छपरा

सारण में अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ कार्रवाई के लिए SDPO के स्तर पर बनेगी डेडिकेटेड टीम

अब सिर्फ वाहन पकड़ना नहीं, जुर्माने की आखिरी वसूली तक होगी कार्रवाई: डीएम

छपरा। सारण जिले में अवैध खनन, ओवरलोडिंग और खनन राजस्व की चोरी के खिलाफ प्रशासन अब और सख्त कार्रवाई की तैयारी में है। जिला समाहर्ता वैभव श्रीवास्तव ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि अवैध खनन एवं परिवहन से जुड़े मामलों में केवल वाहन पकड़ना या जुर्माना लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि कार्रवाई को वास्तविक वसूली और अंतिम निष्पादन तक पहुंचाना होगा। उन्होंने सभी लंबित मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखते हुए उनके तार्किक निष्कर्ष यानी ‘लॉजिकल एंड’ तक पहुंचाने का निर्देश दिया।

जिला समाहर्ता की अध्यक्षता में शुक्रवार को खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में खनन विभाग से संबंधित राजस्व वसूली, पेनाल्टी, अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई, जब्त वाहनों के निष्पादन, नीलाम पत्रवाद, ओवरलोडिंग तथा बालू घाटों की बंदोबस्ती सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली का निर्देश

बैठक में जिला समाहर्ता ने खनन मद में निर्धारित राजस्व एवं पेनाल्टी की वसूली की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली सुनिश्चित करने तथा इसमें तेजी लाने का निर्देश दिया।

बैठक के दौरान जिला खनन पदाधिकारी ने न्यायालय से जब्त वाहनों के छूट जाने से संबंधित मामलों की जानकारी दी। इस पर जिला समाहर्ता ने निर्देश दिया कि ऐसे मामलों में नियमानुसार नीलाम पत्रवाद की प्रक्रिया प्रारंभ की जाए और मामले को अंतिम वसूली अथवा रियलाइजेशन तक पहुंचाया जाए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रत्येक मामले को उसके तार्किक निष्कर्ष तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए और किसी भी मामले को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए।

ओवरलोडिंग पर वाहन सीज, जुर्माने की वास्तविक वसूली जरूरी

जिला समाहर्ता ने ओवरलोडिंग के मामलों को लेकर भी कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमों के अनुसार वाहनों को सीज करने और निर्धारित जुर्माना लगाने का निर्देश दिया।उन्होंने कहा कि केवल फाइन लगाना ही कार्रवाई की समाप्ति नहीं मानी जाएगी। प्रवर्तन कार्रवाई तभी पूर्ण मानी जाएगी, जब लगाए गए जुर्माने की राशि की वास्तविक वसूली भी सुनिश्चित हो जाए।

नीलाम पत्रवाद के लंबित मामलों पर होगी कार्रवाई

बैठक में नीलाम पत्रवाद से संबंधित मामलों की भी समीक्षा की गई। जिला समाहर्ता ने संबंधित पदाधिकारियों को लंबित मामलों में समय पर जवाब दाखिल करने और नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।इसके साथ ही जब्त अथवा राजसात किए गए वाहनों को नियमानुसार नीलाम करने और नीलाम पत्रवाद के माध्यम से देय राशि की वसूली सुनिश्चित करने को कहा गया।

गलत नंबर और नंबर बदलकर चलने वाले वाहनों की होगी जांच

खनन से जुड़े मामलों में जब्त किए गए वाहनों की स्थिति की समीक्षा करते हुए जिला समाहर्ता ने जिला परिवहन पदाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने पकड़े गए खनन वाहनों पर मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करने और ऐसे वाहनों की सूची तैयार करने को कहा।जिले में नंबर बदलकर अथवा गलत नंबर के आधार पर वाहनों के परिचालन की शिकायतों को भी गंभीरता से लिया गया। जिला समाहर्ता ने ऐसे मामलों की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

एसडीपीओ स्तर पर बनेगी डेडिकेटेड टीम

अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई को और प्रभावी बनाने के लिए जिला समाहर्ता ने एसडीपीओ स्तर पर डेडिकेटेड टीम गठित करने का निर्देश दिया। यह टीम खनन विभाग और संबंधित प्रवर्तन एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर अवैध खनन एवं परिवहन के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करेगी। संवेदनशील मार्गों और स्थानों पर आवश्यकता के अनुसार हाइट बैरियर लगाने तथा अवैध खनन में प्रयुक्त वाहनों की आवाजाही पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।

जब्त वाहनों के लिए बनेगा पार्किंग और यार्ड

बैठक में खनन कार्य में प्रयुक्त और कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग एवं यार्ड की व्यवस्था पर भी चर्चा हुई।

जिला समाहर्ता ने संबंधित अधिकारियों को उपयुक्त स्थान चिन्हित कर पार्किंग अथवा यार्ड की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिन क्षेत्रों में खनन प्लांट संचालित हैं, वहां भी आवश्यकता के अनुसार यार्ड विकसित करने को कहा गया।

संबंधित अंचल अधिकारियों को खनन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर यार्ड निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित करने का निर्देश दिया गया।

बालू घाटों की बंदोबस्ती के लिए होगा व्यापक प्रचार-प्रसार

बैठक में खनन मद में रॉयल्टी वसूली की भी समीक्षा की गई। जिला समाहर्ता ने निर्धारित राजस्व की वसूली में तेजी लाने का निर्देश दिया।

इसके साथ ही जिले में बालू घाटों की बंदोबस्ती की स्थिति की समीक्षा की गई। जिन घाटों की बंदोबस्ती अभी तक नहीं हुई है, उनके लिए नियमानुसार लगातार प्रकाशन और व्यापक प्रचार-प्रसार कराने का निर्देश दिया गया, ताकि अधिक से अधिक इच्छुक व्यक्ति अथवा एजेंसियां बंदोबस्ती प्रक्रिया में भाग ले सकें।

जनप्रतिनिधियों से समन्वय कर मिलेगी अवैध खनन की सूचना

जिला समाहर्ता ने सभी अनुमंडल एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों तथा संबंधित थानाध्यक्षों को स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि खनन विभाग से संबंधित कार्यों में स्थानीय स्तर पर सहयोग लिया जाए और अवैध खनन या परिवहन की सूचना मिलने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

कोई भी मामला अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहेगा

बैठक के अंत में जिला समाहर्ता ने कहा कि अवैध खनन, ओवरलोडिंग और खनन राजस्व की चोरी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के साथ-साथ जब्त वाहनों एवं लंबित मामलों का नियमानुसार निष्पादन बेहद आवश्यक है।

उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि कोई भी मामला अनावश्यक रूप से लंबित न रहे। प्रत्येक कार्रवाई को अंतिम निष्पादन और वास्तविक वसूली तक पहुंचाते हुए उसके तार्किक निष्कर्ष तक ले जाना सुनिश्चित किया जाए।

Author Profile

Ganpat Aryan
Ganpat Aryan
वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।

Ganpat Aryan

वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।

Related Articles

Back to top button