निरीक्षण किया। साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और यात्री सुविधाओं के बेहतर रख-रखाव के साथ संरक्षा मानकों के पालन का निर्देश दिया गया।
बकुल्हा स्टेशन पर भी केंद्रीकृत स्टेशन पैनल रूम, संरक्षा उपकरणों और महत्वपूर्ण अभिलेखों की जांच की गई। प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया और प्रतीक्षालय का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई और रख-रखाव में सुधार के निर्देश दिए गए।
तीन समपारों का भी सुरक्षा निरीक्षण
डीआरएम ने रेलखंड के विभिन्न समपारों का भी निरीक्षण किया। समपार संख्या 25-सी पर गेट की साफ-सफाई, स्पीड ब्रेकर, गेटमैन के पीएमई और बूम की स्थिति की जांच की गई। बूम में आवश्यक मरम्मत कराने का निर्देश दिया गया।
समपार संख्या 14-सी/2ई पर गेटमैन संजय सिंह से संरक्षा ज्ञान की जांच की गई। आपात स्थिति में ट्रेन रोकने की रेलवे प्रक्रिया और नियमों से संबंधित जानकारी ली गई। उनके संतोषजनक संरक्षा ज्ञान को देखते हुए उत्साहवर्धन के लिए 2,000 रुपये के पुरस्कार की घोषणा की गई। इसी क्रम में समपार संख्या 8-सी/2ई पर गेटमैन चन्द्र भान राजभर से संरक्षा संबंधी जानकारी ली गई और गेट के सुचारु संचालन, स्वच्छता एवं बेहतर रख-रखाव के निर्देश दिए गए।
निर्माणाधीन रेलवे कॉलोनी भी देखी
गाजीपुर घाट स्थित निर्माणाधीन रेलवे कॉलोनी का निरीक्षण करते हुए डीआरएम ने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का पालन करते हुए कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने का निर्देश दिया। साथ ही कार्य पूरा होने के बाद रेलवे कर्मचारियों को आवास जल्द आवंटित करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
गाजीपुर घाट स्टेशन पर लीकेज ठीक कराने का निर्देश
गाजीपुर घाट स्टेशन पर केंद्रीकृत स्टेशन पैनल, वीडर काउंटर, रिले रूम, लॉक एंड ब्लॉक इंस्ट्रूमेंट, एक्सल काउंटर और आईपीएस रूम सहित विभिन्न संरक्षा उपकरणों का निरीक्षण किया गया। इसके अलावा विफलता और अनुरक्षण रजिस्टर, रिले रूम चाबी हस्तांतरण रजिस्टर, पॉइंट्स एंड क्रॉसिंग रजिस्टर तथा स्टेशन वर्किंग रूल की भी जांच की गई।
स्टेशन के प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया और प्रतीक्षालय का निरीक्षण करते समय ड्रेन पाइप में लीकेज पाया गया। डीआरएम ने इसे शीघ्र ठीक कराने का निर्देश दिया और स्टेशन पर यात्री सुविधाओं तथा संरक्षा व्यवस्था को निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखने को कहा।
सुरक्षित परिचालन और यात्री सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता
निरीक्षण के दौरान डीआरएम आशीष जैन ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि ट्रेनों का सुरक्षित एवं सुचारु परिचालन, संरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन, स्वच्छता और यात्रियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता रहे।
निरीक्षण में वरिष्ठ मंडल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर (समन्वय) यशवीर सिंह, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर द्वितीय ब्रह्मानंद, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) कुंवर सिंह यादव, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक बालेन्द्र पाल, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी आशुतोष पाण्डेय सहित संबंधित वरिष्ठ पर्यवेक्षक मौजूद रहे।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
- September 23, 2026छपराछपरा जंक्शन और गौतमस्थान स्टेशन का DRM ने किया विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण
- September 23, 2026क्राइमएक लड़की, दो आशिक और खूनी खेल; छपरा में युवक की हत्या, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
- September 22, 2026क्राइमCrime News: छपरा शहर में मुजफ्फरपुर के युवक की बेरहमी से हत्या, SSP ने की मामले की जांच
- September 20, 2026क्राइमसारण में शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लाखों रूपये के शराब के साथ 17 करोबारी दबोचे गए



